टाटा ग्रुप की रिटेल कंपनी ट्रेंट अपने फैशन बिजनेस को तेजी से आगे बढ़ाने की तैयारी में है। इसी बीच कंपनी की प्रमुख फैशन रिटेल चेन वेस्टसाइड (Westside) में एक अहम बदलाव देखने को मिल सकता है। माया टाटा जल्द ही वेस्टसाइड के ई-कॉमर्स मार्केटिंग की जिम्मेदारी संभाल सकती हैं।

माया टाटा ने हाल ही में टाटा डिजिटल से इस्तीफा दिया है। माना जा रहा है कि डिजिटल कॉमर्स और ऑनलाइन रिटेल में उनका अनुभव वेस्टसाइड की ऑनलाइन ग्रोथ को रफ्तार देने में अहम भूमिका निभा सकता है। यह संभावित बदलाव ऐसे समय में सामने आया है, जब ट्रेंट अपने डिजिटल कारोबार और अंतरराष्ट्रीय विस्तार पर जोर बढ़ा रही है।

ईटी की एक रिपोर्ट के अनुसार, माना जा रहा है कि 37 साल की माया ने यह कदम अपने पिता नोएल टाटा की सलाह पर उठाया है। नोएल टाटा फिलहाल ट्रेंट के चेयरमैन हैं और इस साल नवंबर में इस पद से रिटायर होने वाले हैं। हालांकि, ट्रेंट ने इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

माया टाटा कौन हैं?

माया टाटा, नोएल टाटा की बेटी और दिवंगत रतन टाटा की भतीजी हैं। उन्होंने ब्रिटेन के बेयस बिजनेस स्कूल से पढ़ाई की है और वारविक यूनिवर्सिटी से भी डिग्री हासिल की है। माया टाटा ग्रुप में कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं और उन्हें डिजिटल बिजनेस का अनुभव है।

माया के भाई नेविल टाटा भी ट्रेंट के कारोबार में अहम भूमिका निभा रहे हैं। वे कंपनी के हाइपरमार्केट बिजनेस ‘स्टार बाजार’ के प्रमुख हैं।

वेस्टसाइड के विस्तार पर ट्रेंट का बड़ा फोकस

वेस्टसाइड ट्रेंट के रेवेन्यू में लगभग 40% का योगदान देता है। कंपनी इस फैशन रिटेल चेन की ओमनीचैनल रणनीति को तेजी से आगे बढ़ा रही है और साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार की संभावनाओं पर भी काम कर रही है।

हाल ही में हुई सालाना आम बैठक में ट्रेंट ने हर साल लगभग 50 नए वेस्टसाइड स्टोर खोलने की रणनीति की घोषणा की। यह चेन के विस्तार की रफ्तार में बड़ा बदलाव माना जा सकता है, क्योंकि पिछले तीन वर्षों में कुल मिलाकर 48 स्टोर खोले गए थे। वहीं, अकेले FY26 में वेस्टसाइड ने 52 नए स्टोर जोड़े।

मामले से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि माया टाटा भविष्य में अंतरराष्ट्रीय अपील वाले रिटेल ब्रांड बनाने के ट्रेंट के बड़े लक्ष्य का नेतृत्व भी कर सकती हैं।

वेस्टसाइड, ज़ूडियो और स्टार बाजार जैसे रिटेल ब्रांड चलाने वाली ट्रेंट ने FY26 में लगभग 19,700 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल किया। कंपनी का नेटवर्क 321 शहरों में 17.7 मिलियन स्क्वायर फीट में फैले 1,286 स्टोर तक पहुंच चुका है।

यह भी पढ़ें: Mis-selling क्या होती है? वित्तीय उत्पादों की बिक्री से जुड़े RBI के नए नियम समझिए

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंकों और रेगुलेटेड एंटिटीज द्वारा वित्तीय उत्पादों या सेवाओं की बिक्री से जुड़े नियम कड़े कर दिए। इस कदम का उद्देश्य लेंडर्स द्वारा फाइनेंशियल प्रोडक्ट की गलत बिक्री को रोकना, गलत मार्केटिंग तरीकों पर रोक लगाना और कस्टमर की सहमति, डिस्क्लोजर और बिक्री के तरीकों के नियमों को कड़ा करना है। यहां पढ़ें पूरी खबर…