Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली से शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, यहां कक्षा 8वीं में पढ़ने वाली 14 साल की छात्रा के साथ दो आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता उस समय बकरी चराने गई थी। पुलिस ने छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दो आरोपी युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। मामले में पुलिस ने बताया कि एक आरोपी की पहचान हो गई है जबकि दूसरे की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। पुलिस अधीक्षक (उत्तर) मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि यह घटना रविवार शाम को हुई। उन्होंने बताया, “छात्रा अपने पड़ोस में रहने वाले आठ साल के लड़के के साथ बकरियां चरा रही थी। एक आरोपी अपने एक दोस्त के साथ वहां पहुंचा और दोनों लड़की को जबरन खींचकर एक खेत में ले गए।”
मां के पहुंचने से पहले भागे आरोपी
अधिकारी ने बताया, “छात्रा के साथ मौजूद लड़के ने घटना की जानकारी उसकी मां को दी, जो करीब आधा किलोमीटर दूर घास काट रही थीं। जब उसकी मां वहां पहुंचीं, तो दोनों आरोपी भाग चुके थे। बाद में छात्रा ने अपने परिवार को घटना के बारे में बताया।”
पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर नवाबगंज थाने में सामूहिक दुष्कर्म और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम सहित भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पीड़िता का बयान दर्ज करने के बाद, पुलिस ने उसे मेडिकल जांच के लिए ज़िला अस्पताल भेजा।
दूसरे आरोपी की पहचान करने में जुटी पुलिस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें और विशेष अभियान समूह (एसओजी) को तैनात किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस पीड़िता के बयान के आधार पर दूसरे आरोपी की पहचान करने की भी कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें- दुष्कर्म से गर्भवती हुई 11 साल की छात्रा ने बच्ची को दिया जन्म, मां को प्रेग्नेंसी की नहीं था पता
हरियाणा के यमुनानगर जिले में 11 साल की दुष्कर्म पीड़िता ने बुधवार को सिविल अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया। वह कक्षा पांचवी की छात्रा है। इस मामले में अधिकारियों ने बताया कि प्रसव सामान्य तरीके से हुआ और जच्चा-बच्चा दोनों की हालत स्थिर है। और अधिक पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
