वैश्विक बाजारों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार में मजबूती देखने को मिली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स करीब 220 अंक चढ़ा, जबकि निफ्टी 24,100 के आसपास मजबूती के साथ कारोबार करता दिखा।

कच्चे तेल की कीमत घटकर 70 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचने से बाजार की धारणा मजबूत हुई। आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली, जिससे प्रमुख सूचकांकों को सहारा मिला।

बता दें कि दुनियाभर के शेयर बाजारों में दबाव देखने को मिल रहा है। निवेशकों की ओर से चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में बिकवाली के चलते वैश्विक बाजार लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं।

सेंसेक्स पर इन कंपनियों को फायदा-नुकसान

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, इटरनल और इंटरग्लोब एविएशन के शेयर सबसे अधिक बढ़त में रहे। वहीं, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर नुकसान में रहे।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी चार प्रतिशत से अधिक, जापान का निक्की 225 एक प्रतिशत से अधिक और चीन का एसएसई कम्पोजिट 0.90 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं हॉन्ग कॉन्ग का हैंग सेंग एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त में रहा।

अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव एक प्रतिशत की गिरावट के साथ 70.79 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,140.50 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

गौर करने वाली बात है कि बुधवार को निफ्टी 50 140 अंक यानी 0.59% की बढ़त के साथ 24,005.85 पर बंद हुआ था जबकि बीएसई सेंसेक्स 443.97 अंक यानी 0.58% चढ़कर 76,922.64 के स्तर पर बंद हुआ।