भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों (जिसमें ग्रुप की होल्डिंग कंपनी को लिस्ट करने की संभावना भी शामिल है) को मानने को लेकर टाटा संस की लड़ाई ने एक नया मोड ले लिया है। इसके दो अहम डायरेक्टर (एन चंद्रशेखरन और वेणु श्रीनिवासन) अलग-अलग समय पर रिजर्व बैंक के सेंट्रल बोर्ड में भी रह चुके हैं।
एन चंद्रशेखरन को मार्च 2016 में आरबीआई सेंट्रल बोर्ड में नॉन-ऑफिशियल डायरेक्टर नियुक्त किया गया था (जनवरी 2017 में टाटा संस का चेयरमैन बनने से काफी पहले) और वे मार्च 2022 तक इस पद पर रहे। वे इस ताकतवर सेंट्रल बोर्ड में सरकार द्वारा नॉमिनेट किए गए डायरेक्टरों में से एक थे।
श्रीनिवासन आरबीआई सेंट्रल बोर्ड में काफी बाद में शामिल हुए। सरकार ने जून 2022 में उन्हें चार साल के लिए पार्ट-टाइम, नॉन-ऑफिशियल डायरेक्टर के तौर पर नॉमिनेट किया। वे अगस्त 2026 तक आरबीआई सेंट्रल बोर्ड में रहे। यह वही समय था जब आरबीआई, टाटा संस की ‘अपर-लेयर नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी’ (NBFC-UL) के तौर पर डी-रजिस्ट्रेशन की अर्जी की जांच कर रहा था।
इसलिए, ये दोनों व्यक्ति आरबीआई सेंट्रल बोर्ड में एक साथ नहीं थे; चंद्रशेखरन का कार्यकाल श्रीनिवासन से पहले था। फिर भी, दोनों ने टाटा संस के बोर्ड में काम किया और अब वे कंपनी के कड़वे अंदरूनी विवाद में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
जनसत्ता के सहयोगी द इंडियन एक्सप्रेस को एक सूत्र ने कहा, “संस्थागत भूमिकाओं का यह संयोग महत्वपूर्ण है, भले ही यह अपने आप में हितों के टकराव या किसी गलत काम को साबित न करता हो।” आरबीआई को टाटा संस की डी-रजिस्ट्रेशन की अर्जी पर फैसला लेने में लगभग ढाई साल का समय लगा।
हालांकि, टाटा संस के एक अधिकारी ने कहा कि आरबीआई बोर्ड में चंद्रशेखरन का कार्यकाल, आरबीआई द्वारा कंपनी को ‘अपर-लेयर NBFC’ के तौर पर क्लासिफाई करने की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही खत्म हो गया था। अधिकारी ने बताया कि उनका कार्यकाल मार्च 2022 में खत्म हुआ और टाटा संस में यह सब सितंबर 2022 में शुरू हुआ।
श्रीनिवासन ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ के ईमेल का कोई जवाब नहीं दिया। NBFC-UL के तौर पर क्लासिफाई होने से कंपनी लिस्टिंग की राह पर आ गई। इसके बाद, लिस्टिंग की जरूरत से बचने के लिए टाटा संस ने अपना रेगुलेटरी रजिस्ट्रेशन सरेंडर करने की कोशिश की।
11 सितंबर को आरबीआई ने इस एप्लीकेशन को खारिज कर दिया और कंपनी को लागू रेगुलेटरी नियमों का पालन करने का निर्देश दिया। इस फैसले ने असल में टाटा संस को फिर से पब्लिक लिस्टिंग की राह पर ला खड़ा किया।
टाटा संस की लिस्टिंग
17 सितंबर को टाटा संस बोर्ड ने लिस्टिंग की दिशा में आगे बढ़ने का फैसला किया। चार डायरेक्टर (वेणु श्रीनिवासन, हरीश मनवानी, अनीता एम जॉर्ज और सौरभ अग्रवाल) ने इस कदम का समर्थन किया, जबकि नोएल टाटा ने इसका विरोध किया। नोएल टाटा के विरोध के बावजूद, बोर्ड ने चंद्रशेखरन के लिए पांच साल के नए कार्यकाल का भी समर्थन किया।
सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट ने जुलाई 2025 में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किए कि कंपनी को अनलिस्टेड ही रहना चाहिए और जरूरी कार्रवाई के लिए टाटा संस को इसकी जानकारी दे दी गई।
टाटा संस बोर्ड ने पहले ही पब्लिक लिस्टिंग के मामले पर विचार किया था और मार्च 2024 में दिवंगत रतन टाटा के मार्गदर्शन में सर्वसम्मति से यह नतीजा निकाला था कि इसे अनलिस्टेड ही रहना चाहिए।
वेणु श्रीनिवासन और चंद्रशेखरन बोर्ड के इन फैसलों में शामिल थे, जब रतन टाटा मार्गदर्शक की भूमिका में थे। नोएल टाटा नवंबर 2024 में टाटा संस बोर्ड में शामिल हुए।
श्रीनिवासन के लिए यह स्थिति अहम है। वे न सिर्फ टाटा संस के डायरेक्टर हैं, बल्कि टाटा ट्रस्ट्स के ट्रस्टी और टाटा संस बोर्ड में ट्रस्ट्स के नॉमिनी भी हैं।
ट्रस्ट्स के पास सामूहिक रूप से टाटा संस की 66% हिस्सेदारी है। फिर भी श्रीनिवासन लिस्टिंग के समर्थक के तौर पर सामने आए हैं, जबकि टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने इसका विरोध किया है।
आरबीआई का एनबीएफसी क्लासिफिकेशन
सेंट्रल बैंक ने अक्टूबर 2021 में नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनियों (NBFCs) के लिए स्केल-बेस्ड रेगुलेटरी फ्रेमवर्क पेश किया, जिसमें उन्हें बेस, मिडिल, अपर और टॉप लेयर्स में बांटा गया।
इस फ्रेमवर्क के तहत, अपर-लेयर में क्लासिफ़ाई की गई NBFC के लिए जरूरी था कि वह अपनी पहचान के तीन साल के भीतर किसी एक्सचेंज पर लिस्ट हो। तब सभी को यह साफ हो गया था कि टाटा संस को ‘अपर लेयर-NBFC’ के तौर पर क्लासिफाई किया जाएगा। सितंबर 2022 में, आरबीआई ने टाटा संस को ‘अपर-लेयर NBFC’ के तौर पर क्लासिफाई किया।
एक सूत्र ने कहा, “चंद्रशेखरन का आरबीआई सेंट्रल बोर्ड में पिछला कार्यकाल श्रीनिवासन के कार्यकाल के शुरू होने से पहले ही खत्म हो गया था। इस बात का कोई सबूत नहीं है कि आरबीआई में उनकी नियुक्ति का असर टाटा संस के बारे में रेगुलेटर के बाद के फैसलों पर पड़ा।”
नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन के बने रहने का विरोध किया है और तर्क दिया है कि 17 सितंबर की बोर्ड मीटिंग में टाटा संस को पब्लिक लिस्टिंग से बचने के लिए सभी मुमकिन रास्ते तलाशने चाहिए। उन्होंने बोर्ड के फैसला लेने के तरीके पर भी सवाल उठाए हैं और उत्तराधिकारी की नियुक्ति के लिए एक औपचारिक सिलेक्शन कमिटी बनाने की मांग की है।
वहीं, श्रीनिवासन टाटा ट्रस्ट्स के बंटवारे में दूसरी तरफ एक अहम आवाज बनकर उभरे हैं। भविष्य के मालिकाना हक के ढांचे और टाटा संस की लिस्टिंग को लेकर नोएल टाटा के साथ उनके रिश्ते खराब हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: Tata Sons में बड़ा बदलाव लाने की तैयारी
टाटा ट्रस्ट्स द्वारा टाटा संस के प्रस्तावित पुनर्गठन ने ट्रस्ट्स के अंदर एक नई दरार पैदा कर दी है, जिसमें दो सीनियर ट्रस्टी सवाल उठा रहे हैं कि टाटा संस के रीऑर्गेनाइजेशन का फैसला ट्रस्ट के सभी सदस्यों से सलाह किए बिना क्यों लिया गया। यहां पढ़ें पूरी खबर…
