दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने अमेरिकी नैस्डैक स्टॉक एक्सचेंज में संभावित सार्वजनिक निर्गम से पहले गोपनीय दस्तावेज दाखिल किए हैं। कंपनी का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) करीब दो लाख करोड़ डॉलर के मूल्यांकन का लक्ष्य रखता है।
योजना के तहत मस्क कंपनी का केवल एक छोटा हिस्सा सार्वजनिक निवेशकों को बेचेंगे, जिससे लगभग 75 अरब डॉलर जुटाने की कोशिश होगी। यदि यह सफल होता है, तो यह अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ बन सकता है।
स्पेसएक्स का कारोबार
निजी अंतरिक्ष कंपनी स्पेसएक्स की स्थापना 2002 में एलन मस्क ने की थी। कंपनी ने रॉकेट और प्रक्षेपक वाहनों के पुनः उपयोग की तकनीक विकसित कर अंतरिक्ष प्रक्षेपण की लागत को काफी कम कर दिया, जिससे वाणिज्यिक अंतरिक्ष उड़ानें संभव हो सकीं। कंपनी ने अबतक लगभग 600 सफल रॉकेट ‘लैंडिंग’ का दावा किया है।
अंतरिक्ष अभियानों के बावजूद स्पेसएक्स का 50 से 80 प्रतिशत राजस्व स्टारलिंक से आता है, जो एक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा है और यह कंपनी दुनिया भर में एक करोड़ से अधिक उपयोगकर्ताओं को सेवा दे रही है। फरवरी 2026 में स्पेसएक्स का विलय एआई चैटबॉट “ग्रोक”विकसित करने वाली कंपनी ‘एक्सएआई’ के साथ हुआ।
यह अब तक का सबसे बड़ा निजी विलय सौदा माना गया, जिसमें ‘एक्सएआई’ का वैल्यूएशन 250 अरब डॉलर और स्पेसएक्स का एक लाख करोड़ डॉलर आंका गया। इस विलय के बाद संयुक्त इकाई का मूल्य सवा लाख करोड़ डॉलर तक पहुंच गया और आईपीओ के लिए रास्ता तैयार हो सका।
रिपोर्ट के अनुसार, इस आईपीओ से जुटाई गई राशि का उपयोग अंतरिक्ष में बड़े पैमाने पर डेटा संबंधी उपग्रह प्रक्षेपित करने में किया जा सकता है, जो सौर ऊर्जा से संचालित होंगे और पृथ्वी पर बिजली और पानी की सीमाओं से मुक्त होंगे।
आईपीओ और नियमों में बदलाव
स्पेसएक्स का यह आईपीओ इस साल की तीन बड़ी संभावित लिस्टिंग में से एक हो सकता है, जिनमें एआई कंपनियां ‘एन्थ्रॉपिक’ और ‘ओपनएआई’ भी शामिल हैं। यदि ‘स्पेसएक्स’ 75 अरब डॉलर जुटाता है, तो यह उसके कुल मूल्य का केवल 3.75 प्रतिशत होगा। इसका मतलब है कि कंपनी का अधिकांश हिस्सा निजी हाथों में रहेगा। जब किसी कंपनी के बाजार में उपलब्ध शेयरों की संख्या आम जनता के लिए कम होती है, तो उसे ”लो फ्री फ्लोट” कहा जाता है।
आमतौर पर इतनी कम ‘फ्री फ्लोट’ वाली कंपनियां प्रमुख सूचकांकों जैसे नैस्डैक 100 में शामिल नहीं होतीं, लेकिन ‘स्पेसएक्स’ की संभावित लिस्टिंग को देखते हुए नैस्डैक ने नियमों में ढील दी है और 10 प्रतिशत ‘फ्री फ्लोट’ की अनिवार्यता हटा दी है। साथ ही नये सूचीबद्ध शेयरों के इंडेक्स में शामिल होने की अवधि को तीन महीने से घटाकर केवल 15 कारोबारी दिन कर दिया गया है। बदलाव यह सुनिश्चित करने के लिए किए गए हैं कि ‘स्पेसएक्स’ जैसी बड़ी कंपनियां जल्दी से प्रमुख सूचकांकों में शामिल हो सकें।
निवेशकों पर प्रभाव
दुनिया भर में 600 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक धन नैस्डैक 100 जैसे इंडेक्स-आधारित कोष में निवेश किया गया है। जैसे ही ‘स्पेसएक्स’ किसी प्रमुख इंडेक्स में शामिल होगी, ये कोष स्वतः उसके शेयर खरीदने लगेंगे। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे बाजार में भारी अस्थिरता पैदा हो सकती है और लाखों छोटे निवेशकों पर असर पड़ सकता है। ‘स्पेसएक्स’ का लक्ष्य दो लाख करोड़ डॉलर का मूल्यांकन है, जबकि कंपनी की सालाना आय लगभग 15 अरब डॉलर बताई जाती है। इस आधार पर मौजूदा मूल्यांकन को सही ठहराने में 133 वर्षों की आय लगेगी। इसकी तुलना में टेस्ला जैसे उच्च मूल्य वाले शेयरों के लिए यह अवधि लगभग 13 वर्ष मानी जाती है, जिससे स्पेसएक्स का मूल्यांकन और भी अधिक आक्रामक माना जा रहा है।
निवेशकों की दृष्टि से क्या मतलब है
स्पेसएक्स और मस्क की कंपनियां पहले से ही खुदरा निवेशकों के बीच बेहद लोकप्रिय रही हैं। कंपनी ने यह भी संकेत दिया है कि वह अपने शेयरों का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा गैर-संस्थागत निवेशकों को बेच सकती है। विश्लेषकों का कहना है कि इतने ऊंचे मूल्यांकन पर निवेश करने से पहले निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए।
समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ
यह भी पढ़ें: सैलरी मैनेजमेंट का स्मार्ट तरीका
सैलरी आते ही 50/30/20 के नियम को बजट बनाने का आसान और लोकप्रिय तरीका माना जाता है। यह नियम आपकी मंथली सैलरी को तीन हिस्सों में बांटकर खर्च और बचत को संतुलित करने में मदद करता है। इस नियम के अनुसार आपकी कमाई का 50% जरूरी खर्चों पर, 30% लाइफस्टाइल खर्चों पर और 20% बचत या निवेश के लिए रखा जाता है। यहां पढे़ं पूरी खबर…
Disclaimer: शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड या क्रिप्टोकरेंसी में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। इस लेख में दी गई जानकारी केवल सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है और इसे वित्तीय निवेश की सलाह नहीं माना जाना चाहिए। निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) से परामर्श जरूर करें। निवेश से होने वाले किसी भी लाभ या हानि के लिए वेबसाइट जिम्मेदार नहीं होगी।
