Share Market Today: वैश्विक शेयर बाजारों में कमजोरी के बीच तीन सत्र की तेजी के बाद सेंसेक्स और निफ्टी में गुरुवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार (5 फरवरी 2026) उम्मीद के मुताबिक सपाट शुरुआत हुई। दोनों प्रमुख सूचकांक Sensex-Nifty हल्की गिरावट के साथ खुले। सेंसेक्स 83,800 पर खुला और 0.07% की गिरावट दर्ज की गई जबकि निफ्टी 25,800 के नीचे खुला और इसमें 0.08% की कमजोरी देखी गई। Indigo के शेयर में बाजार खुलते ही 2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
बीएसई सेंसेक्स 278.72 अंक टूटकर 83,538.97 अंक पर और एनएसई निफ्टी 94.15 अंक फिसलकर 25,681.85 अंक पर पहुंच गया।
मुकेश अंबानी की सलाह: बचत को निवेश में बदलें, भारत बनेगा 30 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इंटरग्लोब एविएशन, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एक्सिस बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील और भारती एयरटेल के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। वहीं हिंदुस्तान यूनिलीवर, ट्रेंट, एनटीपीसी, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में तेजी रही।
एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी तीन प्रतिशत से अधिक टूटा। जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग भी नकारात्मक दायरे में रहे। अमेरिकी बाजारों में नैस्डैक कम्पोजिट में बुधवार को 1.51 प्रतिशत और एसएंडपी 500 में 0.51 प्रतिशत की गिरावट आई। वहीं डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।
RBI फिर घटाएगा ब्याज दर? MPC की बैठक में क्या होगा फैसला – SBI रिसर्च का ताजा अनुमान
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 68.02 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 29.79 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 249.54 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
आईटी इंडस्ट्री के शेयरों में तेज गिरावट
इससे पहले कल (3 फरवरी 2026) न्यूयॉर्क में लिस्टेड भारत की प्रमुख आईटी कंपनियों इन्फोसिस लिमिटेड और विप्रो लिमिटेड के शेयरों में तेज गिरावट देखी गई। एंथ्रोपिक के नए एआई टूल्स से बिज़नेस पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। इन्फोसिस और विप्रो के ADR क्रमशः करीब 3% और 5% तक गिर गए।
इस बीच टेक शेयरों से भरा नैस्डैक कंपोज़िट इंडेक्स भी कमजोर रहा और लगभग 9:30 बजे ईटी पर 0.10% की गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा। यह बिकवाली अमेरिकी एआई कंपनी एंथ्रोपिक द्वारा एक नया ऑटोमेशन प्रोडक्ट लॉन्च किए जाने के बाद शुरू हुई। निवेशकों का मानना है कि यह नया एआई टूल पारंपरिक आईटी और डेटा सेवाओं की मांग को कम कर सकता है, जिससे सेक्टर पर दबाव बढ़ गया है।
Disclaimer: शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड या क्रिप्टोकरेंसी में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। इस लेख में दी गई जानकारी केवल सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है और इसे वित्तीय निवेश की सलाह नहीं माना जाना चाहिए। निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) से परामर्श जरूर करें। निवेश से होने वाले किसी भी लाभ या हानि के लिए वेबसाइट जिम्मेदार नहीं होगी।
