एलन मस्क ने बढ़ाई फेसबुक के फाउंडर की मुश्किलें, मुकेश अंबानी को फायदा
World Richest Person Elon Musk: एलन मस्क की अपील की वजह से व्हाट्सऐप को खरीदने वाले फेसबुक के फाउंडर मार्क जकरबर्ग की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप व्हाट्सऐप की नई पॉलिसी के खिलाफ दुनियाभर में मुहिम छिड़ी हुई है। कई लोग व्हाट्सऐप के नए विकल्प का रुख कर रहे हैं। वहीं, दुनिया से सबसे अमीर शख्स एलन मस्क ने भी लोगों से मैसेजिंग ऐप सिग्नल (Signal) अपनाने की अपील की है। एलन मस्क की अपील की वजह से व्हाट्सऐप को खरीदने वाले फेसबुक के फाउंडर मार्क जकरबर्ग की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
मार्क जकरबर्ग को बड़ा नुकसान: ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक मार्क जकरबर्ग की संपत्ति में गिरावट आई है। सिर्फ सोमवार की बात करें तो 430 मिलियन डॉलर का नुकसान हो चुका है। वहीं जकरबर्ग की संपत्ति अब घटकर 101 बिलियन डॉलर के स्तर पर आ गई है। मार्क जकरबर्ग अरबपतियों की सूची में अभी पांचवें स्थान पर हैं लेकिन जिस हिसाब से संपत्ति में गिरावट आ रही है, ऐसी आशंका है कि उन्हें चीन के झोंग शॉन्शॉन पछाड़ देंगे।
आपको बता दें कि झोंग शॉन्शॉन की कुल संपत्ति 95 बिलियन डॉलर से ज्यादा है और वह रैंकिंग में मार्क जकरबर्ग के पीछे यानी 6वें स्थान पर हैं। इन दोनों अरबपतियों के बीच दौलत का अंतर 6 बिलियन डॉलर से भी कम का है। चीन के झोंग शॉन्शॉन की संपत्ति में रॉकेट की तरह तेजी देखने को मिल रही है। उनकी संपत्ति में सिर्फ सोमवार को 2 बिलियन डॉलर की बढ़त देखने को मिली।
एलन मस्क दुनिया के सबसे दौलतमंद: दौलतमंद अरबपतियों की सूची में टेस्ला के सीईओ एलन मस्क शीर्ष पर बरकरार हैं। एलन मस्क की संपत्ति 210 बिलियन डॉलर के करीब है। वहीं, दूसरे स्थान पर अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस हैं। जेफ बेजोस की संपत्ति 186 बिलियन डॉलर है। तीसरे स्थान पर बिल गेट्स, चौथे स्थान पर बर्नाड आर्नाल्ट हैं।
मुकेश अंबानी फायदे में: इस बीच, भारत के मुकेश अंबानी की संपत्ति में करीब 1 बिलियन डॉलर का सुधार होता दिखा है। सोमवार को जिस रफ्तार से मुकेश अंबानी की संपत्ति बढ़ी है, जल्द ही उनकी रैंकिंग भी 12वीं हो सकती है। फिलहाल, मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति 74.3 बिलियन डॉलर है।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।