ATF Price Cut: केंद्र सरकार ने घरेलू एयरलाइंस को बड़ी राहत देते हुए एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमत 5 रुपये प्रति लीटर घटा दी है। नई दर लागू होने के बाद ATF की प्रभावी कीमत 110 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जिससे एयरलाइंस की परिचालन लागत कम होने की उम्मीद है।
एक्सपोर्ट ड्यूटी में बदलाव
वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को दो नोटिफिकेशन जारी किए, जिनमें 1 जुलाई से शुरू होने वाले दो हफ़्तों के लिए फ्यूल एक्सपोर्ट पर लागू स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी को अपडेट किया गया। पेट्रोल पर एक्सपोर्ट ड्यूटी 4 रुपये प्रति लीटर तय की गई है, जबकि डीजल पर यह 8.5 रुपये प्रति लीटर होगी। दोनों तरह के फ्यूल पर रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर सेस शून्य रहेगा यानी एक्सपोर्ट लेवी में सिर्फ SAED ही शामिल होगा।
एक अलग नोटिफिकेशन में ATF एक्सपोर्ट पर SAED 7.5 रुपये प्रति लीटर तय किया गया। ये तीनों दरें 1 जुलाई से लागू हो गईं।
यह बदलाव उस समीक्षा प्रक्रिया का हिस्सा है जिसे सरकार ने 27 मार्च को शुरू किया था। इसका मकसद वेस्ट एशिया में चल रहे संकट के बीच एक्सपोर्ट को कम करना और घरेलू स्तर पर फ्यूल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
पिछली समीक्षा 16 जून को हुई थी; उसके बाद से कच्चे तेल, पेट्रोल, डीजल और ATF की औसत अंतरराष्ट्रीय कीमतों के आधार पर हर दो हफ्ते में दरों की दोबारा समीक्षा की जाती है।
छूट वाली लिस्ट का दायरा बढ़ा
केंद्र ने दरों में बदलाव के साथ-साथ एक्सपोर्ट ड्यूटी से छूट पाने वाले देशों की लिस्ट का दायरा भी बढ़ा दिया है। पब्लिक सेक्टर की ऑयल कंपनियों द्वारा नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और श्रीलंका को किए जाने वाले पेट्रोल, डीजल और ATF के एक्सपोर्ट पर पहले से ही छूट थी। अब इस लिस्ट में मॉरिशस और मालदीव को भी शामिल कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें: पेट्रोल-डीजल 5 रुपये तक सस्ता
नायरा एनर्जी ने पेट्रोल-डीजल के दाम घटा दिए हैं। आम लोगों को राहत देते हुए नायरा एनर्जी ने अपने 7000 पंपों पर नई दरें बुधवार (1 जुलाई 2026) से लागू कर दी हैं। नायरा पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है। गौर करने वाली बात है कि अभी अन्य तेल कंपनियां IOC, HPCL, BPCL ने पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर रखे हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…
