TCS Share Price: टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के शेयर में शुक्रवार को कारोबार के दौरान करीब 5 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली। कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में उम्मीद से बेहतर नतीजे पेश किए। TCS का रेवेन्यू पिछली तिमाही के मुकाबले 1.3 फीसदी बढ़कर 73,188 करोड़ रुपये रहा। वहीं, कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 15 फीसदी बढ़कर 13,884 करोड़ रुपये पहुंच गया।

हालांकि, कंपनी के नतीजों के बाद भी शेयर को लेकर ब्रोकरेज फर्मों की राय एक जैसी नहीं है। कुछ ब्रोकरेज ने शेयर खरीदने की सलाह बरकरार रखी है, जबकि कुछ ने इससे दूरी बनाने की राय दी है। आइए जानते हैं…

यहां जानें प्रमुख ब्रोकरेज की क्या है राय

नोमूरा

नोमूरा ने FY28 के अनुमान को बरकरार रखते हुए FY27 के अनुमानित EPS ग्रोथ को 2.6% कम कर दिया है। EPS में यह कटौती कम मार्जिन अनुमानों को ध्यान में रखते हुए की गई है। नोमूरा ने कहा, “पिछले 12 महीनों (TTM) में डील मिलने की संख्या साल-दर-साल स्थिर रही। निकट भविष्य के नजरिए से, TCS ने पहली तिमाही (1Q) की तुलना में डिमांड के माहौल में कोई बदलाव नहीं देखा और उन खर्चों पर लगातार बारीकी से नजर रखी जा रही है जिनसे निकट भविष्य में कोई फायदा नहीं होता है।”

ब्रोकरेज ने आगे कहा, “खासकर दूसरी तिमाही में भारत में एक प्रोजेक्ट को टाल दिया गया था जिसके मध्यम अवधि में वापस आने की टीसीएस को उम्मीद है, जबकि डील पाइपलाइन और क्लाइंट की मांग के आधार पर उसे उम्मीद है कि इंटरनेशनल मार्केट में मौजूदा तेजी बनी रहेगी। एआई सेवाओं की मांग ग्रोथ की राह पर है और अब यह कुल रेवेन्यू का लगभग 10% है।”

नोमूरा ने स्टॉक पर अपनी ‘BUY’ रेटिंग बरकरार रखी। स्टॉक के लिए इसका टारगेट प्राइस भी 2,630 रुपये पर अपरिवर्तित रहा, जिसका मतलब है कि इसमें लगभग 21% की बढ़त की संभावना है।

मोतीलाल ओसवाल

मोतीलाल ओसवाल ने कहा, “डिमांड को लेकर कोई खास बदलाव नहीं दिखा और गैर-जरूरी प्रोग्राम्स के लिए सोच-समझकर फैसले लिए जा रहे हैं। हालांकि TCV बढ़कर 9.6 बिलियन डॉलर हो गया और क्लाइंट्स के साथ बातचीत सकारात्मक रही, लेकिन हमारा मानना ​​है कि निकट भविष्य का आउटलुक पाइपलाइन कन्वर्ज़न और क्षेत्रीय बाजारों में रिकवरी पर निर्भर करेगा।”

मोतीलाल ओसवाल ने स्टॉक पर अपनी ‘BUY’ रेटिंग भी दोहराई है और इसका प्राइस टारगेट 2400 रुपये प्रति शेयर रखा है, जिसका मतलब है कि इसमें 10% की बढ़त की संभावना है।

जेएम फाइनेंशियल

टीसीएस को लेकर ब्रोकरेज थोड़ी पॉजिटिव है। जेएम फाइनेंशियल ने कहा, “तिमाही (Q2 FY27) के नतीजे अनुमान के मुताबिक रहे, लेकिन इंटरनेशनल बिज़नेस ने अच्छा प्रदर्शन किया, जो सकारात्मक है। TCS मार्जिन के बजाय ग्रोथ को प्राथमिकता दे रही है – काम को सही ढंग से पूरा करना (एक्ज़ीक्यूशन) अहम होगा। ज्यादा कॉम्पिटिशन और इन्वेस्टमेंट के कारण सेक्टर-वाइज़ मार्जिन ट्रेंड्स पर दबाव हो सकता है, जब तक कि रुपये की गिरावट से कोई मदद न मिले।”

जेएम फाइनेंशियल ने शेयर पर अपनी ‘ऐड’ सिफारिश बरकरार रखी है और प्रति शेयर 2,375 रुपये का मूल्य लक्ष्य निर्धारित किया है। इसका मतलब है कि मौजूदा कीमत से लगभग 9% की बढ़ोतरी की संभावना है।

एम्बिट

एम्बिट कैपिटल (Ambit Capital) का कहना है कि TCS की ग्रोथ में कोई खास सुधार नहीं दिखा। कंपनी के मैनेजमेंट की टिप्पणियों से भी ब्रोकरेज को कोई खास उत्साह नहीं मिला। इसकी वजह मांग में सुस्ती, खर्चों का दबाव और AI से जुड़ी कमाई को हटाने के बाद रेवेन्यू में लगातार छह तिमाहियों से आ रही गिरावट है। ब्रोकरेज को आगे भी इस गिरावट के जारी रहने की आशंका है।

एम्बिट ने कहा, “हम FY27/28 में ऑर्गेनिक कॉन्स्टेंट करेंसी (CC) रेवेन्यू ग्रोथ 2.6/1.0% रहने का अनुमान लगा रहे हैं (इसमें कोई बदलाव नहीं)। MHP के अधिग्रहण (एक्विजिशन) के दबाव को देखते हुए हम FY27 के EBIT मार्जिन को 20bps घटाकर 23.8% कर रहे हैं।”

Ambit Capital ने इस स्टॉक के लिए ‘Sell’ रेटिंग दी है और इसका टारगेट प्राइस 1,990 रुपये तय किया है, जिसका मतलब है कि इसमें लगभग 9% की गिरावट आ सकती है।

यह भी पढ़ें: टाटा की IT कंपनी ने पेश किए दूसरी तिमाही के नतीजे

टाटा ग्रुप की दिग्गज आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी ने 8 अक्टूबर को सितंबर तिमाही के वित्तीय नतीजे पेश किए। इस दौरान TCS का नेट प्रॉफिट बढ़कर 13,884 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

हालांकि, कंपनी के रेवेन्यू और ऑपरेटिंग मार्जिन के आंकड़े बाजार के अनुमान से कुछ कमजोर रहे। तिमाही नतीजों के साथ TCS ने शेयरधारकों के लिए 12 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…

डिस्क्लेमर : यह आर्टिकल एक या अधिक ब्रोकरेज फर्मों की रिसर्च रिपोर्टों पर आधारित है और इसका उद्देश्य केवल पाठकों को जानकारी देना है। आर्टिकल में दिए गए विचार, शेयरों के लक्षित मूल्य और निवेश संबंधी सुझाव संबंधित ब्रोकरेज फर्मों के हैं। इन्हें जनसत्ता की आधिकारिक राय या निवेश सलाह न माना जाए। यह आर्टिकल किसी भी प्रतिभूति को खरीदने या बेचने की पेशकश, आग्रह या सिफारिश नहीं करता है। निवेश से जुड़े किसी भी निर्णय से पहले पाठकों को स्वयं उचित जांच-पड़ताल करनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर सेबी (SEBI) में पंजीकृत वित्तीय सलाहकार से परामर्श लेना चाहिए।