देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने मंगलवार, 31 मार्च को ब्रिटिश एयरवेज के पूर्व प्रमुख विलियम वॉल्श को अपना नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त करने की घोषणा की।
विमानन उद्योग के अनुभवी वॉल्श वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (IATA) के महानिदेशक हैं। इंडिगो ने बयान में कहा कि वॉल्श की नियुक्ति रेगुलेटरी मंजूरी के अधीन होगी। उनका आईएटीए में कार्यकाल 31 जुलाई को समाप्त हो रहा है और उनके तीन अगस्त तक पदभार संभालने की उम्मीद है।
यह घोषणा इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स के अचानक इस्तीफे के लगभग तीन सप्ताह बाद की गई है।
कौन है इंडिगो के नए CEO विलियम वॉल्श?
वॉल्श को आमतौर पर ‘विली’ के नाम से जाना जाता है। वह इससे पहले ब्रिटिश एयरवेज और इंटरनेशनल एयरलाइंस ग्रुप (IAG) के CEO रह चुके हैं। आईएजी एक होल्डिंग कंपनी है जिसके तहत एयर लिंगस, ब्रिटिश एयरवेज, आइबेरिया, लेवल और वुएलिंग जैसी विमानन कंपनियां संचालित होती हैं।
इंडिगो के प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया ने कहा, ” परिवर्तन और वृद्धि के नए चरण में प्रवेश करने के साथ, मुझे इंडिगो में विली का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है।”
उन्होंने कहा, ” विमानन जगत में वॉल्श एक प्रतिष्ठित एवं सफल नाम हैं, जिनके पास वैश्विक दृष्टिकोण, परिचालन विशेषज्ञता, ग्राहक-केंद्रित एयरलाइन कंपनी के निर्माण का अनुभव और उद्योग की गहरी समझ है जो कंपनी के विकास के इस महत्वपूर्ण दौर में नेतृत्व के लिए उन्हें उपयुक्त बनाता है।”
इसी महीने पीटर एल्बर्स ने सीईओ पद से दिया था इस्तीफा
पीटर एल्बर्स ने इसी महीने 10 मार्च को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। कंपनी ने इस बारे में स्टॉक एक्सचेंज को दी थी। उसके बाद से कंपनी के प्रमोटर और मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल भाटिया (Rahul Bhatia) एयरलाइन के कामकाज की जिम्मेदारी संभाल रहे है।
पिटर एल्बर्स ने अपने इस्तीफे के पत्र में कहा था कि वह व्यक्तिगत कारणों की वजह से पद छोड़ रहे हैं। उन्होंने करीब तीन साल तक एयरलाइन का नेतृत्व किया था। उनके कार्यकाल के दौरान कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने नेटवर्क का काफी विस्तार किया, जिसे वे “इंटरनेशनलाइजेशन” यानी अंतरराष्ट्रीय विस्तार की रणनीति कहा करते थे।
यह भी पढ़ें: साइकिल पर डिटर्जेंट बेचने से 30 हजार करोड़ तक : ‘निरमा’ पैकेट की मुस्कुराती लड़की के पीछे छुपी है दर्दभरी कहानी
‘मेहनत इतनी खामोशी से करो कि सफलता शोर मचा दे।’… यह पंक्ति करसनभाई पटेल की कहानी पर बिल्कुल फिट बैठती है। कभी साधारण परिवार से आने वाले करसनभाई पटेल ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत के दम पर एक ऐसा ब्रैंड खड़ा कर दिया, जिसे आज पूरा देश जानता है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
