Sovereign Gold Bond: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) 2020-21 सीरीज-IV (जारी होने की तारीख: 14 जुलाई, 2020) के लिए समय से पहले रिडेम्पशन की कीमत की घोषणा की है। निवेशकों के पास 14 जुलाई, 2026 यानी आज से इस एसजीबी को समय से पहले भुनाने का विकल्प होगा।
केंद्रीय बैंक के नियम के मुताबिक, इन गोल्ड बॉन्ड के जारी होने की डेट से पांच साल पूरे होने के बाद, उस तारीख पर समय से पहले रिडेम्पशन की अनुमति होगी जिस दिन ब्याज का भुगतान किया जाना है।
कैसे तय होती है एसजीबी रिडेम्पशन की कीमत?
रिडेम्पशन वैल्यू की गणना इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा पिछले तीन कामकाजी दिनों के लिए जारी 999 शुद्धता वाले सोने की क्लोजिंग कीमतों के साधारण औसत के आधार पर की जाएगी।
क्या है इस सीरीज के लिए समय से पहले रिडेम्पशन की कीमत?
आज लागू होने वाली समय से पहले रिडेम्पशन की कीमत SGB की प्रति यूनिट 14,307 रुपये तय की गई है।
एसजीबी 2020-21 सीरीज-IV को ऑनलाइन बॉन्ड के लिए 4802 रुपये प्रति ग्राम पर जारी किया गया था। समय से पहले रिडेम्पशन की तारीख पर इससे लगभग 198 फीसदी का एब्सोल्यूट सिंपल रिटर्न मिलेगा।
एब्सोल्यूट रिटर्न : 14,307 रुपये – 4,802 रुपये = 9,505 रुपये (ब्याज को शामिल किए बिना)
प्रतिशत के हिसाब से : 9,505 ÷ 4,802 × 100 = 197.94%
इस प्रकार निवेश से 9,505 रुपये का एब्सोल्यूट रिटर्न मिला है, या लगभग 198% (अर्जित ब्याज को छोड़कर)।
उसी सीरीज के SGB जिन निवेशकों ने ऑफलाइन खरीदे थे, उनके लिए इश्यू प्राइस सोने के प्रति ग्राम 4,852 रुपये थी। क्योंकि SGB की ऑनलाइन खरीद पर 50 रुपये की छूट मिल रही थी।
SGB निवेशकों को मिला 197.9% का रिटर्न
2020 में इस सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) सीरीज के जारी होने के समय अगर किसी निवेशक ने 1 लाख रुपये निवेश किए होते, तो मौजूदा रिडेम्पशन प्राइस के हिसाब से उसकी निवेश राशि बढ़कर करीब 2.98 लाख रुपये (2,97,900 रुपये) हो गई होती। यानी निवेश पर 197.9% का रिटर्न मिला है। इसमें SGB पर मिलने वाला 2.5% सालाना ब्याज शामिल नहीं है।
यह भी पढ़ें: सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड से बंपर कमाई
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) में पैसा लगाने वालों के लिए गुड न्यूज है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने SGB 2020-21 सीरीज-III को समय से पहले भुनाने की कीमत घोषित कर दी है। इस सीरीज के निवेशक 16 जून 2026 से अपने बॉन्ड को रिडीम कर सकेंगे। यहां पढ़ें पूरी खबर…
[ डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें दी गई रिटर्न, निवेश मूल्य और कैपिटल गेन की गणनाएं उपलब्ध आंकड़ों एवं अनुमानित कैलकुलेशन पर आधारित हैं। वास्तविक रिटर्न निवेश की तारीख, खरीदी गई यूनिट्स, खरीद मूल्य और प्राप्त ब्याज के आधार पर अलग हो सकता है। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) में निवेश से जुड़े किसी भी निर्णय से पहले आधिकारिक RBI दिशानिर्देशों और अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श अवश्य करें।]
