NFO Review : JioBlackRock Sector Rotation Fund : जियो ब्लैकरॉक सेक्टर रोटेशन फंड एक नया इक्विटी म्यूचुअल फंड है, जिसमें सब्सक्रिप्शन 9 फरवरी 2026 तक खुला हुआ है। इस स्कीम को लॉन्च करने वाले फंड हाउस का दावा है कि यह एनएफओ बाकी सेक्टोरल फंड्स के मुकाबले अलग तरीके से निवेश करेगा। आम तौर पर सेक्टोरल फंड जहां किसी एक सेक्टर पर दांव लगाते हैं, वहीं यह फंड बदलते आर्थिक हालात के हिसाब से अलग-अलग सेक्टर्स में अपना निवेश घटाता-बढ़ाता रहेगा। सवाल यह है कि क्या यह तरीका निवेशकों के लिए वाकई फायदे का सौदा साबित हो सकता है और क्या आपको इसमें निवेश करना चाहिए? इस बारे में बात करने से पहले आइए इस फंड के कंसेप्ट को अच्छी तरह समझ लेते हैं।

सेक्टर रोटेशन फंड का मतलब

जियो ब्लैकरॉक सेक्टर रोटेशन फंड एक ऐसा इक्विटी फंड है, जो बाजार और अर्थव्यवस्था के साइकल को देखकर अलग-अलग सेक्टर्स में निवेश करेगा। मिसाल के तौर पर बैंकिंग या आईटी सेक्टर के मजबूत दिखने पर उसमें हिस्सेदारी बढ़ाई जाएगी और कमजोर दिख रहे सेक्टर्स से पैसे निकाले जाएंगे। इस रणनीति का मकसद हर दौर में बेहतर प्रदर्शन करने वाले सेक्टर्स में निवेश करके बेहतर रिटर्न हासिल करना है।

Also read : NFO Alert: फाइनेंशियल सर्विसेज पर फोकस करने वाली नई स्कीम लॉन्च, रिस्क फैक्टर समेत हर जरूरी जानकारी

सेक्टर रोटेशन का फायदा

पारंपरिक सेक्टोरल या थीमैटिक फंड लंबे समय तक एक ही सेक्टर में टिके रहते हैं। अगर वही सेक्टर कमजोर पड़ जाए तो नुकसान का खतरा बढ़ जाता है। लेकिन सेक्टर रोटेशन फंड में फ्लेक्सिबिलिटी होती है। लिहाजा फंड मैनेजर कमजोर दिख रहे सेक्टर्स से पैसे निकालकर मजबूत सेक्टर्स में निवेश कर सकते हैं। इससे उतार-चढ़ाव को संभालने में मदद मिल सकती है।

जियो ब्लैकरॉक फंड का SAE मॉडल क्या है

यह फंड ब्लैकरॉक के सिस्टमैटिक एक्टिव इक्विटीज (Systematic Active Equities – SAE) मॉडल पर आधारित है। इसमें सेक्टर सेलेक्शन के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, लार्ज डेटा और एनालिटिकल टूल्स का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए यह मॉडल मार्केट इंडिकेटर्स के साथ ही साथ सोशल मीडिया ट्रेंड्स और जॉब डेटा को जोड़कर तय करेगा कि किस सेक्टर में कितना निवेश करना है। फंड हाउस के मुताबिक यह फंड स्टॉक सेलेक्शन से ज्यादा सही सेक्टर चुनने पर ध्यान देगा और रिटर्न के मामले में निफ्टी 500 इंडेक्स को पीछे छोड़ने की कोशिश करेगा।

Also read : Budget 2026 : बजट में EPF, NPS और FD से जुड़े नियमों में होंगे बड़े बदलाव? SBI रिसर्च ने दिए अहम सुझाव

फ्लेक्सी कैप फंड से कैसे अलग है ये स्कीम?

फ्लेक्सी कैप फंड (Flexi Cap Fund) आमतौर पर अपनी बॉटम-अप (bottom-up) रणनीति के तहत स्टॉक सेलेक्शन पर ज्यादा ध्यान देते हैं, फिर चाहे वे लार्जकैप हों या स्मॉलकैप। इसके उलट, जियो ब्लैकरॉक सेक्टर रोटेशन फंड टॉप-डाउन सेक्टर आधारित (top-down sector-driven) रणनीति अपनाता है। यानी पहले यह देखा जाता है कि कौन सा सेक्टर मजबूत है और फिर उसी सेक्टर में निवेश के लिए कंपनियों का सेलेक्शन किया जाता है। 

फंड मैनेजर और इनवेस्टमेंट फिलॉसफी

इस फंड के मैनेजर तन्वी कचेरीया और साहिल चौधरी होंगे। जियो ब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर (CIO) ऋषि कोहली के अनुसार, “पिछले दस साल में सेक्टर लीडरशिप बार-बार बदली है और इसका अनुमान लगाना मुश्किल रहा है। कंजम्प्शन पैटर्न, तकनीकी बदलाव, जियो-पोलिटिकल फैक्टर्स और सप्लाई चेन में लगातार बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में यह फंड सेक्टर वेटेज को समय-समय पर बदलकर निवेशकों को इन बदलावों से फायदा उठाने का मौका देगा।”

Also read : Budget 2026 : स्टॉक मार्केट को बजट से क्या हैं उम्मीदें? कैपिटल गेन, STT में राहत समेत बड़ी मांगें

किन निवेशकों के लिए सही हो सकती है ये स्कीम?

यह स्कीम उन निवेशकों के लिए है जो लॉन्ग टर्म में कैपिटल एप्रीसिएशन के लिए सेक्टर रोटेशन थीम के तहत इक्विटी में निवेश करना चाहते हैं। इक्विटी फंड होने की वजह से इसमें जोखिम का स्तर ज्यादा होगा। इस स्कीम में कम से कम 5 से 7 साल के नजरिए से निवेश करना चाहिए, ताकि मार्केट साइकल का संभावित फायदा सामने आ सके। 

निवेश से पहले इन बातों को समझ लें

म्यूचुअल फंड एनएफओ में निवेश तभी करना चाहिए जब वह स्कीम कुछ नया और अलग ऑफर कर रही हो। सेक्टर रोटेशन फंड की कंसेप्ट अभी नई है, लिहाजा अभी बाजार में ऐसे बहुत कम फंड हैं। पिछले साल लॉन्च हुए ऐसे दो फंड्स का प्रदर्शन अब तक निगेटिव रहा है। इसलिए केवल नई रणनीति के नाम पर निवेश करना रिस्की हो सकता है। आम निवेशकों को लॉन्ग टर्म इक्विटी इनवेस्टमेंट के लिए फ्लेक्सीकैप, मल्टीकैप या लार्ज एंड मिडकैप जैसे डायवर्सिफाइड फंड्स पर गौर करना चाहिए। अगर सेक्टर रोटेशन फंड जैसी नई थीम में पैसे लगाने भी हों, तो इन्हें अपने कुल पोर्टफोलियो में 5% के आसपास जगह देना बेहतर हो सकता है।

Also read : Budget 2026: म्यूचुअल फंड निवेशकों को मिलेगी राहत? LTCG पर टैक्स छूट बढ़ाकर 2 लाख करने की मांग

NFO की मुख्य बातें

  • फंड का नाम: JioBlackRock Sector Rotation Fund
  • NFO की अवधि: 27 जनवरी 2026 से 9 फरवरी 2026
  • बेंचमार्क इंडेक्स : निफ्टी 500 इंडेक्स TRI
  • निवेश की रणनीति: सेक्टर आधारित निवेश, जिसमें AI और डेटा एनालिटिक्स की मदद से सेक्टर वेटेज बदला जाएगा.
  • स्कीम का उद्देश्य: बदलते मार्केट साइकल में लीड कर रहे सेक्टर में निवेश का लाभ लेना
  • कम से कम निवेश (Minimum Investment): 500 रुपये और उसके बाद 1 रुपये के मल्टीपल में.
  • एग्जिट लोड (Exit Load): आवंटन की तारीख से 30 दिनों के भीतर एग्जिट करने पर 0.5%, उसके बाद कुछ नहीं.
  • फंड मैनेजर (Fund Manager): तन्वी कचेरीया और साहिल चौधरी.

(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, किसी स्कीम में निवेश की सलाह देना नहीं. निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने के बाद और सेबी से मान्यताप्राप्त इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेकर ही करें.)