Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार, 2 नवंबर को शानदार तेजी के साथ खुला। विदेशी पूंजी का प्रवाह और एशियाई शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख से भी शुरुआती कारोबार के दौरान बाजार की धारणा को समर्थन मिला। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 764.72 अंक चढ़कर 75,216.80 अंक पर और एनएसई निफ्टी 201.40 अंक की बढ़त के साथ 23,255.90 अंक पर रहा।
कुछ ही देर में ये तेजी और बढ़ गई और सेंसेक्स 1,002 अंक यानी 1.35% बढ़कर 75,462 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 266 अंक यानी 1.15% की बढ़त के साथ 23,319 पर आ गया।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों का हाल
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर छह प्रतिशत से अधिक चढ़ा। कंपनी ने जुलाई-सितंबर तिमाही में 29,550 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड लाभ दर्ज किया है, जो एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले 33.8 प्रतिशत अधिक है।
एनटीपीसी, टाटा स्टील, पावर ग्रिड, मारुति और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर भी लाभ में रहे। वहीं, सन फार्मा, टेक महिंद्रा, टाइटन और इन्फोसिस के शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे हैं।
एशियाई बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में तीन प्रतिशत फिसलकर 110 डॉलर प्रति बैरल पर था।
एफआईआई का हाल
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 3,598.54 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
रुपया में शुरुआती कारोबार में गिरावट
रुपया शुरुआती कारोबार में 21 पैसे की गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.97 पर पहुंच गया। विदेशी बाजारों में अमेरिकी डॉलर की बढ़ती मांग से घरेलू मुद्रा पर दबाव है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि हालांकि घरेलू बाजारों में तेजी और कच्चे तेल की कीमतों में थोड़ी नरमी से रुपये को निचले स्तर पर थोड़ा समर्थन मिला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.90 प्रति डॉलर पर खुला। फिर लुढ़ककर 94.97 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 21 पैसे की गिरावट है। रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.76 पर बंद हुआ था।
यह भी पढ़ें: Alphabet की रिकॉर्ड गिरावट का भारतीय आईटी शेयरों पर उलटा असर
अमेरिकी टेक दिग्गज कंपनियों के शेयरों में गुरुवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट के शेयरों में 12% से ज्यादा की गिरावट आई। कंपनी की मार्केट वैल्यू से लगभग 500 अरब डॉलर कम हो गए। वही, अमेजन, इंटेल के शेयरो में भी गिरावट देखने को मिली। यहां पढ़ें पूरी खबर…
[डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से निवेश सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। Jansatta.com अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।]
