Share Market Today: भारत-यूएसए ट्रेड डील के बाद शेयर बाजार में सोमवार (9 फरवरी 2026) को बंपर तेजी के साथ शुरुआत हुई। दोनों प्रमुख सूचकांक BSE Sensex और NSE Nifty हरे रंग के निशान पर खुले। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 400 अंक ऊपर चढ़कर 84000 के करीब था। वहीं निफ्टी 112 अंक चढ़कर 25800 के स्तर पर पहुंच गया था। एसबीआई के शेयर में आज 6 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई और यह 64 रुपये चढ़कर 1130 रुपये के आसपास था।

निफ्टी बैंक 424 अंक या 0.70% बढ़कर 60,544 पर खुला जबकि मिडकैप बेंचमार्क निफ्टी मिडकैप 100, 370 अंक या 0.62% की बढ़त के साथ 59,874 पर खुला।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों का हाल

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, टाइटन, इटर्नल, कोटक महिंद्रा बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, टाटा स्टील, सन फार्मास्यूटिकल्स, लार्सन एंड टुब्रो, अदाणी पोर्ट्स, इंडिगो, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारती एयरटेल के शेयर में तेजी रही। दूसरी ओर पावरग्रिड, आईटीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, इंफोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और एचडीएफसी बैंक के शेयर नुकसान में रहे।

एशियाई बाजारों का हाल

एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 225, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग फायदे में रहे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को दो प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.94% की गिरावट के साथ 67.41 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (FIIs) शुक्रवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 1,950.77 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौता

सकारात्मक माहौल को और मजबूत करने वाला हाल ही में हुआ भारत-अमेरिका व्यापार समझौता भी है जिस पर पिछले सप्ताह के आखिर में हस्ताक्षर किए गए। इस अंतरिम ढांचे से भारतीय निर्यातकों को बढ़त मिलेगी, खासकर 18% टैरिफ दर के कारण जो कई प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में कम है।

एशियाई बाजार भी सोमवार सुबह की तेजी में शामिल हो गए। निर्णायक राजनीतिक जीत के बाद जापान का शेयर बाजार बढ़त में सबसे आगे रहा, जहां उसके प्रमुख सूचकांक रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए। दक्षिण कोरिया और हॉन्ग कॉन्ग के फ्यूचर्स में भी तेजी के साथ कारोबार हुआ।

यहां भी पढ़ें: नौकरी करने वाले ध्यान दें: PF की ब्याज दरों में 0.25% तक की कटौती की संभावना, अगले महीने होगा फैसला

Disclaimer: शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड या क्रिप्टोकरेंसी में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। इस लेख में दी गई जानकारी केवल सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है और इसे वित्तीय निवेश की सलाह नहीं माना जाना चाहिए। निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) से परामर्श जरूर करें। निवेश से होने वाले किसी भी लाभ या हानि के लिए वेबसाइट जिम्मेदार नहीं होगी।