Share Market Today: अमेरिका-ईरान युद्धविराम के चलते भारतीय शेयर बाजार में बुधवार, 8 अप्रैल 2026 को जबरदस्त तेजी के साथ शुरुआत हुई। दोनों प्रमुख सूचकांक बीएससी सेंसेक्स और एनएससी निफ्टी हरे निशान पर खुले। सेंसेक्स 2644.10 अंक की तेजी के साथ 77,260.68 के आस-पास पहुंचा। वही, निफ्टी 775.90 की तेजी के साथ 23,899.55 अंक के आस-पास पहुंच गया।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों का हाल

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन के शेयर में सबसे अधिक करीब 10% की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस, अडानी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी सबसे अधिक तेजी दर्ज करने वालों में शामिल रहें। केवल टेक महिंद्रा के शेयर में गिरावट दर्ज की गई।

क्यों आई शेयर बाजार में तेजी

अमेरिका-ईरान युद्धविराम

ट्रंप ने ईरान पर नियोजित हमलों को दो सप्ताह के लिए रोक दिया। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि यह कदम “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह, तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमति के अधीन” है।

दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) पर देश की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की ओर से एक पोस्ट में कहा कि तेहरान के सशस्त्र बल “अपने रक्षात्मक अभियान बंद कर देंगे।”

एशियाई बाजार

बुधवार सुबह एशियाई सूचकांकों में तेजी के साथ शुरुआत हुई, क्योंकि ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ईरान के बुनियादी ढांचे पर नियोजित हमलों को दो सप्ताह के लिए स्थगित करने पर सहमति जताई है। जापान का निक्केई 225 1.79% बढ़ा, जबकि टॉपिक्स में 1.69% की बढ़त दर्ज की गई। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 5.99% बढ़ा, जबकि स्मॉल-कैप कोस्डैक लगभग 5% ऊपर रहा।

अमेरिकी बाजार

बुधवार सुबह अमेरिकी शेयर बाजार के बेंचमार्क से जुड़े वायदा बाजारों में भारी उछाल आया। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज वायदा 967 अंक या 2.1% बढ़ा। एसएंडपी 500 वायदा में 2.1% और नैस्डैक 100 वायदा में 2.3% की तेजी आई।

कच्चा तेल

वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड फ्यूचर्स में 14% की गिरावट आई और यह 97.49 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स में आज सुबह 13% की गिरावट आई और यह 95.63 डॉलर पर आ गया। कॉमेक्स पर, कच्चे तेल की कीमतों में 13.33% की गिरावट आई और यह 97.890 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम पर सहमति बनने के बाद वह ईरान के खिलाफ प्रस्तावित सैन्य कार्रवाई को स्थगित करेंगे। इस समझौते में होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना भी शामिल है। इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने संकेत दिया कि इस अवधि के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य से आवागमन की अनुमति दी जाएगी जिससे आपूर्ति बाधित होने की चिंताएं कम हो गई हैं।

यह भी पढ़ें: 60 नहीं 50 की उम्र में रिटायर होना चाहते हैं?

अगर कोई निवेशक 60 साल की बजाय 50 साल की उम्र में रिटायर होना चाहता है, तो उसके लिए केवल नियमित निवेश ही नहीं बल्कि हर वर्ष निवेश की राशि बढ़ाना भी बेहद अहम हो जाता है। यहीं पर स्टेप-अप SIP की रणनीति काम आती है।

स्टेप-अप SIP कैलकुलेटर यह समझने में मदद करता है कि फिक्स्ड SIP और हर वर्ष बढ़ने वाली SIP के बीच लंबे समय में कितना बड़ा फर्क आ सकता है। यहां पढ़ें पूरी खबर…