बीते हफ्ते बिहार के पश्चिम चंपारण में 16 मई को जयप्रकाश शाह नाम के एक शख्स की हत्या कर दी गई थी। जयप्रकाश, पेशे से ठेकदार थे। इस मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए आरजेडी नेत्री पल्लवी ठाकुर उर्फ निराली, पति अवनीश और एक सुपारी किलर राजीव सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्याकांड के बारे में बताया कि जयप्रकाश की हत्या अवैध संबंधों के चलते हुई थी। हालांकि, इस कांड में जिस पल्लवी ठाकुर उर्फ निराली का नाम सामने आ रहा है, उसकी जिंदगी किसी फिल्मी कहानी जैसी ही है।
भोजपुरी फिल्मों में किया काम, बनना था MLA: पल्लवी ठाकुर उर्फ निराली कभी भोजपुरी फिल्मों और टीवी सीरियलों में काम किया करती थी। काफी समय तक पल्लवी ने फिल्मी दुनिया में काम किया लेकिन वह करियर को अच्छे ढंग से आगे नहीं ले पाई। ऐसे में उन्होंने अपना घर बसा लिया, हालांकि, यह खुशी भी ज्यादा दिन नहीं टिकी और उसके पति की मौत हो गई। इसी क्रम में उसे राजनीति रास आई और विधायक बनने का ख्वाब पाल बैठी। राजनीति में पारी उसकी ठीक-ठाक रही और वह आरजेडी की जिला स्तर की नेत्री बन गई।
दूसरे पति ने छोड़ा तो अवनीश से रचाई तीसरी शादी: जिला स्तर की नेत्री बनने के बाद आरजेडी में भी पल्लवी ने अपनी पहुंच बनाई। इसी बीच पल्लवी उर्फ निराली ने दूसरी शादी की। लेकिन शादी के कुछ दिन बाद ही चाल-चरित्र ठीक नहीं दिखे तो दूसरे पति ने दामन छोड़ दिया। पल्लवी को भी कुछ भी ज्यादा फर्क नहीं पड़ा। इसी दौरान उसकी मुलाकात अवनीश सिंह से हुई जिनसे निराली ने तीसरी शादी रचाई। पल्लवी की तीसरी शादी से दो बच्चे हुए जबकि पहले पति से भी उसकी एक बेटी थी।
ठेकेदार से थे अवैध संबंध: पल्लवी ठाकुर उर्फ निराली, अवनीश सिंह के साथ शादी के बंधन में थी। लेकिन उसके ठेकेदार जयप्रकाश शाह से अवैध संबंध थे। तीसरे पति अवनीश ने जब इस बात का विरोध किया तो पल्लवी ने उसे जयप्रकाश के साथ मिलकर जान से मारने के धमकी दे डाली। जयप्रकाश शाह पल्लवी को विधायक बनवाने की बात करता था और माना जाता है कि उसने ही निराली की पार्टी में एंट्री करवाई थी।
सुपारी किलर से करवाई जयप्रकाश की हत्या: ठेकेदार जयप्रकाश की हत्या में पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि मृतक के आरजेडी नेत्री पल्लवी ठाकुर के साथ अवैध संबंध थे। इस संबंध से पति को ऐतराज था, लेकिन विरोध करने के चलते ठेकेदार उसे कई बार धमका भी चुका था। लेकिन फिर पल्लवी ने पति अवनीश के साथ मिलकर ठेकेदार जयप्रकाश को ही मारने की सुपारी एक कॉन्ट्रैक्ट किलर राजीव सिंह को दे दी। पुलिस ने बताया कि 16 मई को जब ठेकदार पटना जा रहा था, तभी घात लगाकर बदमाशों ने उसकी हत्या कर दी थी।