Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार, 16 अक्टूबर को गिरावट देखने को मिली। दोनों प्रमुख सूचकांक 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी (NSE Nifty50) और 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (Bse Sensex) लाल निशान पर खुले।
शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 113 अंक टूटकर 74,187 के स्तर पर आ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 27.20 अंक गिरकर 22,967.15 पर कारोबार करता दिखा।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों का हाल
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फिनसर्व, हिंदुस्तान यूनिलीवर, लार्सन एंड टुब्रो, एशियन पेंट्स और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर में सबसे अधिक गिरावट रही। आईटी सेवा कंपनी टेक महिंद्रा के शेयर में पांच प्रतिशत की तेजी आई।
कंपनी के वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध मुनाफे में 32.74 प्रतिशत की वृद्धि की जानकारी देने के बाद उसका शेयर चढ़ा। वहीं इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, भारती एयरटेल और टाइटन के शेयर भी बढ़त में रहे।
एशियाई मार्केट में तेजी
एशियाई मार्केट में शुक्रवार को तेजी के साथ शुरुआत हुई। शुरुआती कारोबार में जापान का निक्केई 225 सूचकांक 1% से अधिक चढ़ गया, जबकि टॉपिक्स में 1.14% की बढ़त देखी गई। लगातार छह दिनों की गिरावट के बाद, शुक्रवार को दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.22% की तेजी के साथ खुला, जबकि स्मॉल-कैप कोस्डैक में 1.28% की बढ़त रही। ऑस्ट्रेलिया का बेंचमार्क S&P/ASX 200 सूचकांक 0.8% ऊपर रहा।
यूएस स्टॉक फ्यूचर्स
शुक्रवार सुबह US स्टॉक फ्यूचर्स में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखा। S&P 500 फ्यूचर्स स्थिर रहे, जबकि नैस्डैक-100 फ्यूचर्स में 0.3% की गिरावट आई। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज फ्यूचर्स भी स्थिर रहे। यूएस 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड 5.09% पर रही।
ब्रेंट क्रूड ऑयल
आज शुरुआती कारोबार में कच्चे तेल की कीमतों में मामूली गिरावट आई, जिसमें ब्रेंट क्रूड ऑयल 105.38 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड ऑयल फ्यूचर्स 0.7% गिरकर 97.27 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। कच्चे तेल की कीमतें अभी भी पश्चिम एशिया युद्ध से पहले के स्तरों की तुलना में काफी अधिक बनी हुई हैं।
यह भी पढ़ें: 21 अक्टूबर को खुलेगा जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO
जियो के आईपीओ के लिए लोग इंतजार कर रहे हैं। इस बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बड़ी खुशखबरी दी है। जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा। कयास लगाए जा रहे हैं कि यह आईपीओ सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ देगा।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने घोषणा की है कि उसकी प्रमुख डिजिटल सब्सिडियरी कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड ने अपने आईपीओ के लिए अहमदाबाद के रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज के पास रेड हियरिंग प्रोस्पेक्टस दाखिल कर दिया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
[डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से निवेश सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। Jansatta.com अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।]
