Retail Inflation: सितंबर महीने में खुदरा महंगाई दर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, खुदरा महंगाई दर अगस्त में 4.83 फीसदी थी, जो सितंबर में बढ़कर 5.54 फीसदी हो गई। महंगाई दर में इस बढ़ोतरी से आम लोगों के घरेलू बजट पर दबाव बढ़ने की चिंता भी बढ़ गई है।

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के लिए खुदरा महंगाई दर को 2 से 6 फीसदी के दायरे में रखते हुए 4 फीसदी पर बनाए रखना तय लक्ष्य है। हालांकि, सितंबर में महंगाई दर लगातार चौथे महीने 4 फीसदी के स्तर से ऊपर रही। ऐसे में महंगाई पर काबू पाना केंद्रीय बैंक के लिए अहम बना हुआ है।

इस बीच, रिजर्व बैंक ने पिछले सप्ताह नीतिगत रेपो दर में 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी कर इसे 5.5 फीसदी कर दिया था। केंद्रीय बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 की अलग-अलग तिमाहियों के लिए महंगाई दर का अनुमान भी जारी किया है।

इसके मुताबिक, जुलाई-सितंबर तिमाही में महंगाई औसतन 4.9 फीसदी, अक्टूबर-दिसंबर में 6 फीसदी, जनवरी-मार्च 2027 में 5.7 फीसदी और अप्रैल-जून 2027 में 5.6 फीसदी रहने की उम्मीद है।

खाद्य महंगाई भी बढ़ी

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) द्वारा सोमवार (12 अक्टूबर) को जारी आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में खाद्य महंगाई पिछले महीने के 5.97% से बढ़कर 7.74% हो गई। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) पर आधारित, 2024 को आधार वर्ष मानते हुए नई श्रृंखला के तहत महंगाई लगातार नए उच्च स्तर पर पहुंच रही है।

रॉयटर्स के मुताबिक, ऑक्सफोर्ड इकोनॉमिक्स, लंदन की लीड इकोनॉमिस्ट अलेक्जेंड्रा हरमन प्रसाद ने कहा, “आज के आंकड़े ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की संभावना को मजबूत करते हैं। आरबीआई ने पिछले हफ्ते साफ तौर पर दिखाया कि वह तेजी से अपना रुख बदलने को तैयार है क्योंकि महंगाई (और महंगाई बढ़ने का जोखिम) लगातार बढ़ रहा है, भले ही कुल मिलाकर बुनियादी मांग का दबाव अभी भी कम है। लेकिन हेडलाइन महंगाई साफ तौर पर बढ़ रही है और कीमतों पर दबाव बढ़ने के सबूत भी मिल रहे हैं, इसलिए हमें उम्मीद है कि दिसंबर और फरवरी में 25-25 बेसिस पॉइंट की दो और बढ़ोतरी होगी।”

सिंगापुर के डीबीएस बैंक की सीनियर इकोनॉमिस्ट राधिका राव के मुताबिक “सामान्य से कम बारिश, आयातित कीमतों के दबाव और ईंधन से जुड़ी चीजो की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण कई सेक्टरों में खाने-पीने की चीजों की महंगाई तेजी से बढ़ी। ईंधन की ज्यादा कीमतों का असर गैर-खाद्य चीजों पर भी पड़ने की संभावना है। कोर महंगाई का आंकड़ा सेंट्रल बैंक की इस राय से मेल खाता है कि कीमतों से जुड़ा जोखिम अब मामूली नहीं रहा। हेडलाइन महंगाई के ऊंचे आंकड़ों को देखते हुए, हमें उम्मीद है कि RBI दिसंबर 2026 में एक और बार ब्याज दरें बढ़ाने का विकल्प खुला रखेगा।”

यह भी पढ़ें: 5000 रुपये के बजट में शुरू करें ये 5 बिजनेस

त्योहारों का सीजन पास आते ही बाजारों में खरीदारों की रौनक बढ़ने लगती है। लोग कपड़े, मिठाई और घर के सामान के साथ-साथ कई छोटी-छोटी चीजों और सेवाओं पर भी खर्च करते हैं। यही वजह है कि त्योहारों के दौरान कुछ छोटे कामों की मांग अचानक बढ़ जाती है।

अगर आप भी इस मौके का फायदा उठाकर अपना काम शुरू करना चाहते हैं, तो इसके लिए बड़ी रकम की जरूरत नहीं है। करीब 5000 रुपये में भी कुछ ऐसे बिजनेस शुरू किए जा सकते हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…