ईंधन, बिजली और कच्चे पेट्रोलियम की कीमतों में तेज बढ़ोतरी के चलते अप्रैल में थोक महंगाई दर (WPI Inflation) बढ़कर 8.30% पहुंच गई। मार्च में यह 3.88% थी।

थोक मूल्य सूचकांक (WPI) पर आधारित ईंधन और बिजली क्षेत्र की महंगाई अप्रैल में बढ़कर 24.71 प्रतिशत हो गई, जो मार्च में 1.05 प्रतिशत थी। कच्चे पेट्रोलियम के मामले में अप्रैल में महंगाई 88.06 प्रतिशत रही, जबकि पिछले महीने यह 51.5 प्रतिशत थी।

होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित

WPI महंगाई में आई यह तेज बढ़ोतरी पश्चिम एशिया संकट के असर को दिखाती है। खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हुई है। भारत अपना बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से आयात करता है।

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, खाद्य पदार्थों में महंगाई अप्रैल में 1.98 प्रतिशत रही, जबकि मार्च में यह 1.90 प्रतिशत थी। गैर-खाद्य पदार्थों में, अप्रैल के दौरान महंगाई बढ़कर 12.18 प्रतिशत हो गई, जो पिछले महीने 11.5 प्रतिशत थी।

मंत्रालय ने क्या कहा?

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “अप्रैल 2026 में महंगाई की सकारात्मक दर मुख्य रूप से खनिज तेल, कच्चा पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस, मूल धातुएं, अन्य विनिर्माण और गैर-खाद्य पदार्थों आदि की कीमतों में वृद्धि के कारण है।”

अप्रैल में रसोई गैस (LPG) महंगाई दर बढ़कर 10.92% हो गई, जो मार्च में गिरावट के साथ -1.54% थी। वहीं पेट्रोल की महंगाई 32.40% और हाई-स्पीड डीजल की 25.19% दर्ज की गई।

ईंधन और घरेलू LPG की दरें स्थिर

वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में 50% की वृद्धि के बावजूद, सरकार ने अब तक ईंधन और घरेलू LPG की दरों को स्थिर रखा है, ताकि परिवारों को पेट्रोल, डीजल और LPG की खुदरा कीमतों में वृद्धि के प्रभाव से बचाया जा सके। हालांकि, कमर्शियल LPG सिलेंडरों की कीमतें बढ़ा दी गई हैं।

यह भी पढ़ें: CNG की कीमतों में बढ़ोतरी

गुरुवार को मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में सीएनजी की कीमतें बढ़ा दी गईं। महानगर गैस लिमिटेड ने अपनी वेबसाइट पर नई दरें जारी कीं। पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति के कारण पैदा हुई रुकावटों के बावजूद, भारत सरकार ने पेट्रोल, डीज़ल और घरेलू LPG की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। इस युद्ध के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला पर भारी दबाव पड़ा है, जिससे खरीद लागत और कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गई हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…