Netflix Layoffs: नेटफ्लिक्स में बड़े पैमाने पर छंटनी होने जा रही है। कंपनी अपने करीब 1,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल रही है। कुल कर्मचारियों के मुकाबले यह संख्या करीब 6% है। साल 2022 के बाद यह पहली बार है, जब कंपनी इतने बड़े स्तर पर छंटनी कर रही है।
रॉयटर्स के मुताबिक, कंपनी के सह-CEO ग्रेग पीटर्स और टेड सारंडोस ने बुधवार को कर्मचारियों को ईमेल भेजकर इसकी जानकारी दी। छंटनी का असर मुख्य रूप से प्रोडक्ट, टेक्नोलॉजी, लीगल और HR टीमों पर पड़ेगा। नेटफ्लिक्स को दर्शकों को अपने साथ जोड़े रखने के लिए यूट्यूब और दूसरी स्ट्रीमिंग कंपनियों से कड़ी टक्कर मिल रही है।
नेटफ्लिक्स के शेयरों में इस साल अब तक लगभग 25% की गिरावट आई है, लेकिन बुधवार को इनमें 0.7% की तेजी देखी गई। पिछले साल के अंत में कंपनी के पास लगभग 16,000 कर्मचारी थे।
इस साल स्ट्रीमिंग की इस दिग्गज कंपनी की विकास दर को बनाए रखने की क्षमता पर सवाल उठ रहे हैं। नेटफ्लिक्स ने पहले अमेरिकी मीडिया इंडस्ट्री में तेजी से विकास करके केबल टीवी बिजनेस पर भारी दबाव डाल दिया था।
निवेशकों के लिए ‘एंगेजमेंट’ एक बड़ी चिंता का विषय बन गया है। यूट्यूब और टिकटॉक जैसे प्लेटफॉर्म यूज़र्स द्वारा बनाए गए मुफ्त कंटेंट के जरिए दर्शकों को अपनी ओर खींच रहे हैं, जिससे उन्हें नेटफ्लिक्स के मुकाबले लागत के मामले में फायदा मिल रहा है।
इस साल की शुरुआत में वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी की स्ट्रीमिंग और स्टूडियो संपत्तियों को खरीदने की नेटफ्लिक्स की कोशिश नाकाम रही, जिससे कंपनी की रणनीति पर और भी सवाल खड़े हो गए।
पैरामाउंट ने इस महीने की शुरुआत में वार्नर ब्रदर्स का 110 अरब डॉलर में अधिग्रहण पूरा कर लिया है, जिससे ‘स्काईडांस’ (Skydance) का गठन हुआ है।
ईमार्केटर (eMarketer) के सीनियर एनालिस्ट रॉस बेनेस ने कहा, “वे कमाई का कोई दूसरा बड़ा जरिया नहीं ढूंढ पाए हैं। कंपनी अभी भी अपने सब्सक्रिप्शन मॉडल पर निर्भर है, जो अब अपनी अधिकतम सीमा के करीब पहुंच रहा है।”
“चूंकि वे इस मॉडल में अपनी अधिकतम सीमा के करीब पहुंच रहे हैं, इसलिए उन्हें कमाई के अन्य स्रोतों की जरूरत होगी ताकि वे अपने बिजनेस में विविधता ला सकें और यहीं पर उन्हें सबसे ज्यादा संघर्ष करना पड़ रहा है।”
नेटफ्लिक्स अपने सब्सक्रिप्शन बिजनेस के दायरे से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा है। इसके लिए वह ‘ऐड-सपोर्टेड टियर’, लाइव प्रोग्रामिंग और गेमिंग में निवेश कर रहा है।
कंपनी में कर्मचारियों की छंटनी का पिछला बड़ा दौर 2022 में आया था। उस समय, एक दशक से भी ज्यादा समय में पहली बार सब्सक्राइबर्स की संख्या घटने के बाद, कंपनी ने दो चरणों में लगभग 450 नौकरियां खत्म कर दी थीं। बुधवार को जारी हुए इस मेमो के बारे में सबसे पहले ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने रिपोर्ट दी थी।
यह भी पढ़ें: अमेजन में फिर छंटनी, लगभग 1000 नौकरियों पर संकट
ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन में एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी की खबर सामने आई है। कंपनी ने बुधवार को इसकी पुष्टि की है। इस बार कंपनी के एक अहम कारोबार से जुड़े कर्मचारियों पर इसका असर पड़ा है। खास बात यह है कि छंटनी का असर भारत में काम करने वाले कर्मचारियों पर भी पड़ा है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
