SBI Mutual Fund New Fund Offer : देश के सबसे बड़े फंड हाउस एसबीआई म्यूचुअल फंड ने मिडकैप सेगमेंट पर आधारित एक नया एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) लॉन्च किया है। एसबीआई निफ्टी मिडकैप 150 मोमेंटम 50 ईटीएफ (SBI Nifty Midcap150 Momentum 50 ETF) के नाम से लॉन्च की गई यह स्कीम ऐसे मिडकैप स्टॉक्स में निवेश करेगी, जिनमें हाल के महीनों में हाई मोमेंटम यानी मजबूत तेजी देखने को मिली है। इस नए फंड ऑफर (NFO) में सब्सक्रिप्शन 17 फरवरी 2026 को खुल गया है और 24 फरवरी 2026 तक खुला रहेगा। लेकिन इस नई स्कीम में निवेश से जुड़ा कोई भी फैसला करने से पहले इसके बारे में पूरी जानकारी हासिल करना जरूरी है।
मोमेंटम आधारित इंडेक्स का मतलब
यह ETF निफ्टी मिडकैप 150 मोमेंटम 50 इंडेक्स (Nifty Midcap 150 Momentum 50 Index) को ट्रैक करेगा। इस इंडेक्स में Nifty Midcap 150 इंडेक्स के भीतर से 50 ऐसे शेयर चुने जाते हैं, जिनका “नॉर्मलाइज्ड मोमेंटम स्कोर” हाई होता है। यह स्कोर किसी कंपनी के 6 महीने और 12 महीने के रिटर्न के आधार पर तय किया जाता है और उसमें उतार-चढ़ाव (वोलैटिलिटी) का असर भी जोड़ा जाता है।
शेयरों का वेटेज उनके मोमेंटम स्कोर और फ्री-फ्लोट मार्केट कैपिटलाइजेशन के कॉम्बिनेशन से तय होता है। यानी इस इंडेक्स में शामिल करते समय केवल स्टॉक्स की तेजी ही नहीं, बल्कि कंपनी के साइज को भी ध्यान में रखा जाता है।
निवेश का उद्देश्य और रणनीति
इस स्कीम का मकसद इंडेक्स में शामिल शेयर्स के कुल रिटर्न के लगभग बराबर रिटर्न देना है। हालांकि इक्विटी फंड्स में निवेश पर रिटर्न की कोई गारंटी नहीं होती। इसलिए पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता कि स्कीम का लक्ष्य पूरी तरह हासिल हो ही जाएगा। यह फंड अपने कुल एसेट्स का कम से कम 95 फीसदी और मैक्सिमम 100 फीसदी हिस्सा इसी इंडेक्स के शेयरों में लगाएगा। बाकी 5 फीसदी तक रकम सरकारी बॉन्ड, ट्रेजरी बिल या लिक्विड म्यूचुअल फंड यूनिट्स में लगाई जा सकती है।
NFO के दौरान मिनिमम इनवेस्टमेंट 5,000 रुपये रखा गया है। इसके बाद 1 रुपये के मल्टीपल में निवेश किया जा सकता है। सिस्टमैटिक इनवेस्टमेंट प्लान यानी SIP का ऑप्शन भी मौजूद है, जिसमें डेली से लेकर सालाना SIP तक की सुविधा दी गई है। ईटीएफ होने की वजह से इस स्कीम में कोई एग्जिट लोड (Exit Load) लागू नहीं है।
फंड हाउस और मैनेजमेंट
इस स्कीम को पेश करने वाला फंड हाउस एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट (SBI Funds Management Limited) स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (State Bank of India) और यूरोप की बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी एमंडी (Amundi) का जॉइंट वेंचर है। दिसंबर 2025 तक SBI म्यूचुअल फंड का औसत एसेट अंडर मैनेजमेंट करीब 12.5 लाख करोड़ रुपये था। इस ETF के फंड मैनेजर विरल छडवा होंगे, जो पहले से ही SBI म्यूचुअल फंड के कई इंडेक्स फंड और ETF को संभाल रहे हैं।
मिडकैप स्टॉक्स में मोमेंटम आधारित निवेश का मौका
SBI फंड्स मैनेजमेंट के एमडी और सीईओ नंद किशोर के अनुसार, “यह ETF निवेशकों को मिडकैप सेगमेंट में निवेश के मोमेंटम आधारित मौके मुहैया कराएगा और एक अनुशासित एवं पारदर्शी तरीके से पोर्टफोलियो डायवर्सिफिकेशन में मदद करेगा।” कंपनी के डिप्टी एमडी और जॉइंट सीईओ डी. पी. सिंह का कहना है कि “निवेश की मोमेंटम स्ट्रैटजी उन शेयरों को पहचानने की कोशिश करती है, जिनमें लगातार अच्छा प्रदर्शन दिखता है। यह इंडेक्स मिडकैप सेगमेंट में इस एप्रोच को रूल बेस्ड प्रॉसेस के जरिये लागू करके निवेश का एक नया विकल्प उपलब्ध कराएगा।”
Also read : हर भारतीय औसतन 51,000 रुपये देता है टैक्स? संसद में इस सवाल का सरकार ने क्या दिया जवाब
रिस्क फैक्टर पर नजर
मिड कैप स्टॉक्स को हाई रिटर्न, हाई रिस्क इनवेस्टमेंट माना जाता है। इस नई स्कीम में निवेश की रणनीति मिडकैप और मोमेंटम दोनों फैक्टर पर आधारित होगी, इसलिए इसमें उतार-चढ़ाव का जोखिम ज्यादा रहेगा। मिडकैप शेयर आम तौर पर लार्ज कैप स्टॉक्स की तुलना में ज्यादा अस्थिर हो सकते हैं। साथ ही, मोमेंटम स्ट्रैटजी में तेजी वाले शेयर अचानक कमजोर भी पड़ सकते हैं। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए स्कीम को रिस्कोमीटर पर “बहुत अधिक जोखिम” (Very High Risk) की रेटिंग दी गई है। जाहिर है कि इस नई स्कीम में उन्हीं निवेशकों को गौर करना चाहिए जो इक्विटी में पैसे लगाना चाहते हैं और मिड कैप स्टॉक्स से जुड़ा हाई रिस्क लेने की क्षमता रखते हैं। यह भी ध्यान रहे कि ऐसी स्कीम में निवेश हमेशा लंबी अवधि के लिए करना चाहिए। शॉर्ट टर्म निवेश का इरादा रखने वालों के लिए इससे दूर रहना ही बेहतर है।
Also read : टॉप 5 मिडकैप फंड ने 5 साल में दिया 24% तक सालाना रिटर्न, 10 हजार मंथली SIP से कितने जुटे पैसे
NFO की बड़ी बातें (Scheme Highlights)
- स्कीम का नाम: SBI Nifty Midcap 150 Momentum 50 ETF
- NFO की अवधि: 17 फरवरी 2026 से 24 फरवरी 2026
- बेंचमार्क इंडेक्स : Nifty Midcap 150 Momentum 50
- स्कीम टाइप : ओपन-एंडेड ETF
- कम से कम निवेश: 5,000 रुपये
- एग्जिट लोड : कुछ नहीं
- रिस्क लेवल : बहुत अधिक (Very High)
- फंड मैनेजर : विरल छडवा
(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, किसी स्कीम में निवेश की सलाह देना नहीं। निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने के बाद और सेबी रजिस्टर्ड इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेकर ही करें।)
