Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार (11 फरवरी 2025) को धीमी शुरुआत हुई। दोनों प्रमुख सूचकांक BSE Sensex और NSE Nifty दोनों सपाट खुले। शुरुआती कारोबार में BHEL का शेयर करीब 5 फीसदी तक गिर गया। इससे पहले मंगलवार को एनएसई निफ्टी 50 सत्र 68 अंक या 0.26% बढ़कर 25,935 पर बंद हुआ जबकि बीएसई सेंसेक्स 208 अंक या 0.25% बढ़कर 84,274 पर बंद हुआ।
वैश्विक बाजारों में मिले-जुले रुझानों के बीच घरेलू शेयर बाजारों ने बुधवार को सकारात्मक शुरुआत की। हालांकि बाद में इनमें अस्थिरता देखने को मिली क्योंकि निवेशकों ने उच्च स्तर पर मुनाफावसूली की। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 213.42 अंक या 0.25 प्रतिशत चढ़कर 84,487.34 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 74.25 अंक की बढ़त के साथ 26,009.40 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी इंडिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, सन फार्मास्युटिकल्स, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टेक महिंद्रा और बजाज फाइनेंस के शेयर लाभ में रहे। वहीं एचसीएल टेक्नोलॉजीज, ट्रेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, आईटीसी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, पावरग्रिड, अदाणी पोर्ट्स, लार्सन एंड टुब्रो और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर में गिरावट रही।
एशियाई बाज़ार
बुधवार की सुबह एशियाई बाजार वॉलस्ट्रीट के रुझान के विपरीत बढ़त के साथ खुले। दक्षिण कोरिया का कोस्पी लगातार तीसरे दिन बढ़त के साथ 0.18% बढ़ा जबकि स्मॉल-कैप कोस्डैक 0.33% अधिक था। हॉन्ग कॉन्ग का हैंग सेंग सूचकांक वायदा 27,260 पर था जो 27,183.15 के पिछले बंद स्तर से अधिक है। जापान के बाज़ार सार्वजनिक अवकाश के कारण बंद हैं।
अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.76 प्रतिशत की बढ़त के साथ 69.32 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 69.45 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,174.21 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
