अमेरिका-भारत व्यापार समझौते पर बाजार में रौनक लौट आई। मंगलवार (3 फरवरी 2026) को दोनों प्रमुख सूचकांकों में तूफानी तेजी दर्ज की गई। कारोबार बंद होने के समय Sensex 2072 अंक उछलकर 8,3739 पर बंद हुआ। जबकि एनएसई निफ्टी 639 अंक चढ़कर 25727 पर बंद हुआ।
इससे पहले आज सुबह एनएसई निफ्टी 1,000 अंक उछलकर खुला। लंबे समय से प्रतीक्षित अमेरिका-भारत व्यापार समझौते और भारतीय वस्तुओं पर अमेरिकी टैरिफ में 50% से 18% की भारी कटौती के बाद भारतीय इक्विटी बाजारों ने जोरदार शुरुआत की।
इस समझौते के तहत वाशिंगटन भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 3,656.74 अंक चढ़कर 85,323.20 पर पहुंच गया। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 1,219.65 अंक की बढ़त के साथ 26,308.05 पर पहुंच गया। बाद में दोनों सूचकांकों ने अपनी बढ़त को आगे बढ़ाया। सेंसेक्स 4,205.27 अंक या 5.14 प्रतिशत बढ़कर 85,871.73 पर पहुंच गया।
ट्रंप से ट्रेड डील में सफल कूटनीति की झलक, US को पाकिस्तान-चीन से कम टैरिफ देगा भारत
भारत-यूएस ट्रेड डील
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय वस्तुओं पर पारस्परिक शुल्क को 25% से घटाकर 18% करने की घोषणा की। ट्रम्प के अनुसार, यह टैरिफ ‘तुरंत प्रभावी’ है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भारत अमेरिका के लिए टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को कम करने और ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि और अन्य क्षेत्रों में खरीद बढ़ाने पर सहमत हुआ है।
बाजार में पिछले दिन का हाल
उतार-चढ़ाव भरे दिन के बाद भारतीय शेयरों ने 2 फरवरी के सत्र को मजबूती के साथ समाप्त किया। सेंसेक्स 943 अंक बढ़कर 81,666 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी करीब 263 अंक बढ़कर 25,100 के करीब बंद हुआ।
अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया मजबूत
अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 124 पैसे मजबूत होकर 90.25 रुपये प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद।
Share Market Today Live: शेयर बाजार में आज बम-बम
शेयर बाजार में लौटी रौनक! भारत-यूएस ट्रेड डील के बाद Sensex 2072 अंक चढ़कर 83,739 पर बंद हुआ जबकि Nifty 25727 पर पहुंचा।
अमेरिकी शुल्क कटौती श्रम-प्रधान क्षेत्रों के लिए सकारात्मक: मूडीज
मूडीज रेटिंग्स ने मंगलवार को कहा कि अधिकांश भारतीय सामानों पर अमेरिकी शुल्क में कटौती से रत्न एवं आभूषण, कपड़ा और परिधान जैसे श्रम प्रधान क्षेत्रों की ऋण चुकाने की क्षमता बेहतर होगी। इन क्षेत्रों का देश के निर्यात में महत्वपूर्ण योगदान है। भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए हैं, जिसके तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को मौजूदा के 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा।
Share Market Today Live: 55 रुपये चढ़ा टीसीएस का शेयर
TCS के शेयर में आज करीब 1.82 प्रतिशत की तेजी आई है। टाटा की कंपनी का यह शेयर करीब 58 रुपये की तेजी के साथ 3227 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा है।
डॉलर के मुकाबले रुपया हुआ मजबूत
रुपए ने 2013 के बाद से एक दिन में सबसे अच्छी बढ़त दर्ज की जो 1.6% मजबूत होकर 90.038 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। यह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर टैरिफ घटाकर 18% कर देगा। आरबीआई की विदेशी मुद्रा नीति भी चीजों को जटिल बना सकती है। आरबीआई पिछले कुछ महीनों से भारतीय रुपये में छोटी और लंबी दोनों तरह की एकतरफा सट्टा स्थिति को रोकने के लिए अप्रत्याशित तरीके से हस्तक्षेप कर रहा है।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से एफडीआई प्रवाह बढ़ेगा, रुपया होगा मजबूत
प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी-पीएम) के चेयरमैन एस महेंद्र देव ने मंगलवार को कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से देश में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के साथ-साथ पोर्टफोलियो निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा, जिसका रुपये के मूल्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए जिसके तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा, जो चीन, बांग्लादेश और वियतनाम जैसे देशों की तुलना में कम है।
Share Market Today Live: 'भारत अब एक बेहतर स्थिति में'
एक्वस (Aequs) के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन और सीईओ अरविंद मेलिगेरी ने कहा कि अमेरिका द्वारा टैरिफ को 50% से घटाकर 18% करना और हाल ही में हुआ भारत-ईयू एफटीए समझौता वैश्विक सप्लाई चेन में भारत की अहमियत को फिर से मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी टैरिफ में कमी से एशिया के अन्य देशों के मुकाबले भारत की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में बड़ा सुधार हुआ है और भारत अब एक बेहतर स्थिति में पहुंच गया है।
उन्होंने बताया कि चीन पर 30% और वियतनाम पर 19% टैरिफ लागू है, जबकि भारत क्षेत्र में सबसे कम 18% टैरिफ पर है, जिससे खासकर खिलौना और एयरोस्पेस सेक्टर को बड़ा फायदा होगा। उन्होंने कहा कि इन सेक्टरों में ग्राहकों को पहले भारत से खरीद पर 50% टैरिफ देना पड़ता था।
मेलिगेरी के मुताबिक, टैरिफ में कमी से कीमत तय करने में अधिक लचीलापन मिलेगा, ग्राहकों का भरोसा मजबूत होगा और सप्लाई चेन का संतुलन दोबारा भारत की ओर शिफ्ट होने की प्रक्रिया तेज होगी। उन्होंने इसे भारतीय कारोबार के लिए बड़ा सकारात्मक संकेत बताया।
ट्रेड डील पर मोबाइल इंडस्ट्री का रुख
मोबाइल उद्योग के संगठन आइसीईए ने मंगलवार को कहा कि भारत से अमेरिका को होने वाले निर्यात पर तय की गई 18 प्रतिशत की शुल्क दर एक वैश्विक विनिर्माण और निर्यात केंद्र के रूप में भारत के आकर्षण को बनाए रखेगी। भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए हैं, जिसके तहत वाशिंगटन भारतीय सामानों पर जवाबी शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा।
आइसीईए के चेयरमैन पंकज महेंद्रू ने एक बयान में कहा, ''यह भारत के लिए एक सकारात्मक परिणाम है। इस शुल्क दर के साथ भारत प्रमुख विनिर्माण प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले बेहतर स्थिति में है और एक वैश्विक विनिर्माण एवं निर्यात केंद्र के रूप में अपना आकर्षण बरकरार रखे हुए है।'' उन्होंने आगे कहा कि हालांकि हम सौदे के विस्तृत विवरण का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन यह दिशा स्पष्ट रूप से विनिर्माण को बढ़ाने और अमेरिका के नेतृत्व वाली वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं, विशेष रूप से इलेक्ट्रॉनिक्स में गहराई से जुड़ने की भारत की रणनीति का समर्थन करती है। सूत्रों के अनुसार मोबाइल फोन और सेमीकंडक्टर सहित इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद शुल्क से मुक्त बने हुए हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन लगभग 19 प्रतिशत बढ़कर 11.3 लाख करोड़ रुपये हो गया और निर्यात 37.5 प्रतिशत बढ़कर 3.3 लाख करोड़ रुपये रहा।
शेयर बाजार में मजबूती बरकरार
इस समय, भारतीय बाजार मजबूत कारोबार कर रहे हैं। सेंसेक्स 2.78% बढ़कर 83,938.83 अंक पर और निफ्टी 2.82% बढ़कर 25,796.05 पर है।सेंसेक्स के शेयरों में अडानी पोर्ट्स 8.04% ऊपर, बजाज फाइनेंस 6.54% चढ़ा, सन फार्मा 4.81% चढ़ा, इंडिगो 4.58% चढ़ा और बजाज फिनसर्व 4.39% चढ़ा।
अमेरिका-भारत व्यापार समझौते से ट्रेड बढ़ेगा
ओमनीसाइंस कैपिटल के सीईओ और मुख्य निवेश रणनीतिकार विकास गुप्ता ने कहा, "अमेरिका-भारत व्यापार समझौते से अमेरिका-भारत व्यापार को उल्लेखनीय रूप से बढ़ावा मिलने की संभावना है। अधिक महत्वपूर्ण यह है कि घरेलू निवेशकों के साथ-साथ एफआईआई दोनों के लिए धारणा सकारात्मक हो रही है। भारतीय रुपये पर दबाव के कारण निरंतर आधार पर भारतीय रुपये के 90 से नीचे आने की संभावना है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जो बाजार एक दिशा पाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, वे संभवत: मंदी के दौर में हैं और मंदी का बाजार संभवत: समाप्त हो रहा है।"उन्होंने कहा, "बेशक, विवरण अभी तक सामने नहीं आया है, लेकिन अगर कोई ट्रम्प के ट्वीट, बजट प्रावधानों, भारत-ईयू एफटीए और भारत-न्यूजीलैंड एफटीए को पार्स करता है तो एक अच्छी प्रत्याशित समझ मिल सकती है।"
भारत-यूएस ट्रेड डील इक्विटी बाजारों के लिए बड़ा सकारात्मक संकेत
कुल मिलाकर यह डील भारतीय इक्विटी बाजारों के लिए एक बड़ा सकारात्मक संकेत मानी जा रही है। एसबीआई सिक्योरिटीज में फंडामेंटल रिसर्च के हेड सनी अग्रवाल ने कहा, “टैरिफ में बड़ी कटौती देखने को मिल रही है, 50% से घटकर 18% जो टेक्सटाइल, सीफूड, केमिकल्स, ऑटो एंसिलरी और सोलर जैसे न्यू एनर्जी सेक्टर के लिए बेहद अच्छी खबर है।”
टेक्सटाइल सेक्टर में वे कंपनियां सबसे ज्यादा लाभ में रहेंगी जिनकी अमेरिका में 20% से 70% तक की एक्सपोज़र है। इनमें गोकलदास, वेलस्पन इंडिया, हिमतसिंका सेइडे, ट्राइडेंट और एसपी अपैरल्स जैसी कंपनियां प्रमुख हैं।
Nifty FMCG में गिरावट
निफ्टी एफएमसीजी में गिरावट का रुख, आज, 03 फरवरी को 0.18% गिर रहा है। जबकि बेंचमार्क ऐतिहासिक ऊंचाई पर हैं, निफ्टी एफएमसीजी लाल रंग में कारोबार करने वाला एकमात्र सेक्टर था। गोदरेज कंज्यूमर, नेस्ले इंडिया, ब्रिटानिया, आईटीसी, डाबर और कई अन्य एफएमसीजी स्टॉक लाल निशान में थे।
Share Market Today Live: एचडीएफसी बैंक का शेयर उछला
HDFC Bank का शेय करीब 2.45 प्रतिशत ऊपर है। अभी 11.14 बजे शेयर 950 रुपये पर कारोबार कर रहा है।
Share Market Today Live: अडानी ग्रीन एनर्जी में 10 प्रतिशत का उछाल
अडानी ग्रीन एनर्जी का शेयर आज बाजार खुलते ही करीब 10 प्रतिशत उछल गया। अभी 10.51 बजे यह शेयर 928 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा है।
इंडिया-यूएस ट्रेड डील के बाद भागा शेयर बाजार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ फोन पर हुई बातचीत के बाद कहा कि भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए हैं, जिसके तहत वाशिंगटन भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा।
India-US ट्रेड डील के बीच सेंसेक्स-निफ्टी में तेजी
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बनने के बाद मंगलवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त तेजी देखी गई।
Nifty Auto Index में बढ़ोत्तरी
शुरुआती कारोबारी घंटों में, निफ्टी ऑटो इंडेक्स 3% से अधिक बढ़ गया क्योंकि बाजारों ने लंबे समय से प्रतीक्षित यूएस-भारत व्यापार समझौते पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। ऑटो शेयरों में भारत फोर्ज ने 8% की छलांग लगाई, सोनाकॉम्स ने 7% की बढ़ोतरी की और मदरसन ने 6% की बढ़ोतरी की।
अन्य प्रमुख ऑटो कंपनियों के शेयरों में भी बढ़त दर्ज की गई। टीआई इंडिया में 6.42%, यूनोमिंडा में 4.80%, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 3% और बॉश लिमिटेड में लगभग 3% की बढ़ोतरी हुई।
दोपहिया और यात्री वाहन शेयरों में भी वृद्धि देखी गई। अशोक लीलैंड में 3% की बढ़ोतरी हुई, मारुति और आयशर मोटर्स में लगभग 3% की बढ़ोतरी हुई और हीरो मोटोकॉर्प में 2% की बढ़ोतरी हुई। टीवीएस मोटर और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स में 2.5% की बढ़ोतरी हुई जबकि बजाज ऑटो और एक्साइड इंडस्ट्रीज में 2% की बढ़ोतरी हुई।
