Sidhu Moosewala Murder Case : पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moose Wala) हत्याकांड मामले में मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ (Goldy Brar) को कैलिफोर्निया (California) से हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आ रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसके बारे में जानकारी देते हुए कहा कि जल्द बराड़ को भारत लाए जाने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए केंद्र सरकार को लिखेंगे। जानकारी सामने आने के बाद सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने खुशी जाहिर की है।
भगवंत मान ने क्या कहा ?
भगवंत मान ने अहमदाबाद में इस बारे में बात करते हुए कहा कि कैलिफोर्निया पुलिस ने उनसे संपर्क किया है। जल्द ही गोल्डी बराड़ को भारत लाकर सख्त सजा दी जाएगी। इससे सैकड़ों परिवारों को न्याय मिल सकेगा। भगवंत मान ने कहा कि गैंगस्टर गोल्डी बराड़ कई संगीन मामलों में वांडेट है। उसके पकड़े जाने से पंजाब सूबे में गैंगस्टर कल्चर को खत्म करने में मदद मिलेगी। उन्होंने ऐसे गैंगस्टर अकाली दल और बीजेपी गठबंधन के राज में पंजाब में पैदा हुआ। इन तत्वों को बाद में कांग्रेस की सरकार ने पनाह दी।
अमेरिका में गोल्डी बराड़ को हिरासत में लिए जाने के बारे में भारत की खुफिया एजेंसियों के सूत्रों से जानकारी सामने आई थी। हालांकि अभी कैलिफोर्निया की ओर से भारत सरकार को इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। 29 मई को हुई सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद इसका मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ को बताया गया था।
सिद्धू मूसेवाला के पिता ने की थी पुलिस से अपील
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की मौत के छह महीने बाद उनके पिता बलकौर सिंह ने गुरुवार को पंजाब सरकार और पुलिस से गोल्डी बराड़ के बारे में जानकारी देने वाले को 2 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा करने की मांग की थी। वेरका में एक धार्मिक समारोह के लिए अमृतसर बलकौर सिंह ने इस दौरान कहा था कि अगर पंजाब सरकार के पास पैसा नहीं है तो वह अपनी जेब से इनाम देने को तैयार हैं। सिद्धू मूसेवाला की 29 मई को मानसा जिले के ज्वाहरके गांव में हत्या कर दी गई थी। कनाडा का रहने वाला गोल्डी बराड़ मूसेवाला हत्याकांड का मुख्य आरोपी है।
दो करोड़ के इनाम की घोषणा करे सरकार
पंजाब सरकार की आलोचना करते हुए बलकौर सिंह ने कहा कि उनकी मृत्यु के बाद भी सरकार 2 करोड़ रुपये का आयकर वसूल रही है जो मूसेवाला हर साल देता था। जबकि सरकार को गोल्डी बराड़ को गिरफ्तार करने और गैंगस्टर को गिरफ्तार करने के लिए कदम उठाने वाले व्यक्ति को 2 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा करनी चाहिए।
अमेरिका के California में हिरासत में लिया गया मास्टर माइंड Gangster Goldy Brar, देखें Video
ऑस्ट्रेलियाई सरकार का उदाहरण देते हुए बलकौर सिंह ने भारतीय मूल के राजविंदर सिंह की गिरफ्तारी के लिए 1 मिलियन डॉलर (5 करोड़ रुपये) के इनाम की घोषणा का जिक्र करते हुए यह बात कही थी।
उन्होने कहा कि 2018 में एक पंजाबी ने ऑस्ट्रेलिया में एक लड़की को मार डाला और पंजाब में छिप गया लेकिन ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने 1 मिलियन का इनाम घोषित किया। आरोपी कुछ दिन पहले पकड़ा गया था। इसी तरह गोल्डी बराड़ को पकड़ने के लिए भी इनाम की घोषणा की जानी चाहिए।