Share Market Today: बजट के एक दिन बाद शेयर बाजार में सोमवार (2 फरवरी 2026) को सपाट शुरुआत हुई। दोनों प्रमुख सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी हरे रंग के निशान पर खुले। BSE Sensex धीमे कारोबार करते दिखाई दिया। सेंसेक्स 302 अंक चढ़कर 81,024.94 अंक पर और निफ्टी 59.25 अंक की बढ़त के साथ 24,884.70 अंक पर पहुंचा।

केंद्रीय बजट से जुड़े घटनाक्रमों का आकलन करते हुए आज भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी पर निवेशकों की खास नजर बनी हुई है। बजट में घोषित हालिया बदलाव, खासकर डेरिवेटिव्स पर सिक्योरिटीज़ ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) में बढ़ोतरी और बाजार से जुड़े किसी नए टैक्स उपाय की कमी, बाजार सहभागियों के लिए अहम मुद्दे बने हुए हैं।

Budget 2026 : AI और IT सेक्टर के लिए बड़ा ऐलान, डेटा सेंटर बनाने वाली विदेशी कंपनियों को 2047 तक मिलेगा टैक्स हॉलिडे

प्री-मार्केट संकेतकों के मुताबिक सोमवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सकारात्मक रहने के संकेत मिले। शुरुआती कारोबार में गिफ्ट निफ्टी करीब 24,861 के स्तर पर 0.30% की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा, जिससे बाजार में स्थिर और मजबूत ओपनिंग के संकेत मिल रहे हैं।

केंद्रीय बजट 2026-27

केंद्रीय बजट 2026-27 वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार, 1 फरवरी को पेश किया। बजट में निवेशकों के लिए एक अहम बदलाव के तौर पर डेरिवेटिव्स पर सिक्योरिटीज़ ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) बढ़ाने का प्रस्ताव किया गया है। फ्यूचर्स पर STT की दर 0.02% से बढ़ाकर 0.05% कर दी गई है जबकि ऑप्शंस पर भी व्यापक लेनदेन को कवर करने के लिए टैक्स ढांचे में संशोधन किया गया है।

इसके अलावा बजट में इनकम टैक्स एक्ट, 2025 पेश करने की घोषणा की गई है जो 1 अप्रैल 2026 से मौजूदा आयकर कानून की जगह लेगा। इसका उद्देश्य टैक्स कंप्लायंस को सरल बनाना और व्यक्तिगत करदाताओं के लिए रिटर्न फाइलिंग की प्रक्रिया को आसान करना है।

Sensex पर इन कंपनियों को फायदा-नुकसान

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से अडानी पोर्ट्स, लार्सन एंड टुब्रो, एशियन पेंट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, इटर्नल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावर ग्रिड और एचडीएफसी बैंक के शेयर में तेजी रही। वहीं ट्रेंट, टाइटन, आईटीसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर नुकसान में रहे। केंद्रीय बजट 2026-27 पेश होने के बाद रविवार को बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स रविवार को 1,546.84 अंक और निफ्टी 495.20 अंक टूटा था।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी चार प्रतिशत से अधिक टूटा। जापान का निक्की 225 सूचकांक, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हॉन्ग कॉन्ग का हैंग सेंग भी गिरावट में रहे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 4.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 66.45 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) लंबे समय बाद रविवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 588.34 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।