Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट देखने को मिली। आज दोनों प्रमुख सूचकांक बीएससी सेंसेक्स (Bse Sensex) और एनएससी निफ्टी (Nse Nifty) लाल निशान पर खुले। सेंसेक्स 699.74 अंक गिरकर 73,959.48 पर आ गया; निफ्टी 177.40 अंक गिरकर 23,302.50 पर पहुंच गया।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों का हाल

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, आईटीसी और इटर्नल के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। आईटी कंपनियों के शेयर में पिछले कुछ सत्र की तेजी के बाद मुनाफावसूली के कारण तेज गिरावट देखी गई। वहीं, मारुति, अदाणी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स और भारती एयरटेल के शेयर बढ़त में रहे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (FIIs) मंगलवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 8,362.92 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

एशियाई बाजार

अमेरिका-ईरान शांति वार्ता को लेकर बनी अनिश्चितता को नजरअंदाज करते हुए बुधवार को एशियाई-प्रशांत बाजारों में तेजी के साथ शुरुआत हुई। जापान का निक्केई 225 सूचकांक 0.91% बढ़ा, जबकि टॉपिक्स सूचकांक 0.93% ऊपर रहा। हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक वायदा 25,853 पर कारोबार कर रहा था, जो सूचकांक के पिछले बंद भाव 26,038.32 से कम था। दक्षिण कोरिया के बाजार अवकाश के कारण बंद थे।

अमेरिकी बाजार

अमेरिकी शेयर बाजार के बेंचमार्क से जुड़े वायदा भावों में मामूली बदलाव देखने को मिला। एसएंडपी 500 और नैस्डैक 100 के वायदा भाव लगभग स्थिर रहे। वहीं, डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज से जुड़े वायदा भावों में लगभग 2 अंकों की बढ़ोतरी हुई।

मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुआ था शेयर बाजार

भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को लगातार चार कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद तेजी के साथ बंद हुए थे। आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी के दम पर बीएसई सेंसेक्स 382.50 अंक बढ़त के साथ 74,649.84 पर बंद हुआ था। वहीं, एनएसई निफ्टी भी 100.95 अंक यानी 0.43% चढ़कर 23,483.55 के स्तर पर बंद हुआ था।

यह भी पढ़ें: दुनिया के सबसे बड़े शेयर बाजारों की रैंकिंग कैसे तय होती है?

दुनिया के सबसे बड़े शेयर बाजारों की रैंकिंग में हाल ही में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। दक्षिण कोरिया ने भारत को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के छठे सबसे बड़े शेयर बाजार का स्थान हासिल कर लिया है। कुछ समय पहले तक भारत इस स्थान पर था, लेकिन अब वह एक पायदान नीचे खिसक गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…