Wipro Q2 Results: आईटी कंपनी विप्रो ने 15 अक्टूबर को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी का रेवेन्यू पिछले साल के मुकाबले 9.1% बढ़कर 24,752.7 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने 22,697.3 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया था।

हालांकि, रेवेन्यू बढ़ने के बावजूद विप्रो का मुनाफा घट गया है। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी को 3,200.6 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 3,246.2 करोड़ रुपये था। यानी कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 1.4% कम रहा।

आईटी सेवाओं का परिचालन मार्जिन साल-दर-साल 0.2 प्रतिशत अंक गिरा

सितंबर तिमाही में विप्रो की आईटी सेवाओं का परिचालन मार्जिन 16.5 प्रतिशत रहा, जो पिछली तिमाही की तुलना में 0.5 प्रतिशत अंक अधिक है, लेकिन पिछले वर्ष की तुलना में 0.2 प्रतिशत अंक कम है।

प्रति शेयर आय में पिछले वर्ष की इसी तिमाही के 3.10 रुपये की तुलना में 4.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 3.23 रुपये हो गई। परिचालन नकदी प्रवाह में क्रमिक रूप से 61.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 5,300 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो तिमाही के शुद्ध लाभ का 165.8 प्रतिशत है।

तीसरी तिमाही में आईटी सेवाओं के राजस्व में वृद्धि का अनुमान

31 दिसंबर, 2026 को समाप्त तिमाही के लिए, विप्रो को अपने आईटी सेवा व्यवसाय से रेवेन्यू 2.571 बिलियन डॉलर से 2.625 बिलियन डॉलर के बीच रहने की उम्मीद है। कंपनी ने कहा कि स्थिर मुद्रा के संदर्भ में इसका मतलब क्रमिक रूप से -1.5% से 0.5% की वृद्धि है।

इस साल 30% से ज्यादा गिरे शेयर

गुरुवार को विप्रो का शेयर 1.83% की बढ़त के साथ 174.05 रुपये पर बंद हुआ। इस साल 2026 में अब तक कंपनी का शेयर 34.9% गिर चुका है। विप्रो का मार्केट कैप लगभग 1.72 लाख करोड़ रुपये है।

10 साल में मोदी सरकार ने कौन-कौन से बड़े विनिवेश किए?

केंद्र सरकार ने बुधवार को आईडीबीआई बैंक की बड़ी हिस्सेदारी को कनाडा की कंपनी फेयरफैक्स बेचने की मंजूरी दे दी। इस फैसले के तहत सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) मिलकर बैंक में अपनी 60.72% हिस्सेदारी कनाडाई कंपनी ‘कनाडा इंक’ को बेचेंगे, जिसकी पैरेंट कंपनी फेयरफैक्स है। यह डील लगभग 52,878 करोड़ रुपए में होने का प्रस्ताव है। यहां पढ़ें पूरी खबर…

[डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से निवेश सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। Jansatta.com अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।]