Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन तेजी के साथ शुरुआत हुई। साल की सबसे बड़ी गिरावट के बाद शुक्रवार को दोनों प्रमुख सूचकांक 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी (NSE Nifty50) और 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (Bse Sensex) हरे निशान पर खुले।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 373 अंक या 0.52% उछलकर 71,966.24 पर आ गया, जबकि निफ्टी 50 129.55 अंक या 0.58% उछलकर 22,361.35 पर आ गया।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों का हाल

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का शेयर चार प्रतिशत से अधिक चढ़ा। कंपनी की जुलाई-सितंबर तिमाही में शुद्ध लाभ में 15 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा के बाद इसके शेयर में यह तेजी आई। इन्फोसिस, आईटीसी, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, अडानी पोर्ट्स और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी बढ़त में रहे। वहीं इटर्नल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर गिरावट में रहे।

एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार

एशियाई शेयर बाजारों में शुक्रवार को मिला-जुला रुख देखने को मिला। जापान का निक्केई 225 सूचकांक 0.76 फीसदी गिरकर कारोबार कर रहा था, जबकि टॉपिक्स सूचकांक में लगभग कोई बदलाव नहीं हुआ। वहीं, ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी/एएसएक्स 200 सूचकांक 0.37 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा।

भारतीय टेक कंपनियों के एडीआर में उतार-चढ़ाव

भारतीय तकनीकी कंपनियों के अमेरिकी डिपॉजिटरी रिसीट (ADR) में पिछले कारोबारी सत्र के दौरान काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। ओपनएआई के राजस्व में गिरावट की खबर और अमेरिका की एच-1बी वीजा नीति से जुड़ी घोषणा का असर इनकी कीमतों पर पड़ा। इन्फोसिस का एडीआर पिछली शाम तेज गिरावट के बाद बढ़त के साथ बंद हुआ।

कच्चे तेल की कीमतों में मामूली गिरावट

शुक्रवार, 9 अक्टूबर को शुरुआती कारोबार में कच्चे तेल की कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई। ब्रेंट क्रूड का भाव 0.43 फीसदी फिसलकर 103.83 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं, अमेरिकी क्रूड की कीमत 0.36 फीसदी गिरकर 91.16 डॉलर प्रति बैरल रह गई।

यह भी पढ़ें: टाटा की IT कंपनी ने पेश किए दूसरी तिमाही के नतीजे

टाटा ग्रुप की दिग्गज आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी ने 8 अक्टूबर को सितंबर तिमाही के वित्तीय नतीजे पेश किए। इस दौरान TCS का नेट प्रॉफिट बढ़कर 13,884 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

हालांकि, कंपनी के रेवेन्यू और ऑपरेटिंग मार्जिन के आंकड़े बाजार के अनुमान से कुछ कमजोर रहे। तिमाही नतीजों के साथ TCS ने शेयरधारकों के लिए 12 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…

[डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से निवेश सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। Jansatta.com अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।]