Kotak Services Fund NFO Review : कोटक म्यूचुअल फंड ने सर्विस सेक्टर पर आधारित एक नई इक्विटी स्कीम कोटक सर्विसेज फंड लॉन्च करने का एलान किया है। यह न्यू फंड ऑफर (NFO) 4 फरवरी 2026 को खुलेगा और 18 फरवरी 2026 को बंद होगा। इस फंड का उद्देश्य उन कंपनियों में निवेश करना है, जो भारत की सर्विस आधारित अर्थव्यवस्था से जुड़ी हैं और लंबी अवधि के दौरान ग्रोथ की संभावना रखती हैं।
सर्विस सेक्टर पर क्यों बढ़ा फोकस
भारत की अर्थव्यवस्था में सर्विस सेक्टर का रोल काफी बड़ा है और लगातार बढ़ भी रहा है। देश के कुल ग्रॉस वैल्यू एडेड (GVA) में इसका कंट्रीब्यूशन करीब 55 प्रतिशत है और यह देश की लगभग 31.5 प्रतिशत आबादी को रोजगार देता है। कंज्यूमर सर्विसेज, टेलीकॉम, हेल्थकेयर, लॉजिस्टिक्स, फाइनेंशियल सर्विसेज, आईटी, पावर और ऑयल एंड गैस जैसे कई सेक्टर्स में लगातार ग्रोथ हो रही है। इन सेक्टर्स में डिमांड बढ़ने से सर्विस सेक्टर आधारित कंपनियों की कमाई और बिजनेस मॉडल का भी विस्तार होता है।
क्या होगी नए फंड की निवेश रणनीति
कोटक सर्विसेज फंड एक ओपन-एंडेड इक्विटी स्कीम होगी, जो सर्विस सेक्टर से जुड़ी कंपनियों में निवेश करेगी। फंड की रणनीति “ग्रोथ ऐट रीजनेबल प्राइस” यानी वाजिब कीमत पर ग्रोथ की संभावना में निवेश करने पर आधारित होगी। इसके साथ ही निवेश के लिए कंपनियों का सेलेक्शन “बॉटम-अप BMV फ्रेमवर्क” यानी बिजनेस, मैनेजमेंट और वैल्यू के आधार पर किया जाएगा।
इसका मतलब है कि फंड केवल सेक्टर देखकर निवेश नहीं करेगा, बल्कि यह भी देखेगा कि कंपनी का बिजनेस मॉडल कितना मजबूत है, मैनेजमेंट की क्वॉलिटी कैसी है और शेयर का वैल्यूएशन कितना वाजिब है।
किन कंपनियों में होगा निवेश
यह फंड स्मॉल कैप, मिड कैप और लार्ज कैप समेत हर सेगमेंट की कंपनियों में निवेश कर सकता है। खासतौर पर उन बिजनेस पर ध्यान दिया जाएगा जिनका कैश फ्लो मजबूत हो, जिनके पास अपने कारोबार को आगे बढ़ाने की क्षमता हो और जो लंबे समय में बेहतर रिटर्न देने की संभावना रखते हों। सर्विस सेक्टर में आने वाली कंपनियों की संख्या काफी बड़ी है, इसलिए फंड के पास अलग-अलग सब-सेक्टर में निवेश का विकल्प रहेगा। इससे एक ही इंडस्ट्रू पर निर्भर रहने का जोखिम कम होने की उम्मीद रहेगी।
सर्विस सेक्टर में उभरते मौकों पर नजर
कोटक महिंद्रा एसेट मैनेजमेंट कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर नीलेश शाह का मानना है कि “भारत की सर्विस इकॉनमी में एक स्ट्रक्चरल बदलाव आ रहा है और उनके कंजम्प्शन, ट्रांजैक्शन और ज़रूरी सर्विसेज तक पहुंचने के तरीके बदल रहे हैं। कोटक सर्विसेज फंड का मकसद एक ऐसा पोर्टफोलियो तैयार करना है जो भारत की सर्विस इकॉनमी में उभरते इन मौकों को भुनाकर निवेशकों को लॉन्ग-टर्म वैल्यू दे सके।”
कोटक सर्विसेज़ फंड के फंड मैनेजर रोहित टंडन का कहना है कि “कोटक सर्विसेज़ फंड का पोर्टफोलियो उन कंपनियों पर फोकस करेगा, जिन्होंने मार्जिन बनाए रखने, बिज़नेस मॉडल को अपग्रेड करने और समझदारी से पूंजी लगाने की अपनी क्षमता साबित की है।”
किन निवेशकों के लिए सही है ये फंड
इस स्कीम को उन निवेशकों के लिए बेहतर ऑप्शन माना जा सकता है, जो इक्विटी में लंबी अवधि के लिए निवेश करना चाहते हैं और सेक्टोरल फंड्स की समझ रखते हैं। खास तौर पर ऐसे निवेशक, जो भारत में सर्विस सेक्टर की ग्रोथ पर भरोसा करते हैं और अपने पोर्टफोलियो में इस थीम को शामिल करना चाहते हैं, वे इस विकल्प पर विचार कर सकते है।
Also read : Gold Silver ETF: एक साल में सिल्वर ने 152% तो गोल्ड फंड्स ने 76% दिया मुनाफा, कैसा रहा टॉप 5 स्कीम का रिटर्न
निवेश से पहले इन बातों पर ध्यान दें
चूंकि यह एक थीमैटिक फंड है और इसका फोकस केवल सर्विस सेक्टर पर रहेगा, इसलिए इसमें उतार-चढ़ाव का लेवल मल्टीकैप या फ्लेक्सीकैप फंड जैसे डायवर्सिफाइड फंड्स से ज्यादा हो सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि सेक्टर आधारित फंड्स का प्रदर्शन काफी हद तक उसी सेक्टर के परफॉर्मेंस पर टिका होता है। यानी अगर सर्विस सेक्टर में सुस्ती आती है तो इसका असर फंड के रिटर्न पर भी पड़ सकता है। इसलिए निवेश से पहले यह समझना जरूरी है कि यह फंड डायवर्सिफाइड इक्विटी फंड जैसा नहीं है, बल्कि एक खास थीम पर आधारित है। लिहाजा निवेश से जुड़ा कोई भी फैसला अपनी रिस्क उठाने की क्षमता, इनवेस्टमेंट होराइजन और सर्विस सेक्टर पर फोकस करने वाले पहले से मौजूद सेक्टोरल फंड्स पर विचार करने के बाद ही करना चाहिए। सेक्टोरल फंड्स में बिजनेस साइकल से जुड़े उतार-चढ़ाव ज्यादा होते हैं, इसलिए इनमें पैसे लगाने वालों को 7 साल या उससे ज्यादा समय के लिए निवेश करने की तैयारी रखनी चाहिए।
NFO की बड़ी बातें
- फंड का नाम: कोटक सर्विसेज फंड (Kotak Services Fund)
- स्कीम का टाइप : ओपन-एंडेड इक्विटी स्कीम
- सेक्टर फोकस : सर्विस सेक्टर
- NFO खुलने की तारीख: 4 फरवरी 2026
- NFO बंद होने की तारीख : 18 फरवरी 2026
- निवेश का दायरा : सर्विस सेक्टर से जुड़ी स्मॉल कैप, मिड कैप और लार्ज कैप कंपनियां
- निवेश रणनीति: ग्रोथ ऐट रीजनेबल प्राइस और बॉटम-अप BMV फ्रेमवर्क
- रिस्क लेवल : बहुत अधिक (Very High)
- एग्जिट लोड : अलॉटमेंट के 90 दिन के भीतर रिडीम, स्विच करने पर 0.5%, उसके बाद कुछ नहीं
- मिनिमम इनवेस्टमेंट : 1000 रुपये
- मिनिमम SIP : 500 रुपये
- फंड मैनेजर : रोहित टंडन (इक्विटी रिसर्च और फंड मैनेजमेंट में 19 साल का अनुभव), अभिषेक बिसेन (फिक्स्ड इनकम और डेट फंड मैनेजमेंट में 18 साल का अनुभव)
(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, किसी स्कीम में निवेश की सलाह देना नहीं। निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने के बाद और सेबी से मान्यताप्राप्त इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेकर ही करें।)
