दिवाली के पहले प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त को लेकर हाल ही में केंद्र सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। किसानों को फायदा पहुंचाने वाली इस योजना की 24वीं किस्त को शुक्रवार (30 अक्टूबर 2026) को रिलीज होगी। इस किस्त के तहत लाभार्थियों के बैंक अकाउंट में सीधे 2000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। हाल ही में पीएम किसान के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर किस्त की रिलीज की तारीख की जानकारी दी थी।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की अगली किस्त का इंतजार कर रहे किसानों को अपने बेनिफिशियरी स्टेटस और जरूरी दस्तावेजों की जांच कर लेनी चाहिए। अधिकारियों के मुताबिक, ई-केवाईसी अधूरी होने, बैंक खाते की जानकारी में गड़बड़ी या जमीन के रिकॉर्ड में कमी के कारण किस्त का पैसा अटक सकता है।

हर साल किसानों को मिलते हैं 6000 रुपये

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं में से एक है। इसके तहत पात्र किसान परिवारों को खेती से जुड़ी जरूरतों के लिए हर साल 6000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। यह रकम 2000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है।

यह योजना साल 2018 में शुरू की गई थी और 2019 में लागू हुई। 24वीं किस्त के तहत 9.34 करोड़ किसानों को कुल 18680 करोड़ रुपये दिए जाने की जानकारी दी गई है।

केंद्र सरकार ने जुलाई में इस योजना को वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दी थी। इसके लिए कुल 3.15 लाख करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। जून 2026 तक योजना की 23 किस्तों के जरिए किसानों के खातों में 4.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जा चुकी थी।

किस्त पाने के लिए ये तीन काम जरूरी

  1. 1.ई-केवाईसी जरूर पूरी करें
    पीएम किसान योजना के सभी पंजीकृत किसानों के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। किसान आधिकारिक वेबसाइट पर ओटीपी के जरिए ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं। इसके अलावा, नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन भी कराया जा सकता है।

2.आधार और बैंक खाते की जानकारी जांचें
किसानों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनका आधार बैंक खाते से जुड़ा हो और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया पूरी हो चुकी हो। बैंक खाते की जानकारी गलत होने या भुगतान से जुड़ी शर्तें पूरी न होने पर पैसा ट्रांसफर होने में परेशानी आ सकती है। जरूरत पड़ने पर बैंक शाखा से संपर्क करें।

3.जमीन के रिकॉर्ड का सत्यापन कराएं
पीएम किसान योजना का लाभ लेने के लिए जमीन के रिकॉर्ड का सत्यापन भी जरूरी है। किसान आधिकारिक रिकॉर्ड में अपनी जमीन से जुड़ी जानकारी और लैंड सीडिंग की स्थिति जांच लें। अगर रिकॉर्ड अधूरे हैं या उनमें कोई गलती है तो सुधार के लिए संबंधित कृषि विभाग के कार्यालय से संपर्क करें।

घर बैठे ऐसे चेक करें 24वीं किस्त का स्टेटस

किसान अपने मोबाइल या कंप्यूटर से पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लाभार्थी की स्थिति जांच सकते हैं।

  1. -सबसे पहले पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट [pmkisan.gov.in] वेबसाइट खोलें।
  2. -होमपेज पर Farmers Corner या किसानों के लिए उपलब्ध सेवाओं वाले सेक्शन में जाएं।
  3. -यहां ‘Know Your Status’ विकल्प चुनें। अगर ‘Beneficiary Status’ का विकल्प उपलब्ध है तो उसका भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
  4. -मांगी गई जानकारी, जैसे रजिस्ट्रेशन नंबर, दर्ज करें।
  5. -जरूरत पड़ने पर कैप्चा और ओटीपी वेरिफिकेशन पूरा करें।
  6. -स्क्रीन पर दिखाई देने वाली जानकारी में अपनी किस्त और पात्रता से जुड़ा स्टेटस देखें।

इसी पोर्टल पर किसान ई-केवाईसी और अन्य जरूरी जानकारियां भी जांच सकते हैं। अगर स्टेटस में कोई जानकारी अधूरी दिखाई दे तो संबंधित विभाग या नजदीकी CSC की मदद लें।

सिर्फ रजिस्ट्रेशन होने से नहीं आएगा पैसा

24वीं किस्त 30 अक्टूबर को जारी किए जाने की घोषणा के बावजूद योजना में रजिस्टर्ड हर किसान को पैसा मिलना तय नहीं है। किस्त का लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा जो योजना के नियमों के अनुसार पात्र हैं और जिनके जरूरी रिकॉर्ड का वेरिफिकेशन पूरा हो चुका है।

इसलिए किसानों को किस्त जारी होने की तारीख का इंतजार करने के बजाय पहले ही अपना स्टेटस जांच लेना चाहिए। योजना से जुड़ी सही और ताजा जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंक पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी शेयर ना करें।