RBI Repo Rate Hike News: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बताया कि मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। इसके बाद रेपो रेट बढ़कर 5.50% हो गई है। यह फैसला पश्चिम एशिया में तनाव और महंगाई को लेकर चिंता के बीच लिया गया है।

RBI की तीन दिन की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक बुधवार (7 अक्टूबर 2026) खत्म हुई। बैठक के अंत में RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने ब्याज दरों से जुड़ा फैसला सुनाया। उन्होंने कहा, ”बदलती आर्थिक और वित्तीय स्थिति, हालिया घटनाक्रम और भविष्य के अनुमान की विस्तृत समीक्षा के बाद MPC ने सर्वसम्मति से LAF के तहत पॉलिसी रेपो रेट को 25 बेसिस पॉइंट बढ़ाकर 5.50% करने का फैसला किया है।”

इसके साथ ही SDF रेट 5.25% हो गई है जबकि मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी (MSF) रेट और बैंक रेट 5.75% हो गई है। रेपो रेट में बढ़ोतरी का असर धीरे-धीरे कर्ज लेने वालों, बचत करने वालों, कारोबार और वित्तीय बाजारों पर पड़ सकता है।

‘बढ़ती ऊर्जा और खाद्य कीमतों से दुनिया में महंगाई बढ़ रही’

RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि सितंबर में पश्चिम एशिया का संघर्ष फिर बढ़ने और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव से दुनियाभर के बाजारों पर दबाव बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था अभी मजबूत बनी हुई है। लेकिन इस साल इसकी रफ्तार पिछले साल के मुकाबले धीमी रहने का अनुमान है। ऊर्जा और खाने-पीने की चीजों की बढ़ती कीमतों से दुनिया में महंगाई तेजी से बढ़ सकती है। इसके चलते दुनिया के कई बड़े केंद्रीय बैंक ब्याज दरें बढ़ाने के लिए मजबूर हो सकते हैं।

मल्होत्रा ने कहा कि व्यापार को लेकर बनी अनिश्चितता, विकसित देशों में बॉन्ड की बढ़ती ब्याज दरें और डॉलर के मजबूत होने से वैश्विक वित्तीय बाजारों में चिंता बनी हुई है।

उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया में ब्याज दरों का और बढ़ना, AI कंपनियों के शेयरों की सही कीमत को लेकर अनिश्चितता और पश्चिम एशिया के संघर्ष का समाधान न होना वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बड़ी चुनौतियां हैं।

MPC के फैसले से पहले शेयर बाजार में गिरावट

बुधवार को शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। निवेशक RBI की मौद्रिक नीति समिति (MPC) के फैसले से पहले सतर्क नजर आए। बाजार में यह चिंता बनी हुई थी कि RBI ब्याज दर बढ़ा सकता है। निवेशक आर्थिक विकास और महंगाई को लेकर RBI के आकलन पर भी स्पष्टता का इंतजार कर रहे थे।

रेपो रेट बढ़ने से क्या बदलेगा?

रेपो रेट बढ़ने के बाद बैंकों के लिए RBI से पैसा लेना महंगा हो सकता है। इसका असर आगे चलकर होम लोन, कार लोन और दूसरे कर्ज की ब्याज दरों पर पड़ सकता है। वहीं, बचत और फिक्स्ड डिपॉजिट पर मिलने वाली ब्याज दरों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।

रेपो रेट क्या है?

आगे बढ़ने से पहले आसान भाषा में समझते हैं कि रेपो रेट क्या होती है। रेपो रेट वह ब्याज दर है जिस पर RBI सरकारी प्रतिभूतियों के बदले वाणिज्यिक बैंकों को पैसा उधार देता है।

जब रेपो रेट बढ़ती है, तो बैंकों के लिए RBI से पैसा लेना महंगा हो जाता है। इसका असर आगे चलकर ग्राहकों के लोन की ब्याज दरों पर पड़ सकता है। साथ ही, बैंक जमा यानी FD आदि पर मिलने वाली ब्याज दरों में भी बदलाव हो सकता है।

वैश्विक अस्थिरता और बढ़ती महंगाई बड़ी चिंता

RBI ने रेपो रेट ऐसे समय में बढ़ाया है जब अर्थव्यवस्था पर भू-राजनीतिक तनाव और बढ़ती कीमतों का दबाव है। समिति के फैसले पर असर डालने वाले प्रमुख कारणों में भू-राजनीतिक तनाव, बढ़ती उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) महंगाई और घरेलू खाद्य कीमतों में बढ़ोतरी शामिल हैं।

पश्चिम एशिया में लंबे समय से जारी संघर्ष और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर भी पड़ रहा है। इसके अलावा, लगातार बनी हुई खाद्य महंगाई ने खुदरा महंगाई को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।