EMI Calculator: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बुधवार को रेपो रेट में 0.25% (25 बेसिस पॉइंट) की बढ़ोतरी कर दी है। इसके साथ ही रेपो रेट बढ़कर 5.50 फीसदी हो गया है। RBI के इस फैसले का असर बैंक लोन की ब्याज दरों पर पड़ सकता है। ऐसे में होम लोन लेने वाले लोगों की ईएमआई बढ़ सकती है और उन्हें हर महीने पहले से ज्यादा रकम चुकानी पड़ सकती है।
अगर आपने 50 लाख रुपये का होम लोन लिया हुआ है, तो आपके लिए यह जानना जरूरी है कि रेपो रेट बढ़ने के बाद ईएमआई पर कितना असर पड़ेगा। आइए आसान गणित से समझते हैं…
क्यों लिया यह फैसला?
दरअसल, खुदरा महंगाई दर अगस्त 2026 में 4.82% रही थी। ये लगातार तीसरा महीना था जब महंगाई रिजर्व बैंक के 4% लक्ष्य से ऊपर बनी हुई थी।खाद्य वस्तुओं और ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी के अलावा ये चिंता भी बढ़ रही थी कि महंगाई का दबाव अर्थव्यवस्था के दूसरे हिस्सों तक फैल सकता है। ऊंचे कच्चे तेल के दाम और ग्लोबल अनिश्चितता ने भी रिजर्व बैंक को सख्त रुख अपनाने के लिए मजबूर किया।
यह भी पढ़ें: Variable DA Hike: दिवाली से पहले श्रमिकों को राहत, बढ़ा न्यूनतम वेतन, जानें किसे कितना फायदा
50 लाख रुपये के होम लोन पर कितना बढ़ेगा खर्च?
आरबीआई के रेपो रेट बढ़ाने के बाद अगर बैंक भी होम लोन की ब्याज दर 0.25 फीसदी बढ़ाते हैं, तो ग्राहकों की ईएमआई बढ़ सकती है।
इसे एक उदाहरण से समझते हैं-
मान लीजिए आपने 50 लाख रुपये का होम लोन 25 साल के लिए 7.50 फीसदी ब्याज दर पर लिया है। इस दर पर आपकी ईएमआई करीब 36,950 रुपये होगी। अब अगर ब्याज दर 0.25 फीसदी बढ़कर 7.75 फीसदी हो जाती है, तो आपकी ईएमआई करीब 37,766 रुपये हो जाएगी। यानी हर महीने करीब 817 रुपये ज्यादा देने होंगे।
इस हिसाब से एक साल में आपकी ईएमआई का खर्च करीब 9,800 रुपये बढ़ जाएगा। वहीं, अगर पूरे 25 साल तक ब्याज दर 7.75 फीसदी ही रहती है और आप लोन की अवधि कम नहीं करते हैं, तो आपको पहले के मुकाबले करीब 2.45 लाख रुपये ज्यादा ब्याज देना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें: छोटे ऑनलाइन कारोबारियों के लिए बड़ी खबर, GST के नियम हो सकते हैं आसान
अब दूसरा उदाहरण लेते हैं। अगर आपने 50 लाख रुपये का होम लोन 20 साल के लिए 8 फीसदी ब्याज दर पर लिया है, तो आपकी ईएमआई करीब 41,822 रुपये होगी। ब्याज दर 0.25 फीसदी बढ़कर 8.25 फीसदी होने पर ईएमआई करीब 42,603 रुपये हो जाएगी। यानी इस मामले में भी आपको हर महीने करीब 781 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे।
नोट: रेपो रेट बढ़ने के तुरंत बाद हर ग्राहक की ईएमआई नहीं बढ़ती। बैंक की लोन रीसेट डेट के हिसाब से ब्याज दर में बदलाव लागू हो सकता है। कुछ मामलों में बैंक ईएमआई बढ़ाने के बजाय लोन की अवधि बढ़ा सकते हैं।
इस टेबल के जरिए समझें –
| होम लोन | अवधि | पुरानी ब्याज दर | नई ब्याज दर | पुरानी ईएमआई | नई ईएमआई | हर महीने बढ़ी ईएमआई |
| 50 लाख रुपये | 25 साल | 7.50% | 7.75% | 36,950 रुपये | 37,766 रुपये | 817 रुपये |
| 50 लाख रुपये | 20 साल | 8.00% | 8.25% | 41,822 रुपये | 42,603 रुपये | 781 रुपये |
25 साल वाले लोन में: सालाना EMI खर्च करीब 9,800 रुपये बढ़ेगा और पूरी अवधि में करीब 2.45 लाख रुपये अतिरिक्त ब्याज देना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें: RBI Repo Rate Hike: 3.5 साल बाद रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट का इजाफा
RBI Repo Rate Hike News: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बताया कि मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। इसके बाद रेपो रेट बढ़कर 5.50% हो गई है। यह फैसला पश्चिम एशिया में तनाव और महंगाई को लेकर चिंता के बीच लिया गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
