Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को आई तेजी के बाद बुधवार (4 फरवरी 2026) को ब्रेक लग गया। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बाद पिछले कारोबारी सत्र में देखी गई तेज रैली के बाद भारतीय इक्विटी बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी ने आज का सत्र सतर्क रुख के साथ खोला। बीएसई सेंसेक्स लगभग 0.5% फिसलकर 83,300 अंक से नीचे शुरू हुआ जबकि एनएसई निफ्टी लगभग 0.2% की गिरावट के साथ 25,700 के नीचे खुला।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बाद विदेशी निवेश एवं सकारात्मक बाजार माहौल से बाजारों में तेजी आई हालांकि, आईटी शेयर में आई भारी गिरावट ने तेजी को सीमित कर दिया। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 68.49 अंक चढ़कर 83,816.96 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 51.90 अंक की बढ़त के साथ 25,779.45 अंक पर पहुंच गया।
एशियाई बाजारों का हाल
अधिकतर एशियाई बाजार आज कमजोर शुरुआत के साथ खुले क्योंकि वॉल स्ट्रीट से मिले कमजोर संकेतों ने निवेशकों के मूड को प्रभावित किया। अमेरिकी टेक्नोलॉजी शेयरों में तेज गिरावट के बाद बाजार पर दबाव देखा गया।
रिकॉर्ड स्तर से तेज गिरावट के बाद सोने-चांदी में बड़ी रिकवरी
जापानी शेयरों में सबसे अधिक गिरावट रही। जहां निक्केई 225 लगभग 1.2% गिर गया जिसका मुख्य कारण टेक शेयरों पर दबाव रहा। वहीं व्यापक टॉपिक्स इंडेक्स में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई। वहीं दक्षिण कोरियाई बाजारों ने मजबूती दिखाई। कोस्पी इंडेक्स 0.4% बढ़ा जबकि कोसडैक में 1% से अधिक की बढ़त देखी गई।
सेंसेक्स पर इन शेयरों को फायदा-नुकसान
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक और आईटीसी के शेयर सबसे अधिक मुनाफे में रहे। दूसरी ओर इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा के शेयर में सबसे अधिक गिरावट आई। ये करीब पांच प्रतिशत तक टूटे। बीएसई आईटी सूचकांक शुरुआती कारोबार में 4.95 प्रतिशत टूटकर 35,311.34 अंक पर आ गया।
अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.68 प्रतिशत की बढ़त के साथ 67.77 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 5,236.28 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,014.24 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
[डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से निवेश सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। Jansatta.com अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।]
