केरल में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने घर में सोई हुई अपनी पत्नी और किशोरी बेटी पर तेजाब डाल दिया। पुलिस ने शनिवार (14 सितंबर) को यह जानकारी दी। आरोपी को कथित रूप से अपनी पत्नी की वफादारी पर शक था। घटना शुक्रवार (13 सितंबर) तड़के हुई। पुलिस ने कहा कि 36 वर्षीय कामकाजी महिला अपनी 17 वर्षीय बेटी के साथ सोई हुई थी, तब आरोपी कमरे में घुसा और उन पर तेजाब उड़ेल दिया।
पूर्व नियोजित था हमलाः उन्होंने कहा कि महिला के चेहरा और गर्दन का 30 प्रतिशत हिस्सा जल गया जबकि उसकी बेटी का हाथ मामूली रूप से जख्मी हो गया। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी बेटी को प्राथमिक उपचार दिया गया है। पुलिस ने कहा कि हमला पूर्व-नियोजित था।
National Hindi News 15 September 2019 LIVE Updates: दिन भर की बड़ी खबर के लिए यहां क्लिक करें
पत्नी पर शक करता था आरोपीः उन्होंने कहा कि कोयंबटूर में कार्यरत आरोपी फरार है। उन्होंने कहा कि आरोपी को अपनी पत्नी पर शक था। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इससे पहले बिहार के मुंगेर में एक शख्स द्वारा मायके से पैसे न लाने पर अपनी पत्नी पर तेजाब फेंकने का मामला सामने आया था। जिस समय महिला के पति ने उस पर हमला किया था वह सोई हुई थी। तेजाब फेंककर आरोपी मौके से फरार हो गया।
इसके बाद तेजाब से जलने से तड़पती महिला को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए उसके परिजनों द्वारा भर्ती करवाया गया। जानकारी के मुताबिक महिला पर बैटरी में इस्तेमाल किए जाने वाला एसिड फेंका गया था। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया और आरोपी शख्स को उसके पैतृक घर गिरफ्तार कर लिया गया।