Rupees Vs Dollar: रुपया शुक्रवार, 20 मार्च 2026 को शुरुआती कारोबार में 19 पैसे टूटकर अब तक के सबसे निचले स्तर 93.08 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच अमेरिकी डॉलर में मजबूती एवं विदेशी पूंजी की निकासी जारी रहने से घरेलू मुद्रा दबाव में है।
गिरावट की वजह
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने स्थानीय मुद्रा पर और दबाव डाला। हालांकि घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक शुरुआत ने मुद्रा में और अधिक गिरावट को कुछ हद तक रोक दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 92.92 पर खुला। हालांकि जल्द ही और गिरावट के साथ यह 93 के स्तर से नीचे चला गया तथा 93.08 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 19 पैसे कम है।
रुपया बुधवार को 92.89 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था। विदेशी मुद्रा बाजार गुड़ी पड़वा के मौके पर गुरुवार को बंद थे। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 100.25 पर रहा।
तेजी के साथ खुला शेयर बाजार
भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी 20 मार्च 2026, शुक्रवार को शुरुआती सत्र में तेजी देखने को मिल रही है। दोनों प्रमुख सूचकांक बीएससी सेंसेक्स और एनएससी निफ्टीसदोनों हरे निशान कारोबार करते दिखाई दे रहे हैं। आज शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 976.77 अंक उछलकर 75,184.01 पर और निफ्टी 301.7 अंक बढ़कर 23,303.85 पर पहुंच गया। इसकी वजह कच्चे तेल की कीमतों में आई थोड़ी नरमी थी।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से टाटा स्टील, भारतीय स्टेट बैंक, टेक महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, पावर ग्रिड और NTPC सबसे ज़्यादा मुनाफा कमाने वाली कंपनियों में शामिल थीं। HDFC बैंक एकमात्र ऐसी कंपनी रही जिसमें गिरावट देखने को मिली।
समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ
यह भी पढ़ें: ईरान युद्ध के बाद किन देशों में कितने बढ़े पेट्रोल के दाम, भारत में एक रुपया भी नहीं बढ़ी कीमत
यह भी पढ़ें: HDFC Bank के शेयरों में बड़ी गिरावट… ₹1 लाख करोड़ मार्केट कैप हुआ कम
