अमेरिकी सरकार ने टीसीएस समेत आठ आईटी कंपनियों को विदेशी कर्मचारियों के लिए स्थायी लेबर सर्टिफिकेशन (PERM) प्रक्रिया से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। इस प्रक्रिया के तहत अमेरिका में रोजगार के आधार पर ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन किया जाता है। इस फैसले पर टीसीएस ने शुक्रवार को कहा कि इससे कंपनी की भर्ती योजना और ग्राहकों के साथ कामकाज पर असर पड़ने की उम्मीद नहीं है।

कंपनी के मुताबिक, पिछले दो साल में उसने PERM प्रक्रिया के तहत ग्रीन कार्ड के लिए बहुत कम आवेदन किए हैं। टीसीएस ने कहा कि अमेरिका में उसकी भर्ती रणनीति स्थानीय प्रतिभाओं को नौकरी देने पर केंद्रित है।

टीसीएस समेत आठ कंपनियों पर कार्रवाई

अमेरिका ने गुरुवार को टीसीएस, इंफोसिस, विप्रो, कॉग्निजेंट और माइक्रोसॉफ्ट समेत आठ आईटी कंपनियों को PERM प्रक्रिया से निलंबित किया। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि इस प्रक्रिया के दुरुपयोग से अमेरिकी नागरिकों के रोजगार के अवसर प्रभावित हुए हैं।

टीसीएस ने अपने बयान में कहा, “पिछले दो साल में हमारे PERM आवेदन एक अंक में थे। इसलिए हमें उम्मीद नहीं है कि इस कार्यक्रम के निलंबन से हमारी भर्ती रणनीति और ग्राहकों के साथ कामकाज पर कोई असर पड़ेगा।”

कंपनी ने कहा कि वह अमेरिकी लेबर डिपार्टमेंट के किसी भी निर्देश का पालन करेगी। साथ ही, उसने इस बात पर जोर दिया कि उसकी वर्कफोर्स स्ट्रैटेजी मज़बूत कैंपस रिक्रूटमेंट मॉडल के जरिए लोकल टैलेंट को हायर करने पर आधारित है।

यह भी पढ़ें: विदेशी निवेश को लेकर भारत की नई तैयारी, पुराने बीआईटी की जगह नए समझौतों पर जोर; साल के अंत तक 4-5 डील की उम्मीद

समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, कंपनी ने कहा, “हमने परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन प्रोग्राम (PERM) पर US सरकार की घोषणा पर ध्यान दिया है और टीसीएस लेबर डिपार्टमेंट के किसी भी निर्देश का पालन करेगी। अमेरिका में हमारी वर्कफोर्स स्ट्रैटेजी लोकल टैलेंट को हायर करने पर आधारित है, जिसे मज़बूत कैंपस रिक्रूटमेंट मॉडल का सपोर्ट मिलता है।” कंपनी ने यह भी बताया कि उसने देश भर में 31 ऑफिस और डिलीवरी सेंटरों में बड़ी संख्या में लोकल वर्कफोर्स तैयार की है।

जैसा कि पहले घोषणा की गई थी, टीसीएस ने कहा कि वह अपनी लोकल वर्कफोर्स को और बढ़ाने के लिए अगले पांच सालों में अमेरिका में 15,000 और लोगों को हायर करने की योजना बना रही है।

PERM कार्रवाई पर नैसकॉम ने क्या कहा?

अमेरिका द्वारा प्रमुख भारतीय कंपनियों समेत आठ टेक फर्मों को एक अहम ग्रीन कार्ड प्रोग्राम से सस्पेंड किए जाने के बाद, इंडस्ट्री बॉडी नैसकॉम (Nasscom) ने कहा कि इमिग्रेशन और स्किल्ड टैलेंट की मोबिलिटी “दो अलग-अलग मुद्दे” हैं जिन्हें एक ही नज़रिए से नहीं देखा जाना चाहिए।

यह ताजा कार्रवाई अमेरिका में भारतीय आईटी कंपनियों के लिए बढ़ती चुनौतियों के बीच हुई है, जिनमें वर्क वीजा की कड़ी जांच और H-1B आवेदकों के लिए ज़्यादा लागत जैसी चुनौतियां शामिल हैं। 300 अरब डॉलर की भारतीय आईटी इंडस्ट्री के सबसे बड़े बाजार, अमेरिका में हुई ताजा घटनाक्रम से उन टेक आउटसोर्सिंग कंपनियों के लिए अनिश्चितता बढ़ गई है जो कुशल पेशेवरों के सीमा-पार आवागमन पर निर्भर हैं।

नैसकॉम ने एक बयान में कहा कि इस फैसले का असर इमिग्रेशन (प्रवास) के एक खास रास्ते पर पड़ता है, लेकिन उसका हमेशा से यह मानना ​​रहा है कि इन दोनों मुद्दों को अलग-अलग रखा जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें: स्टारलिंक को लेकर इलॉन मस्क के आरोपों पर केंद्र का जवाब, कहा- ‘भेदभाव के दावे बेबुनियाद’

एसोसिएशन ने कहा, “अमेरिकी श्रम विभाग ने… अमेरिका में काम कर रही भारतीय टेक्नोलॉजी कंपनियों समेत कुछ IT कंपनियों के लिए ‘परमानेंट लेबर सर्टिफ़िकेशन’ (PERM) प्रोग्राम के तहत नए आवेदन दाखिल करने पर अस्थायी रोक की घोषणा की है। हालांकि इस फ़ैसले का असर इमिग्रेशन के एक खास रास्ते पर पड़ता है, लेकिन नैसकॉम का हमेशा से यह मानना ​​रहा है कि इमिग्रेशन और कुशल टैलेंट की आवाजाही दो अलग-अलग मुद्दे हैं और उन्हें एक ही नज़रिए से नहीं देखा जाना चाहिए।”

इंडस्ट्री बॉडी ने इस बात पर ज़ोर दिया कि H-1B वीज़ा प्रोग्राम ने ऐतिहासिक रूप से अमेरिका में अल्पकालिक स्किल गैप (कौशल की कमी) को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और आगे भी अल्पकालिक टैलेंट गैप को दूर करने के लिए इसका इस्तेमाल होता रहेगा।

नैसकॉम के बयान के अनुसार, “हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में भारतीय टेक्नोलॉजी कंपनियों ने H-1B वीजा पर अपनी निर्भरता काफी कम कर दी है, साथ ही स्थानीय स्तर पर भर्तियां बढ़ाई हैं और अमेरिका में एक मज़बूत घरेलू वर्कफोर्स तैयार किया है।”

नैसकॉम ने कहा कि ये कंपनियां अमेरिका की ज्यादातर ‘फ़ॉर्च्यून 500’ कंपनियों के साथ काम करती हैं, जिससे उन्हें इनोवेशन करने, विकास करने और ज़्यादा स्थानीय नौकरियां पैदा करने में मदद मिलती है।

नैसकॉम ने कहा, “नतीजतन, PERM प्रक्रिया के ज़रिए H-1B वीजा से स्थायी निवास (परमानेंट रेज़िडेंसी) में बदलने वाले कर्मचारियों की संख्या भी अपेक्षाकृत सीमित है।”

इंडस्ट्री एसोसिएशन ने कहा कि भारतीय टेक्नोलॉजी कंपनियां 80 से ज्यादा देशों में काम करती हैं और उन्होंने स्थानीय कानूनों और नियामक जरूरतों का पालन करने के प्रति हमेशा अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है। साथ ही, एसोसिएशन ने भरोसा जताया कि कंपनियां अमेरिका में भी लागू नियमों का पालन करती रहेंगी।

अमेरिका की इस कार्रवाई की घोषणा उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस, श्रम सचिव कीथ सोंडरलिंग और अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने ‘यूएस एंटी-फ़्रॉड टास्क फ़ोर्स’ के तहत की गई सख्ती के हिस्से के तौर पर की। लेबर सेक्रेटरी कीथ सोंडरलिंग ने कहा, “मैं दुनिया की कुछ सबसे बड़ी IT आउटसोर्सिंग कंपनियों – कॉग्निजेंट, इंफोसिस, टाटा, विप्रो, HCL और कैपजेमिनी – को ‘परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन प्रोग्राम’ से सस्पेंड कर रहा हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि लेबर डिपार्टमेंट कई एक्टिव फ़ेडरल जांचों की वजह से माइक्रोसॉफ्ट और एडोब को भी इस प्रोग्राम से सस्पेंड कर रहा है।

सोंडरलिंग ने कहा कि लेबर डिपार्टमेंट इन कंपनियों से जुड़े परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन के लिए कोई नया आवेदन स्वीकार नहीं करेगा और न ही किसी पेंडिंग आवेदन पर आगे की कार्रवाई करेगा।

यह भी पढ़ें: टाटा की IT कंपनी ने पेश किए दूसरी तिमाही के नतीजे

टाटा ग्रुप की दिग्गज आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी ने 8 अक्टूबर को सितंबर तिमाही के वित्तीय नतीजे पेश किए। इस दौरान TCS का नेट प्रॉफिट बढ़कर 13,884 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

हालांकि, कंपनी के रेवेन्यू और ऑपरेटिंग मार्जिन के आंकड़े बाजार के अनुमान से कुछ कमजोर रहे। तिमाही नतीजों के साथ TCS ने शेयरधारकों के लिए 12 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…