Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार (13 मार्च 2026) को एक बार फिर बड़ी गिरावट के साथ शुरुआत हुई। दोनों प्रमुख सूचकांक BSE Sensex और NSE Nifty लाल रंग के निशान पर खुले। दोपहर 1 बजे शेयर बाजार में भारी दबाव दिखा और सेंसेक्स 1200 से ज्यादा अंक जबकि निफ्टी 400 से ज्यादा अंक लुढ़ककर 23250 के नीचे कारोबार करता दिखा।

सेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में करीब एक प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और तेल की बढ़ती कीमतों से निवेशकों की भावनाएं लगातार प्रभावित हो रही हैं। वैश्विक बाजारों में भारी बिकवाली, विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और रुपये की कमजोरी ने भी मंदी के रुझान को और बढ़ा दिया।

इससे पहले आज शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 708.38 अंक या 0.93 प्रतिशत टूटकर 75,326.04 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 222.05 अंक या 0.93 प्रतिशत फिसलकर 23,417.10 अंक पर पहुंच गया।

Sensex पर इन कंपनियों को फायदा-नुकसान

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील, इंटरग्लोब एविएशन, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी बैंक और टेक महिंद्रा के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। दूसरी ओर पावर ग्रिड, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी और बजाज फिनसर्व के शेयर में तेजी दर्ज की गई।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिवकाल रहे थे और उन्होंने 7,049.87 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 7,449.77 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। 

क्रूड ऑयल

क्रूड ऑयल की कीमतें उस समय बढ़ीं जब ईरान ने एक अमेरिकी तेल टैंकर पर हमला किया। यह उछाल तब आया जब अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) ने आपातकालीन भंडार को रिलीज करने की घोषणा की थी।

रातभर में, वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) फ्यूचर्स 9.72% बढ़कर $95.73 प्रति बैरल पर बंद हुए। जबकि शुक्रवार सुबह इसमें 1.11% की गिरावट के साथ $94.67 प्रति बैरल पर ट्रेड किया गया। ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 9.22% बढ़कर $100.46 प्रति बैरल पर बंद हुए और आज सुबह 0.98% गिरकर $99.48 प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहे थे। COMEX पर क्रूड ऑयल की कीमतों में 0.16% की गिरावट दर्ज की गई और यह $95.580 प्रति बैरल पर आ गया।

एशियाई बाजार
शुक्रवार को एशियाई सूचकांक कमजोर शुरू हुए क्योंकि पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच क्रूड ऑयल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई। जापान का निक्केई 225 2% गिर गया जबकि व्यापक सूचकांक टॉपिक्स 1.4% नीचे रहा। दक्षिण कोरिया का ब्लू-चिप कोस्पी लगभग 3% लुढ़क गया और स्मॉल-कैप कोसडाक करीब 2% घटा। हॉन्ग कॉन्ग का हैंग सेंग इंडेक्स भी कमजोर खुलने के संकेत दे रहा था जिसमें फ्यूचर्स का अंतिम ट्रेड 25,467 पर था जबकि पिछले बंद स्तर 25,716.76 था।

अमेरिकी बाजार
गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजार भी कमजोर बंद हुए क्योंकि ईरान युद्ध के बीच तेल की बढ़ती कीमतों ने निवेशकों की भावनाओं को प्रभावित किया। डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 739.42 अंक या 1.56% गिरकर 46,677.85 पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 1.52% घटकर 6,672.62 पर और नैस्डैक कंपोजिट 1.78% की गिरावट के साथ 22,311.98 पर बंद हुआ।