Wholesale Inflation: थोक महंगाई दर को लेकर बड़ा अपडेट आया है। सितंबर में थोक महंगाई दर बढ़कर 11.39% पर पहुंच गई, जबकि अगस्त में यह 9.92% थी। बुधवार को जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, खाने-पीने की चीजों, मैन्युफैक्चर्ड सामानों और ईंधन व बिजली की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते महंगाई दर में यह उछाल आया है।

खाने-पीने की चीजों की महंगाई दर भी बढ़ी है। अगस्त में यह 7.05% थी, जो सितंबर में बढ़कर 8.66% हो गई। मैन्युफैक्चर्ड सामानों के मामले में थोक महंगाई दर 9.76% के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई, जो अगस्त में 8.37% थी। ईंधन और बिजली की श्रेणी में थोक मूल्य सूचकांक (WPI) पर आधारित महंगाई दर सितंबर में 25.85% रही, जबकि पिछले महीने यह 22.93% थी।

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने WPI डेटा जारी करते हुए बताया कि सितंबर 2026 में जिन चीजों ने WPI महंगाई दर को बढ़ाने में मुख्य भूमिका निभाई, उनमें मिनरल ऑयल (पेट्रोलियम उत्पादों सहित), खाने-पीने की चीजें, कच्चा तेल और प्राकृतिक गैस, कोयला और लिग्नाइट, बेसिक मेटल, केमिकल और केमिकल उत्पाद, टेक्सटाइल, रबर और प्लास्टिक उत्पाद और बिजली के उपकरण शामिल हैं।

समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, इस वित्त वर्ष की शुरुआत से ही WPI में बढ़ोतरी का रुझान देखा जा रहा है। इसकी वजह पश्चिम एशिया में युद्ध और उसके कारण होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) की नाकेबंदी है। भारत में ज़्यादातर कच्चा तेल इसी रास्ते से आता है। इस नाकेबंदी से वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और फर्टिलाइज़र की कीमतें बढ़ गईं, जिसका असर खाने-पीने की चीजों और कमोडिटी की कीमतों पर भी पड़ा।

भारतीय रिजर्व बैंक की मॉनेटरी पॉलिसी कमिटी ने पिछले हफ्ते बेंचमार्क पॉलिसी दरों में 25 बेसिस पॉइंट (bps) की बढ़ोतरी करके उन्हें 5.50% कर दिया था। इस हफ्ते की शुरुआत में जारी रिटेल महंगाई के आंकड़ों से पता चला है कि खाने-पीने की चीजों की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी के कारण सितंबर में महंगाई दर अगस्त के 4.83 प्रतिशत से बढ़कर 5.54 प्रतिशत हो गई, जो पिछले 23 महीनों में सबसे ज्यादा है।

यह भी पढ़ें: रिटेल महंगाई अगस्त के 4.83% से बढ़कर सितंबर में 5.54% पर पहुंची

सितंबर महीने में खुदरा महंगाई दर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, खुदरा महंगाई दर अगस्त में 4.83 फीसदी थी, जो सितंबर में बढ़कर 5.54 फीसदी हो गई। महंगाई दर में इस बढ़ोतरी से आम लोगों के घरेलू बजट पर दबाव बढ़ने की चिंता भी बढ़ गई है। यहां पढ़ें पूरी खबर…