मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कथित लव जिहाद हमला मामले में पुलिस ने अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच में अभी तक आरोपियों का बजरंग दल या किसी अन्य दक्षिणपंथी संगठन से लिंक सामने नहीं आया है। बीतें दिनों इन आरोपियों ने एक 29 वर्षीय युवक के साथ मारपीट की थी, जो एक एक हिंदू महिला मित्र से मिलने होटल पहुंचा था। उन्होंने बीच सड़क पर मारपीट के बाद उसके कपड़े उतरवा दिए थे और चेहरे पर गोबर पोतकर उसे सड़क पर घुमाया था।
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। गोविंदपुरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि गिरफ्तार सात आरोपियों में एक नाबालिग है। अन्य आरोपियों की पहचान बृजेंद्र प्रजापति, प्रतीक चौकसे, लालाराम मीणा, रमेश, अजय और अमन के रूप में हुई है।
पुराने आपराधिक मामलों में पीड़ित गिरफ्तार
एसएचओ ने कहा, “दक्षिणपंथी संगठनों के प्रतिनिधियों ने हमें बताया है कि उनका संगठन अनुशासित है और ये लोग उनके सदस्य नहीं हैं।” इधर, पीड़ित मुस्लिम युवक को भी अन्य पुराने मामलों में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक वह हाल ही में जेल से बाहर आया था और मोबाइल चोरी के दो मामलों में वांछित था। एसएचओ तोमर ने कहा, “जब यह जानकारी सामने आई तो हमने उसे गिरफ्तार कर लिया।”
पुलिस के अनुसार युवक और उसकी महिला मित्र दोनों ने बयान दिया है कि वे अपनी मर्जी से होटल गए थे और उन्होंने किसी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया था। इस मामले में एफआईआर स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद उवैस रहमानी की शिकायत पर दर्ज की गई। रहमानी ने कहा कि वायरल वीडियो देखकर वह बेहद आहत हुए और उन्होंने पुलिस स्टेशन जाकर युवक से बात की।
रहमानी के मुताबिक युवक ने उन्हें बताया कि वह अपनी महिला मित्र से मिलने होटल गया था लेकिन सिर्फ मुस्लिम होने के कारण उसके साथ मारपीट की गई और उस पर झूठा “लव जिहाद” का आरोप लगाया गया। रहमानी ने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा, “मैं उस युवक को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता। मैंने शिकायत इसलिए की क्योंकि इस घटना से मुस्लिम समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं।”
बजरंग दल का सदस्य बताकर की मारपीट
शिकायत में कहा गया है कि कुछ लोगों ने खुद को बजरंग दल से जुड़ा बताते हुए युवक को रोका। आरोप है कि उन्होंने युवक के कपड़े जबरन उतरवाए, चेहरे पर काला रंग और गोबर लगाया। साथ ही सार्वजनिक रूप से उसका अपमान किया। शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपियों ने भीड़ जुटाई, वीडियो रिकॉर्ड किए और धर्म विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाए, जिससे युवक और मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
रहमानी की शिकायत के अनुसार युवक ने कहा कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसे सड़क पर घुमाया, मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत में कहा गया है कि पीड़ित को शारीरिक चोटें आईं और वह गहरे मानसिक आघात से गुजरा। साथ ही इस घटना से उसके परिवार में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया।
घटना के वीडियो सोशल मीडिया और विभिन्न समाचार प्लेटफॉर्म पर भी वायरल हुए। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों की हरकतें न सिर्फ पीड़ित की गरिमा और मौलिक अधिकारों पर हमला हैं बल्कि संविधान की भावना के भी खिलाफ हैं। साथ ही इस घटना से मुस्लिम समुदाय में गहरा आक्रोश पैदा हुआ है और इससे शहर के सामाजिक माहौल पर असर पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें – भोपाल: भीड़ ने की युवक की पिटाई, महिला संग होटल में मिलने पर हंगामा, पुलिस ने की कार्रवाई
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां अल्पसंख्यक समुदाय के एक युवक के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की गई। भीड़ ने उसके कपड़े उतरवाए और चेहरे पर कालिख व गोबर पोत दी। पुलिस के अनुसार युवक को रविवार शाम एक होटल में दूसरे समुदाय की महिला के साथ रंगे पकड़ने के बाद कुछ लोगों ने हमला कर दिया। पूरी खबर पढ़ें…
