SBI Q1 Results : भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने आज यानी 7 अगस्त को चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए है। अप्रैल-जून 2026 तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन बेसिस पर शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 10.2 प्रतिशत बढ़कर 21,121.22 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 19,160.44 करोड़ रुपये था।

कंपनी का शुद्ध ब्याज आय (NII) सालाना आधार पर 15 प्रतिशत बढ़कर 46,992 करोड़ रुपये रही। शुद्ध ब्याज मार्जिन (NIM) 2.86 प्रतिशत रहा।

शेयर बाजार को बैंक ने बताया कि जून 2026 तिमाही में उसकी कुल स्टैंडअलोन इनकम सालाना आधार पर 6.2% बढ़कर 1,43,819.15 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले यह 1,35,341.55 करोड़ रुपये थी।

ऑपरेटिंग प्रॉफिट बढ़कर 33,529.18 करोड़ रुपये हो गया, जो जून 2025 तिमाही में 30,544.47 करोड़ रुपये था।

जून 2026 तिमाही में SBI की एसेट क्वालिटी में और सुधार आया है। ग्रॉस NPA रेशियो गिरकर 1.47 प्रतिशत रह गया। एक साल पहले यह 1.83 प्रतिशत था। नेट NPA रेशियो 0.38 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो जून 2025 तिमाही में 0.47 प्रतिशत था। तिमाही आधार पर भी NPA रेशियो में गिरावट है।

शेयर में उछाल

तिमाही नतीजे सामने आने के बाद शेयर BSE पर 3.6 प्रतिशत तक चढ़कर 1124.40 रुपये के हाई तक गया। वही, बैंक का शेयर 1.03% की तेजी के साथ 1096.05 रुपये के स्तर पर बंद हुआ।

शेयर आज अपने पिछले बंद 1,084.85 रुपये के मुकाबले गिरावट के साथ 1,081.95 रुपये के स्तर पर खुला था। इसका दिन का उच्चतर स्तर 1,124.40 रुपये और दिन का निचला स्तर 1,075.30 रुपये है। बैंक का मार्केट कैप 10,11,721.84 करोड़ रुपये है।

एसबीआई के बारे में

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) भारत का सबसे बड़ा और सबसे पुराना सार्वजनिक क्षेत्र का वाणिज्यिक बैंक है। इसकी स्थापना वर्ष 1955 में हुई थी। बैंक का मुख्यालय मुंबई, महाराष्ट्र में स्थित है। SBI देशभर में फैले अपने व्यापक शाखा नेटवर्क, एटीएम और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के जरिए करोड़ों ग्राहकों को बैंकिंग सुविधाएं प्रदान करता है।

यह भी पढ़ें: Bond Market क्या होता है?

किसी कंपनी को जब नया प्लांट लगाना हो, कारोबार बढ़ाना हो, तो उसे बड़ी रकम की जरूरत पड़ती है। ऐसे में आमतौर पर लोगों को लगता है कि कंपनियां बैंक से लोन लेती होंगी। लेकिन हकीकत यह है कि कई बड़ी कंपनियां बैंक से कर्ज लेने के बजाय बॉन्ड जारी करके निवेशकों से पैसा जुटाती हैं।

आखिर ऐसा क्यों होता है? बॉन्ड मार्केट क्या है, यह कैसे काम करता है। आइए आसान भाषा में समझते हैं…

[Disclaimer: शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड या क्रिप्टोकरेंसी में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। इस लेख में दी गई जानकारी केवल सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है और इसे वित्तीय निवेश की सलाह नहीं माना जाना चाहिए। निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) से परामर्श जरूर करें। निवेश से होने वाले किसी भी लाभ या हानि के लिए वेबसाइट जिम्मेदार नहीं होगी।]