Jansatta Explained: क्या आपने कभी सोचा है कि मोबाइल, टीवी या किसी दूसरे प्रोडक्ट पर जिस बड़ी कंपनी का नाम लिखा होता है, क्या उसे वही कंपनी बनाती भी है? कई मामलों में इसका जवाब ‘नहीं’ होता है।

ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर बड़ी कंपनियां अपने प्रोडक्ट खुद बनाने के बजाय दूसरी कंपनियों से क्यों बनवाती हैं? इसके पीछे कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग नाम का एक बिजनेस मॉडल काम करता है।

आखिर कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग क्या है, यह कैसे काम करती है हैं? आइए आसान भाषा में समझते हैं…

क्या होती है कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग?

कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग को आसान भाषा में समझे तो यह वह व्यवस्था है, जिसमें कोई कंपनी अपने प्रोडक्ट का निर्माण किसी दूसरी मैन्युफैक्चरिंग कंपनी से तय शर्तों के तहत कराती है। यानी ब्रांड, डिजाइन और बिक्री एक कंपनी संभालती है, जबकि उत्पादन का काम दूसरी कंपनी करती है।

कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग में कौन-कौन शामिल होता है?

  • – ब्रांड कंपनी – जो प्रोडक्ट बेचती है।
    – मैन्युफैक्चरिंग कंपनी – जो प्रोडक्ट बनाती है।
    – सप्लायर – जो कच्चा माल उपलब्ध कराते हैं।

क्या कंपनी अपना डिजाइन भी देती है?

अधिकतर मामलों में ब्रांड कंपनी ही प्रोडक्ट का डिजाइन और क्वालिटी स्टैंडर्ड तय करती है। उन्हीं मानकों के अनुसार मैन्युफैक्चरर उत्पादन करता है।

बड़ी कंपनियां क्यों अपनाती हैं यह मॉडल?

  1. फैक्ट्री लगाने का भारी खर्च: कंपनी को नई फैक्ट्री लगाने में जमीन, मशीनरी और अन्य बुनियादी ढांचे पर बड़ा निवेश करना पड़ता है लेकिन कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग अपनाने से कंपनियों का यह शुरुआती खर्च काफी हद तक बच जाता है।
  2. शुरू हो जाता है जल्दी उत्पादन: मैन्युफैक्चरिंग कंपनी के पास पहले से उत्पादन की सुविधा है, तो नया प्रोडक्ट को मार्केट में अपेक्षाकृत जल्दी लाया जा सकता है।
  3. विशेषज्ञता का फायदा: कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चर्स किसी खास प्रोडक्ट को बनाने में विशेषज्ञ होते हैं। इससे उत्पादन प्रक्रिया ज्यादा व्यवस्थित हो सकती है।

कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग का किन सेक्टर्स में होता है ज्यादा इस्तेमाल?

देश में कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग का इस्तेमाल कई उद्योगों में होता है, जैसे –

– इलेक्ट्रॉनिक्स
– मोबाइल फोन
– फार्मास्युटिकल्स
– ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट्स
– एफएमसीजी
– टेक्सटाइल और गारमेंट्स

इसी वजह से भारत में कई कंपनियां केवल मैन्युफैक्चरिंग सेवाएं देने के कारोबार में भी काम कर रही हैं।

क्या इसके कुछ नुकसान भी हैं?

कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग के कई फायदे हैं, लेकिन कुछ चुनौतियां भी होती हैं।

अगर उत्पादन पूरी तरह दूसरी कंपनी पर निर्भर हो, तो सप्लाई में देरी, गुणवत्ता नियंत्रण या सप्लाई चेन से जुड़ी समस्याएं सामने आ सकती हैं। इसलिए आमतौर पर कंपनियां क्वालिटी, समयसीमा और गोपनीयता से जुड़े स्पष्ट अनुबंध करती हैं।

भारत में इसका महत्व क्यों बढ़ रहा है?

हाल के वर्षों में भारत में मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने पर जोर दिया गया है। इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा और अन्य क्षेत्रों में उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग का दायरा भी बढ़ा है।

यह भी पढ़ें: Mis-selling क्या होती है? वित्तीय उत्पादों की बिक्री से जुड़े RBI के नए नियम समझिए

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंकों और रेगुलेटेड एंटिटीज द्वारा वित्तीय उत्पादों या सेवाओं की बिक्री से जुड़े नियम कड़े कर दिए। इस कदम का उद्देश्य लेंडर्स द्वारा फाइनेंशियल प्रोडक्ट की गलत बिक्री को रोकना, गलत मार्केटिंग तरीकों पर रोक लगाना और कस्टमर की सहमति, डिस्क्लोजर और बिक्री के तरीकों के नियमों को कड़ा करना है। यहां पढ़ें पूरी खबर…

[Disclaimer: शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड या क्रिप्टोकरेंसी में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। इस लेख में दी गई जानकारी केवल सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है और इसे वित्तीय निवेश की सलाह नहीं माना जाना चाहिए। निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) से परामर्श जरूर करें। निवेश से होने वाले किसी भी लाभ या हानि के लिए वेबसाइट जिम्मेदार नहीं होगी।]