SGB 2019-20 Series III: अगर आपने अगस्त 2019 में सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB 2019-20 Series III) खरीदा था, तो आपके लिए एक अहम अपडेट है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इस बॉन्ड के लिए प्रीमैच्योर रिडेम्पशन यानी तय समय से पहले पैसे वापस लेने की कीमत घोषित कर दी है। इस ट्रांच की इश्यू डेट 14 अगस्त 2019 थी और निवेशक 14 अगस्त 2026 से इसे समय से पहले रिडीम कर सकेंगे।

RBI ने बताया कि सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड को इश्यू की तारीख से 5 साल पूरे होने के बाद, ब्याज भुगतान वाली तारीख पर समय से पहले रिडीम करने की अनुमति मिलती है। यानी जिन निवेशकों को अब इस बॉन्ड से बाहर निकलना है, वे RBI द्वारा तय किए गए रिडेम्पशन प्राइस पर अपना निवेश भुना सकते हैं।

कैसे तय होता है SGB का रिडेम्पशन प्राइस?

सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) का रिडेम्पशन प्राइस सीधे बाजार में चल रहे सोने के भाव से जुड़ा होता है। RBI इसकी गणना एक तय नियम के अनुसार करता है, ताकि सभी निवेशकों को एक समान और पारदर्शी कीमत मिल सके।

इसके लिए इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा प्रकाशित 999 शुद्धता वाले सोने के पिछले तीन कार्यदिवसों के क्लोजिंग प्राइस लिए जाते हैं। इन तीनों दिनों के दाम का साधारण औसत (Simple Average) निकाला जाता है और वही SGB का रिडेम्पशन प्राइस बनता है।

SGB 2019-20 सीरीज III के लिए प्रीमैच्योर रिडेम्पशन प्राइस क्या है?

14 अगस्त, 2026 को ड्यू प्रीमैच्योर रिडेम्पशन प्राइस, पिछले तीन कारोबारी दिवस के सोने के क्लोजिंग प्राइस के सिंपल एवरेज के आधार पर, SGB की प्रति यूनिट 15,310 रुपये तय की गई है।

प्रीमैच्योर रिडेम्पशन पर कितना रिटर्न दिया है?

SGB 2019-20 सीरीज़ III ऑनलाइन बॉन्ड के लिए 3449 रुपये प्रति ग्राम पर जारी की गई थी। यह प्रीमैच्योर रिडेम्पशन की तारीख पर लगभग 344% का एब्सोल्यूट सिंपल रिटर्न देगी।

एब्सोल्यूट रिटर्न Rs 15,310 -Rs 3,449 = Rs 11,861 (ब्याज को शामिल किए बिना) आता है। प्रतिशत के हिसाब से, यह (Rs 11,861 ÷ 3,449 × 100) = 343.87% है।

आज इस SGB में 1 लाख रुपये के निवेश की कीमत क्या होगी?

लगभग 344% एब्सोल्यूट रिटर्न का मतलब है कि 2019 में इसके जारी होने के समय इस SGB सीरीज़ में 1 लाख रुपये का निवेश आज लगभग 4.44 लाख रुपये का होगा, जिसमें SGB पर कमाए गए ब्याज को शामिल नहीं किया गया है।

जिन निवेशकों ने इसी सीरीज के SGB ऑफलाइन खरीदे थे, उनके लिए इश्यू प्राइस 3,499 रुपये प्रति ग्राम सोना था। SGB की ऑनलाइन खरीद पर 50 रुपये का डिस्काउंट मिलता था।

यह भी पढ़ें: 5 रुपये से शुरू कर सकते हैं गोल्ड में निवेश

आज के समय में डिजिटल गोल्ड के जरिए आप बहुत कम रकम से भी सोने में निवेश शुरू कर सकते हैं। खास बात यह है कि डिजिटल गोल्ड में निवेश की शुरुआत सिर्फ 5 रुपये से भी की जा सकती है। यहां पढ़ें पूरी खबर…

[ डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें दी गई रिटर्न, निवेश मूल्य और कैपिटल गेन की गणनाएं उपलब्ध आंकड़ों एवं अनुमानित कैलकुलेशन पर आधारित हैं। वास्तविक रिटर्न निवेश की तारीख, खरीदी गई यूनिट्स, खरीद मूल्य और प्राप्त ब्याज के आधार पर अलग हो सकता है। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) में निवेश से जुड़े किसी भी निर्णय से पहले आधिकारिक RBI दिशानिर्देशों और अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श अवश्य करें।]