Nobel Prize in Economics 2026: अर्थशास्त्र में 2026 का नोबेल पुरस्कार अमेरिकी अर्थशास्त्रियों रॉबर्ट ई. हॉल और माइकल वुडफोर्ड को दिया गया है। सोमवार को उनके नाम का ऐलान किया गया। दोनों को ऐसे आर्थिक मॉडल बनाने के लिए यह पुरस्कार मिला है, जिनसे सरकारों को अर्थव्यवस्था को संभालने और स्थिर रखने में मदद मिलती है।
उनकी रिसर्च बताती है कि सरकार और केंद्रीय बैंक अगर सही समय पर आर्थिक फैसले लें, तो अर्थव्यवस्था में होने वाले उतार-चढ़ाव को कम किया जा सकता है। इससे तेजी से बढ़ती महंगाई, आर्थिक सुस्ती और मंदी जैसी स्थितियों से निपटने में मदद मिल सकती है।
रॉबर्ट ई. हॉल कैलिफोर्निया की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से जुड़े हैं, जबकि माइकल वुडफोर्ड न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी से जुड़े हैं।
समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक, रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने स्टॉकहोम में अर्थशास्त्र के लिए नोबेल पुरस्कार के विजेताओं की घोषणा की। आर्थिक विज्ञान पुरस्कार समिति के प्रमुख जॉन हैसलर ने एक बयान में कहा, ”पुरस्कार विजेताओं के काम ने हमें उन मॉडल के लिए एक स्थिर सैद्धांतिक आधार दिया है, जिनका इस्तेमाल अब दुनिया भर के केंद्रीय बैंक और सरकारें करती हैं।”
हैसलर ने कहा, ”इनके काम से हम ऊर्जा संकट या घरेलू उपभोग में अचानक बदलाव जैसे आर्थिक झटकों से निपटने के लिए बेहतर ढंग से तैयार हैं।”
अर्थशास्त्र के इस पुरस्कार को आधिकारिक तौर पर ‘अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में आर्थिक विज्ञान के लिए स्वेरिजेस रिक्सबैंक पुरस्कार’ के नाम से जाना जाता है।
स्वीडन के केंद्रीय बैंक ने 1968 में इसकी स्थापना की थी। नोबेल पुरस्कार 19वीं सदी के स्वीडिश कारोबारी और रसायनशास्त्री अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में दिया जाता है। डायनामाइट के आविष्कारक नोबेल ने पांच नोबेल पुरस्कारों की स्थापना की थी। पिछले साल तीन शोधकर्ताओं को कारोबारी नवाचार के अध्ययन के लिए यह पुरस्कार दिया गया था।
उन्होंने बताया था कि किस तरह नए उत्पाद और नवाचार पुरानी कंपनियों को पीछे छोड़ते हुए आर्थिक वृद्धि एवं मानव कल्याण को बढ़ावा देते हैं। अर्थशास्त्र का पुरस्कार तकनीकी रूप से मूल पांच नोबेल पुरस्कारों में शामिल नहीं है, लेकिन इसे अन्य पुरस्कारों के साथ ही 10 दिसंबर को प्रदान किया जाता है।
पिछले सप्ताह चिकित्सा, भौतिकी, रसायन विज्ञान, साहित्य और शांति के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की गई थी। इस साल पुरस्कार राशि 1.2 करोड़ स्वीडिश क्रोनर (करीब 12 लाख अमेरिकी डॉलर) है। यह राशि किसी एक व्यक्ति, छोटे समूह या संगठन को पुरस्कार दिए जाने की स्थिति में भी समान रहती है।
यह भी पढ़ें: भारतीय मूल की नावी पिल्लई को नोबेल शांति पुरस्कार
भारतीय मूल की दक्षिण अफ्रीकी न्यायविद नवनथेम ‘नावी’ पिल्लई को वर्ष 2026 का नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया है। उन्हें यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय कानून और न्याय को मजबूत करने तथा युद्ध अपराधों, मानवता के खिलाफ अपराधों और नरसंहार के मामलों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के प्रयासों के लिए मिला है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
