NFO Review । SBI Quality Fund : एसबीआई म्यूचुअल फंड ने एक नई इक्विटी स्कीम लॉन्च की है, जो “क्वॉलिटी फैक्टर” पर आधारित है। एसबीआई क्वॉलिटी फंड के नाम से पेश इस स्कीम का फोकस उन कंपनियों पर रहेगा जिनके फंडामेंटल्स मजबूत हैं, बैलेंस शीट अच्छी है और बिजनेस मॉडल लंबे समय तक टिके रहने वाला है। सवाल यह है कि इस NFO में जिस “क्वॉलिटी फैक्टर” की बात की जा रही है उसमें नया क्या है और यह स्कीम किन निवेशकों के लिए सही हो सकती है।

क्वॉलिटी फैक्टर का क्या है मतलब?

म्यूचुअल फंड स्कीम में क्वॉलिटी फैक्टर आधारित निवेश का मतलब ऐसी कंपनियों में पैसा लगाना है, जिनकी कमाई स्टेबल हो, कर्ज कम हो और कॉरपोरेट गवर्नेंस मजबूत हो। यह तरीका उन कंपनियों के शेयरों को चुनने पर जोर देता है जो लंबे समय तक अपने कारोबार में टिके रहने की क्षमता रखते हों। आमतौर पर ऐसे शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव में कम झटके खाते हैं, क्योंकि इन कंपनियों की आर्थिक स्थिति बेहतर होती है।

फंड का उद्देश्य और निवेश रणनीति

SBI Quality Fund का उद्देश्य लंबी अवधि के दौरान कैपिटल ग्रोथ हासिल करना है। इसके लिए यह स्कीम उन कंपनियों के शेयरों में निवेश करेगी, जिन्हें क्वॉलिटी फैक्टर के आधार पर चुना जाएगा। हालांकि फंड हाउस ने यह भी साफ किया है कि निवेश का यह उद्देश्य हासिल होने की कोई गारंटी नहीं है।
स्कीम का स्ट्रक्चर इस तरह से बनाया गया है कि इसका बड़ा हिस्सा इक्विटी और उससे जुड़े इंस्ट्रूमेंट्स में लगाया जाएगा। साथ ही इसका कुछ हिस्सा डेट और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स में लगाने की गुंजाइश भी रखी गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर रिस्क को बैलेंस किया जा सके।

Also read : NFO Review : जियो ब्लैकरॉक सेक्टर रोटेशन फंड क्यों है अलग, क्या आपको करना चाहिए निवेश?

इस NFO में क्या अलग है?

SBI म्यूचुअल फंड की यह नई स्कीम न तो किसी एक सेक्टर पर निर्भर होगी और न ही पूरी तरह बाजार के ट्रेंड पर। इसका जोर कंपनियों की मजबूती पर रहेगा। हालांकि क्वॉलिटी फैक्टर आधारित फंड को पहले से मौजूद फैक्टर इन्वेस्टिंग की कैटेगरी में ही रखा जाता है। बरसों से चली आ रही स्कीम की तरह NFO में पिछले प्रदर्शन का कोई ट्रैक रिकॉर्ड नहीं होता। लिहादा सही स्कीम का चुनाव करना मुश्किल हो सकता है। इसलिए किसी NFO में पैसे तभी लगाने चाहिए, जब उन्हें नए फंड की कंसेप्ट और इनवेस्टमेंट स्ट्रैटजी वाकई ऐसी हो, जो बाजार में पहले से मौजूद नहीं है। 

लॉन्ग टर्म इक्विटी इनवेस्टमेंट पर जोर

SBI फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड के एमडी और सीईओ नंद किशोर के अनुसार, “SBI क्वॉलिटी फंड मजबूत फंडामेंटल, अच्छी गवर्नेंस और टिकाऊ बिजनेस मॉडल वाली कंपनियों में निवेश करेगा। इससे अलग-अलग मार्केट साइकल के दौरान लॉन्ग टर्म वेल्थ क्रिएशन किया जा सकता है।”

वहीं, एएमसी के डिप्टी एमडी और जॉइंट सीईओ डी पी सिंह का कहना है, “यह फंड उन निवेशकों के लिए है जो मजबूत बैलेंस शीट और ठोस फंडामेंटल वाली क्वॉलिटी कंपनियों में पैसे लगाकर लॉन्ग टर्म इक्विटी पोर्टफोलियो तैयार करना चाहते हैं। यह स्कीम एक्टिव और रिसर्च आधारित निवेश पर जोर देकर एक क्वॉलिटी पर फोकस करने वाला ऑप्शन मुहैया कराएगी।”

Also read : Economic Survey 2025-26: आर्थिक सर्वेक्षण ने दिखाईं 2026 की 3 तस्वीरें, क्या हैं खतरे और उनसे निकलने का रास्ता

निवेश का तरीका और फंड मैनेजमेंट

इस स्कीम में लंपसम इनवेस्टमेंट के अलावा सिस्टमैटिक इनवेस्टमेंट प्लान यानी SIP के जरिए भी निवेश किया जा सकता है। इस फंड के मैनेजर अनूप उपाध्याय होंगे, जिन्हें भारतीय इक्विटी बाजार का 15 साल से ज्यादा का अनुभव है। उनका काम ऐसी कंपनियों की पहचान करना होगा जो क्वॉलिटी फैक्टर पर खरी उतरती हों। इस स्कीम में पैसे लगाने वालों को अपना निवेश कम से कम 5–7 साल तक बनाए रखने की तैयारी रखनी चाहिए। 

किन निवेशकों के लिए सही है ये ऑप्शन?

यह NFO उन निवेशकों के लिए डिजाइन किया गया है जो लंबी अवधि के नजरिए से इक्विटी में निवेश करना चाहते हैं और क्वॉलिटी शेयर्स पर आधारित रणनीति पर भरोसा करते हैं। हालांकि निवेश से जुड़ा कोई भी फैसला करने से पहले यह याद रखना जरूरी है कि यह पूरी तरह इक्विटी आधारित स्कीम है, इसलिए इसमें हाई मार्केट रिस्क मौजूद रहेगा। फैसला करते समय अपनी जोखिम लेने की क्षमता और निवेश के लक्ष्य को ध्यान में रखना भी जरूरी है।

Also read : Economic Survey 2025-26 : आर्थिक सर्वेक्षण की 10 बड़ी बातें, ग्रोथ, महंगाई, रोजगार और निवेश पर क्या हैं संकेत

NFO की बड़ी बातें

  • फंड का नाम: SBI Quality Fund
  • NFO में सब्सक्रिप्शन की अवधि: 28 जनवरी 2026 से 11 फरवरी 2026
  • निवेश का उद्देश्य : क्वॉलिटी फैक्टर आधारित कंपनियों में निवेश करके लॉन्ग टर्म वेल्थ क्रिएशन 
  • एसेट एलोकेशन:
  • – क्वॉलिटी फैक्टर आधारित इक्विटी और इक्विटी से जुड़े इंस्ट्रूमेंट्स में : 80% से 100%
  • – अन्य इक्विटी, डेट और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स में : 0 से 20%
  • – InvITs द्वारा जारी यूनिट्स में : 0 से 10%
  • कम से कम निवेश : 5,000 रुपये (इसके बाद 1 रुपये के मल्टीपल में)
  • SIP ऑप्शन : डेली, वीकली, मंथली, तिमाही, छमाही और सालाना
  • फंड मैनेजर : अनूप उपाध्याय

(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, किसी स्कीम में निवेश की सलाह देना नहीं. निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने के बाद और सेबी से मान्यताप्राप्त इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेकर ही करें.)