Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार (10 फरवरी 2026) को एक बार फिर तेजी के साथ शुरुआत हुई। दोनों प्रमुख इक्विटी सूचकांक BSE Sensex और NSE Nifty हरे रंग के निशान पर खुले। निफ्टी 50 में 32 अंकों यानी 0.13% की बढ़त हुई और यह 25,900 पर खुला जबकि बीएसई सेंसेक्स 118 अंकों यानी 0.14% की तेजी के साथ 84,184 पर खुला। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बाद टेक्स्टाइल स्टॉक्स बढ़त के साथ कारोबार करते नज़र आए।

एशियाई बाजारों में सकारात्मक रुझानों और विदेशी निवेशकों के निरंतर निवेश से सेंसेक्स और निफ्टी में मंगलवार को लगातार तीसरे सत्र में तेजी जारी रही। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 247.01 अंक या 0.29 प्रतिशत चढ़कर 84,312.76 अंक पर पहुंच गया। वहीं एनएसई निफ्टी 80.25 अंक या 0.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,947.55 अंक पर रहा।

इन शेयरों में उतार-चढ़ाव

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इटर्नल, टाइटन, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, सन फार्मास्युटिकल्स, पावरग्रिड, मारुति सुजुकी इंडिया, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल और टाटा स्टील के शेयर में तेजी रही।

वहीं बजाज फाइनेंस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एशियन पेंट्स, इंडिगो, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और एचडीएफसी बैंक के शेयर गिरावट में रहे। एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 225, हॉन्ग कॉन्ग का हैंग सेंग और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी बढ़त में रहे जबकि चीन का एसएसई कम्पोजिट स्थिर रहा। अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 68.85 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 2,254.64 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

ग्लोब कैपिटल में टेक्निकल रिसर्च के सहायक उपाध्यक्ष विपिन कुमार ने कहा, “निफ्टी इंडेक्स ने अपने चार दिनों के कंसोलिडेशन रेंज को ऊपर की ओर तोड़ दिया है, जिससे अगले कुछ ट्रेडिंग सेशंस में 26,150–26,200 के स्तर तक पहुंचने का रास्ता खुल गया है। वहीं, नीचे की ओर 25,500–25,700 का क्षेत्र एक मजबूत सपोर्ट स्तर के रूप में काम करेगा।”

इससे पहले सोमवार को एनएसई निफ्टी 50 174 अंकों यानी 0.68% की बढ़त के साथ 25,867 पर बंद हुआ जबकि बीएसई सेंसेक्स 485 अंकों यानी 0.58% की तेजी के साथ 84,065 पर बंद हुआ था।

Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारी केवल सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है और इसे वित्तीय निवेश की सलाह नहीं माना जाना चाहिए। निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) से परामर्श जरूर करें। सोने-चांदी में निवेश से होने वाले किसी भी लाभ या हानि के लिए वेबसाइट जिम्मेदार नहीं होगी।