Variable DA Hike: नवरात्रि और दिवाली से पहले केंद्र सरकार ने देश के लाखों मजदूरों को बड़ा तोहफा दिया है। खेती, निर्माण समेत अलग-अलग सेक्टर में काम करने वाले श्रमिकों के वेरिएबल महंगाई भत्ते (VDA) में बढ़ोतरी की गई है। इससे उनकी न्यूनतम मजदूरी में भी इजाफा होगा।
ET की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार की ओर से बढ़ाई गई नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से लागू हो गई हैं। यानी अक्टूबर से अलग-अलग श्रेणी के मजदूरों को पहले के मुकाबले ज्यादा न्यूनतम मजदूरी मिलेगी। यह बदलाव महंगाई के आंकड़ों को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
दरअसल, महंगाई बढ़ने के साथ मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी में भी बदलाव किया जाता है। इस बार 30 जून 2026 तक के औसत उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर VDA में बढ़ोतरी की गई है। आइए जानते हैं इसके बारे में…
क्या होता है वेरिएबल महंगाई भत्ता?
वेरिएबल महंगाई भत्ता (VDA) कर्मचारी या मजदूरों को दिए जाने वाले न्यूनतम वेतन का वह हिस्सा है, जो बढ़ती महंगाई के असर को कम करने के लिए दिया जाता है। इसका मकसद यह है कि महंगाई बढ़ने के बावजूद मजदूर अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी कर सकें और अपने जीवन स्तर को बनाए रख सकें।
हालांकि, VDA न्यूनतम वेतन का सिर्फ एक हिस्सा होता है। किसी कर्मचारी की अंतिम न्यूनतम मजदूरी कई दूसरे घटकों को मिलाकर तय होती है। केंद्र सरकार ने 1 अक्टूबर 2026 से VDA में बढ़ोतरी की है।
कितनी हुई वेरिएबल महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी?
ET की एक रिपोर्ट के मुताबिक, श्रम ब्यूरो के मुताबिक, यह बदलाव सरकार ने औसत कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स के आधार पर किया है, जो 30 जून 2026 तक 431.42 हो गया। इस इंडेक्स में 6.62 पॉइंट की वृद्धि हुई है। जिसके आधार पर अलग-अलग कैटेगरी के मजदूरों की न्यूनतम सैलरी बढ़ोतरी की गई है।
निर्माण क्षेत्र
निर्माण क्षेत्र में काम करने वाले अनस्किल्ड यानी अकुशल मजदूरों की रोजाना न्यूनतम मजदूरी अब 840 रुपये हो गई है। वहीं, कुशल मजदूरों को अब हर दिन 1,111 रुपये की न्यूनतम मजदूरी मिलेगी।
कृषि क्षेत्र
कृषि क्षेत्र में एरिया A के तहत काम करने वाले अकुशल मजदूरों को अब 537 रुपये प्रतिदिन की न्यूनतम मजदूरी मिलेगी। वहीं, स्किल्ड यानी कुशल मजदूरों के लिए यह रकम 705 रुपये प्रतिदिन तय की गई है।
एरिया B में अकुशल मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी 491 रुपये प्रतिदिन हो गई है। जबकि एरिया C में काम करने वाले मजदूरों को अब 486 रुपये प्रतिदिन की न्यूनतम मजदूरी मिलेगी।
यह भी पढ़ें: Tata Sons में बड़ा बदलाव लाने की तैयारी
टाटा ट्रस्ट्स द्वारा टाटा संस के प्रस्तावित पुनर्गठन ने ट्रस्ट्स के अंदर एक नई दरार पैदा कर दी है, जिसमें दो सीनियर ट्रस्टी सवाल उठा रहे हैं कि टाटा संस के रीऑर्गेनाइजेशन का फैसला ट्रस्ट के सभी सदस्यों से सलाह किए बिना क्यों लिया गया। यहां पढ़ें पूरी खबर…
