SBI Q2 results: भारतीय स्टेट बैंक ने चालू वित्तीय वर्ष के दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए है। कंपनी ने मंगलवार को बताया कि वित्त वर्ष 2027 की सितंबर तिमाही में उसका नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 14.28% बढ़कर 23,037.95 करोड़ रुपये हो गया है। बैंक को यह फायदा अपनी फंड मैनेजमेंट सब्सिडियरी में हिस्सेदारी बेचने से मिले असाधारण लाभ और कम प्रोविज़न के कारण हुआ है।
एक्सचेंज को दी गई जानकारी के मुताबिक, पिछले साल की इसी तिमाही में सार्वजनिक क्षेत्र के इस बैंक का नेट प्रॉफिट 20,159.67 करोड़ रुपये था। जून तिमाही के 21,121.22 करोड़ रुपये के मुकाबले, इसके प्रॉफिट में 9.07% की बढ़ोतरी हुई है।
रेगुलेटरी फाइलिंग के अनुसार, बैंक की कुल आय पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के 1,34,979 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,43,796 करोड़ रुपये हो गई है।
इस अवधि के दौरान ब्याज से होने वाली कमाई, वित्त वर्ष 2026 (FY26) की इसी तिमाही के 1,19,654 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,32,019 करोड़ रुपये हो गई।
30 सितंबर, 2026 तक बैंक के ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (NPA) घटकर कुल एडवांस के 1.39 प्रतिशत रह गए, जो एक साल पहले 1.73 प्रतिशत थे। इसी तरह, नेट एनपीए या बैड लोन भी घटकर एडवांस के 0.36 प्रतिशत रह गए, जो पहले 0.42 % थे।
नतीजतन, बैड लोन के लिए किए जाने वाले प्रोविज़न (प्रावधान) घटकर 2,759 करोड़ रुपये रह गए, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में यह आंकड़ा 4,132 करोड़ रुपये था।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, कंसोलिडेटेड आधार पर SBI ग्रुप ने दूसरी तिमाही में 20 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 25,361 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया, जबकि वित्त वर्ष 2026 की जुलाई-सितंबर तिमाही में यह 21,137 करोड़ रुपये था।
कुल आय एक साल पहले की समान अवधि के 1,75,898 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,87,756 करोड़ रुपये हो गई। सितंबर 2025 के अंत में कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो (पूंजी पर्याप्तता अनुपात) भी 14.62 प्रतिशत से बढ़कर 16.09 प्रतिशत हो गया।
यह भी पढ़ें: अनिल अग्रवाल की कंपनी ने जारी किए वित्तीय नतीजे
अनिल अग्रवाल की कंपनी वेदांता लिमिटेड ने बुधवार को चालू वित्तीय वर्ष के दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए। कंपनी ने दूसरी तिमाही में अपने कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर (YoY) 78 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की, जो 6,202 करोड़ रुपये हो गया। यह आंकड़ा पिछले साल की इसी तिमाही में 3,479 करोड़ रुपये था। यहां पढ़ें पूरी खबर…
