सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला। वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेत, बैंकिंग शेयरों में मुनाफावसूली और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के दबाव में शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में कारोबार करते दिखे।
बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) शुरुआती कारोबार में 541.02 अंक (0.69%) की गिरावट के साथ 77,610.43 पर खुला। वहीं निफ्टी 50 (Nifty 50) 128.50 अंक (0.53%) फिसलकर 24205.80 पर पहुंच गया।
इन शेयरों में रही तेजी
सेंसेक्स के शेयरों में टेक महिंद्रा और आईसीआईसीआई बैंक करीब 1.88% की बढ़त के साथ सबसे आगे रहे। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और भारती एयरटेल के शेयरों में भी बढ़त दर्ज की गई।
इन शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट
वहीं एक्सिस बैंक में 4.31%, एचडीएफसी बैंक में 4.15%, कोटक महिंद्रा बैंक में 2.46% और इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) में 1.58% की गिरावट देखी गई।
क्या है गिरावट की वजह?
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य निवेश रणनीतिकार डॉ. वी.के. विजयकुमार के अनुसार, फिलहाल बाजार पर कुछ नकारात्मक और कुछ सकारात्मक कारकों का असर है। उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण ब्रेंट क्रूड 90 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया है। यदि यह स्थिति बनी रहती है तो भारत पर ऊर्जा आयात का दबाव बढ़ सकता है, जिससे रुपये और विदेशी निवेश (FPI) पर असर पड़ सकता है।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका, दक्षिण कोरिया और ताइवान जैसे देशों में एआई (AI) से जुड़े शेयरों की तेजी कमजोर पड़ रही है जिससे भारत जैसे बाजार विदेशी निवेशकों के लिए अधिक आकर्षक बन सकते हैं।
एशियाई बाजारों का हाल
सोमवार को एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। जापान का निक्केई 225 4.03% गिर गया जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.38% नीचे रहा। वहीं ऑस्ट्रेलिया का ASX 200 0.30% की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा।
अमेरिकी वायदा बाजार और कच्चा तेल
अमेरिकी शेयर बाजार के वायदा सूचकांक हल्की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं WTI क्रूड 1.96% बढ़कर 84.16 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 2.37% की तेजी के साथ 90.23 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
