रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सैटेलाइट इंटरनेट के कारोबार में इलॉन मस्क की कंपनी स्टारलिंक समेत दूसरी कंपनियों से मुकाबले का स्वागत किया है। कंपनी का कहना है कि इस क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए। स्टारलिंक को भारत में लॉन्च करने में देरी को लेकर मस्क के आरोपों पर रिलायंस की ओर से यह पहला आधिकारिक बयान है।
दरअसल, इलॉन मस्क ने आरोप लगाया था कि कुछ ताकतवर उद्योगपतियों की वजह से भारत में स्टारलिंक की शुरुआत में देरी हुई। उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी को लेकर भी सवाल उठाया था कि क्या वह “भारत के असली बॉस” हैं। अब रिलायंस ने इन आरोपों के बीच प्रतिस्पर्धा को लेकर अपना रुख साफ किया है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने जारी किया बयान
शुक्रवार सुबह जारी एक बयान में रिलायंस इंडस्ट्रीज ने कहा, “रिलायंस और भारतीय बाजार को लेकर हाल ही में की गई टिप्पणियों के संदर्भ में हम तथ्यों को सामने रखना चाहते हैं। हर भारतीय कंपनी की तरह रिलायंस भी ऐसे भारत में आगे बढ़ी है जो निवेश और इनोवेशन का स्वागत करता है चाहे वह देश का हो या विदेश का और जो लोगों के जीवन को बेहतर बनाता है। यह खुलापन कानून के शासन (rule of law) पर टिका है। जैसा कि भारत सरकार ने स्पष्ट किया है, वह हर आवेदक के लिए चाहे वह भारतीय हो या विदेशी एक जैसी प्रक्रिया अपनाती है। जियो की अपनी सैटेलाइट सेवाओं को भी अभी मंजूरियों का इंतजार है।”
कंपनी ने कहा, “रिलायंस में हमने कभी प्रतिस्पर्धा से परहेज नहीं किया। हम इसे इस बात की सबसे बड़ी परीक्षा मानते हैं कि कौन ग्राहकों को सबसे अच्छी सेवा देता है। जियो खुद 2016 में भारत के बेहद प्रतिस्पर्धी टेलीकॉम बाजार में एक नई कंपनी के तौर पर उतरी थी, तब हमारे पास एक भी ग्राहक नहीं था। महज दस वर्षों में, जियो ने 530 मिलियन से अधिक ग्राहकों का भरोसा जीता है और भारतीयों को दुनिया का बेहतरीन डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और सबसे सस्ता डेटा उपलब्ध कराया है।”
समूह ने आगे कहा, “हम सैटेलाइट कम्युनिकेशन के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा का स्वागत करते हैं, जिसमें स्टारलिंक भी शामिल है। जियो सहित सभी कंपनियों को भारत के लोगों की सेवा करनी होगी और देश के कानूनों व नीतियों का पालन करना होगा।”
स्टारलिंक उन ऑपरेटरों में से एक है, जिन्हें देश में सैटेलाइट कम्युनिकेशन (satcom) सेवाएं शुरू करने के लिए GMPCS (ग्लोबल मोबाइल पर्सनल कम्युनिकेशन बाय सैटेलाइट) लाइसेंस और अन्य जरूरी कानूनी मंजूरियां मिल चुकी हैं। अन्य कंपनियों में भारती समर्थित यूटेलसैट वनवेब (Eutelsat OneWeb) और जियो प्लेटफॉर्म्स की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी ‘जियो सैटेलाइट कम्युनिकेशंस लिमिटेड’ शामिल हैं।
जेफ बेजोस की कंपनी ‘अमेजन लियो’ भी लाइसेंस पाने की दौड़ में है। पिछले हफ्ते, मस्क ने सोशल मीडिया पर देश में स्टारलिंक को रोकने के लिए “कुछ खास रसूखदार लोगों” (ओलिगार्क्स) को जिम्मेदार ठहराया और इसे “भारत के लोगों के खिलाफ एक अपराध” बताया।
केंद्र सरकार ने कहा है कि सैटकॉम (सैटेलाइट कम्युनिकेशन) सेवाओं के लिए आवेदन गृह मंत्रालय के पास सुरक्षा मंजूरी के लिए लंबित हैं। सरकार का कहना है कि सैटकॉम सेवाओं के लिए देश का रेगुलेटरी फ्रेमवर्क निष्पक्ष है और इसमें किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाता है।
संचार मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “सरकार ने सैटेलाइट कम्युनिकेशन सेवाओं सहित सभी दूरसंचार सेवाओं के लिए एक निष्पक्ष और भेदभाव-रहित ऑथराइजेशन फ्रेमवर्क बनाया है… लाइसेंस की शर्तों के तहत, हर लाइसेंसधारी को सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करना होता है… ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि दी जाने वाली सेवाएं सभी सुरक्षा जरूरतों को पूरा करती हैं और सभी उपयोगकर्ताओं तथा उनके डेटा की सुरक्षा बनी रहे।” मंत्रालय ने अपने बयान में मस्क का नाम नहीं लिया।
मंत्रालय ने आगे कहा, “इस प्रक्रिया के तहत तीनों लाइसेंसधारियों के लिए सुरक्षा मूल्यांकन (सिक्योरिटी असेसमेंट) चल रहा है। जैसे ही किसी लाइसेंसधारी इकाई के लिए यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, वह स्पेक्ट्रम आवंटन के अगले चरण की ओर बढ़ सकेगी। फिलहाल, तीनों इकाइयां रेगुलेटरी प्रक्रिया के लगभग एक ही चरण में हैं। इसलिए, यह कहना कि हमारा फ्रेमवर्क या उसे लागू करने का तरीका अनुचित या भेदभावपूर्ण है, पूरी तरह से बेबुनियाद और गलतफहमी पर आधारित है।”
भारती एयरटेल के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने बुधवार को कहा कि भारत में सैटेलाइट कम्युनिकेशन सेवाएं शुरू करने के लिए अंतिम मंजूरी पाने की दौड़ में उनका समूह स्टारलिंक से आगे है।
पिछले साल जुलाई में स्टारलिंक को वह रेगुलेटरी मंजूरी मिल गई थी, जिसे इंडस्ट्री के जानकारों ने भारत में सेवा शुरू करने के लिए जरूरी आखिरी मंजूरी बताया था। ‘इंडियन नेशनल स्पेस प्रमोशन एंड ऑथराइजेशन सेंटर’ (IN-SPACe) ने इस सैटकॉम कंपनी को उसके सैटेलाइट कॉन्स्टेलेशन (उपग्रह समूह) के लिए ऑथराइजेशन दिया था। इससे पहले कंपनी को दूरसंचार विभाग (DoT) से ऑपरेटर लाइसेंस मिला था, जिसके लिए उसने तीन साल पहले आवेदन किया था।
रेगुलेटरी मंजूरी मिलने के बावजूद, ऐसा माना जा रहा है कि सुरक्षा चिंताओं की वजह से सरकार ने अभी तक इन सेवाओं को औपचारिक रूप से शुरू करने की हरी झंडी नहीं दी है।
मुख्य चिंता यह है कि विदेशी सैटकॉम ऑपरेटर भारतीय गेटवे को दरकिनार करके अपनी सेवाएं दे सकते हैं, जिससे इन सेवाओं पर सरकार का नियंत्रण खत्म हो सकता है।
स्टारलिंक को अंतिम सुरक्षा मंजूरी मिलने में हो रही देरी ऐसे समय में हुई है जब रिलायंस जियो भारत में अपना खुद का लो-अर्थ सैटेलाइट नेटवर्क तैयार कर रहा है। कंपनी 1,600 से 1,650 सैटेलाइट वाले एक ऐसे नेटवर्क पर विचार कर रही है, जिसकी लागत लगभग 10 से 15 अरब डॉलर आ सकती है।
यह भी पढ़ें: ‘प्रिय पीएम अंबानी…’ भारत में स्टारलिंक की एंट्री में देरी पर फिर भड़के इलॉन मस्क
भारत में सैटेलाइट इंटरनेट (सैटकॉम) सेवाओं की शुरुआत को लेकर दुनिया के सबसे अमीर कारोबारियों में शामिल एलन मस्क और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के बीच विवाद बढ़ गया है। मस्क ने स्टारलिंक की भारत में व्यावसायिक सेवाएं शुरू होने में हो रही देरी पर नाराजगी जताई है। मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अंबानी को ‘प्रधानमंत्री अंबानी’ कहकर संबोधित किया था। यहां पढ़ें पूरी खबर…
