Stock market closing: भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को भारी गिरावट के साथ शुरुआत की थी। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 699.74 अंक टूटकर 73,959.48 पर पहुंच गया था, लेकिन दिनभर के उतार-चढ़ाव के बीच बाजार ने निचले स्तरों से अच्छी रिकवरी दिखाई। हालांकि, कारोबार के अंत में सेंसेक्स 303.67 अंक की गिरावट के साथ 74,346.17 पर बंद हुआ।
वहीं, निफ्टी 77.95 अंक फिसलकर 23,405.60 के स्तर पर बंद हुआ। शुरुआती दबाव के बावजूद बाजार ने अधिकांश नुकसान की भरपाई की, लेकिन आईटी शेयरों में कमजोरी ने निवेशकों की धारणा पर असर डाला। आईटी शेयरों में करीब 8% से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली।
सेंसेक्स की कंपनियों का हाल
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से टीसीएस में 8.43 प्रतिशत की भारी गिरावट आई, इसके बाद टेक महिंद्रा (6.23 प्रतिशत), एचसीएल टेक (5.25 प्रतिशत) और इंफोसिस (3.82 प्रतिशत) का नंबर रहा। आईटीसी, इटरनल, लार्सन एंड टर्बो और बजाज फाइनेंस भी गिरावट वाले शेयरों में शामिल थे।
इंडिगो, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक और ट्रेंट ब्लू-चिप शेयरों में बढ़त बनाने वाले शेयरों में शामिल थे।
वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेड क्रूड 3 प्रतिशत उछलकर 98.92 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने मंगलवार को 8,362.92 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
एशियाई बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 225 इंडेक्स और शंघाई का SSE कम्पोजिट इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुआ। दक्षिण कोरियाई बाजार छुट्टी के कारण बंद थे।
यूरोप के बाजार अधिकतर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाज़ार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए।
मंगलवार को सेंसेक्स 382.50 अंक, या 0.52 प्रतिशत चढ़कर 74,649.84 पर बंद हुआ। निफ्टी 100.95 अंक या 0.43 प्रतिशत बढ़कर 23,483.55 पर बंद हुआ।
यह भी पढ़ें: दुनिया के सबसे बड़े शेयर बाजारों की रैंकिंग कैसे तय होती है?
दुनिया के सबसे बड़े शेयर बाजारों की रैंकिंग में हाल ही में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। दक्षिण कोरिया ने भारत को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के छठे सबसे बड़े शेयर बाजार का स्थान हासिल कर लिया है। कुछ समय पहले तक भारत इस स्थान पर था, लेकिन अब वह एक पायदान नीचे खिसक गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
